return to news
  1. Budget Session 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, महाकुंभ हादसे पर जताया शोक

बिजनेस न्यूज़

Budget Session 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, महाकुंभ हादसे पर जताया शोक

Upstox

3 min read | अपडेटेड January 31, 2025, 12:49 IST

Twitter Page
Linkedin Page
Whatsapp Page

सारांश

Budget Session 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बजट सत्र की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए की। उन्होंने मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में जान गंवाने वालों के प्रति शोक भी व्यक्त किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं के लिए उठाए गए सरकार के कदमों का जिक्र किया (तस्वीर: PTI)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं के लिए उठाए गए सरकार के कदमों का जिक्र किया (तस्वीर: PTI)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को बजट सत्र की शुरुआत अपने अभिभाषण के साथ की। उन्होंने लोक सभा और राज्य सभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और आगे के लिए सरकारी योजनाओं के केंद्र-बिंदु क्या होंगे, इस पर भी रोशनी डाली।

राष्ट्रपति मुर्मू ने अपना भाषण शुरू करने के पहले दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में हुई भगदड़ में मारे गए लोगों पर भी शोक व्यक्त किया।

डॉ. अंबेडकर को नमन के साथ शुरुआत

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि दो महीने पहले भारत ने संविधान को अपनाने के 75 साल पूरे किए हैं। उन्होंने देशवासियों की ओर से बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान कमिटी में शामिल लोगों को नमन किया। भारत के संविधान को 26 नवंबर, 1949 को पूरा कर लिया गया था और इसके कुछ प्रावधान इसी दिन लागू हो गए थे। इसके बाद 26 जनवरी, 1950 को देश का संविधान पूरी तरह लागू हो गया था।

गिनाईं सरकारी उपलब्धियां

देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने आदिवासी समाज के 5 करोड़ लोगों के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया है। इसके अलावा ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ संशोधन बिल की ओर भी कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार का खास ध्यान युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर पैदा करने पर है। राष्ट्रपति मुर्मू ने खेल से लेकर अंतरिक्ष तक, युवाओं की भूमिका की प्रशंसा की और बताया कि आर्टिफिशल इंटेलिजेंस और टेक्नॉलजी के क्षेत्र में हम दुनिया को रास्ता दिखा रहे हैं। इसके लिए इंडिया AI मिशन भी शुरू किया गया है।

इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 साल से ज्यादा के 60 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को भी स्वास्थ्य बीमा पहुंचाने का फैसला किया गया है। सरकार मध्यमवर्गीय परिवारों के अपना घर बनाने के सपने को पूरा करने की ओर भी प्रतिबद्ध है।

महिला शक्ति पर जताया गर्व

महिलाओं के लिए चलाई गई ‘लखपति दीदी’ योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के नेतृत्व में देश के विकास में विश्वास करती है और इस योजना के जरिए 3 करोड़ लखपति दीदी तैयार करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए गर्व का विषय है कि बड़ी संख्या में महिलाएं फाइटर जेट उड़ा रही हैं, पुलिस में शामिल हैं और कॉर्पोरेट्स को भी लीड कर रही हैं, ओलिंपिक मेडल ला रही हैं।

डिजिटल क्षेत्र में आगे बढ़ रहा देश

राष्ट्रपति मुर्मू ने MSMEs के लिए क्रेडिट गारंटी स्कीम और ई-कॉमर्स निर्यात हब्स के जरिए अलग-अलग व्यापारों को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने बताया कि आज भारत डिजिटल टेक्नॉलजी के क्षेत्र में बड़ा लीडर है और दुनिया के विकसित देश भी हमारे UPI ट्रांजैक्शन सिस्टम से प्रभावित हैं। भारत में डिजिटल टेक्नॉलजी का इस्तेमाल सामाजिक न्याय और समानता के लिए किया जा रहा है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख