return to news
  1. जुलाई के CPI-IW आंकड़े जारी, सरकारी कर्मचारियों के DA पर इसका क्या हो सकता है असर?

पर्सनल फाइनेंस

जुलाई के CPI-IW आंकड़े जारी, सरकारी कर्मचारियों के DA पर इसका क्या हो सकता है असर?

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड September 01, 2026, 18:29 IST

सारांश

जुलाई 2026 में CPI-IW 1.3 अंक बढ़कर 153.2 हो गया। जून में यह 151.9 अंक था। Labour Bureau ने 31 अगस्त 2026 को जुलाई का आंकड़ा जारी किया है। CPI-IW में यह बढ़ोतरी बताती है कि औद्योगिक कर्मचारियों के लिए इस्तेमाल होने वाली कई चीजों और सेवाओं की कीमतों में जुलाई के दौरान बढ़ोतरी हुई है।

DA Hike

जुलाई 2026 में CPI-IW पर आधारित सालाना महंगाई दर 4.57% रही।

सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) से जुड़ा एक अहम आंकड़ा सामने आया है। जुलाई 2026 में औद्योगिक कर्मचारियों के लिए कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी CPI-IW बढ़ा है। यह इंडेक्स खास तौर पर इंडस्ट्रियल वर्कर्स की महंगाई को मापता है। यह इंडेक्स सरकारी कर्मचारियों के DA और पेंशनर्स के DR की गणना के लिए अहम माना जाता है। जुलाई 2026 में CPI-IW 1.3 अंक बढ़कर 153.2 हो गया। जून में यह 151.9 अंक था। Labour Bureau ने 31 अगस्त 2026 को जुलाई का आंकड़ा जारी किया है। CPI-IW में यह बढ़ोतरी बताती है कि औद्योगिक कर्मचारियों के लिए इस्तेमाल होने वाली कई चीजों और सेवाओं की कीमतों में जुलाई के दौरान बढ़ोतरी हुई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सालाना महंगाई भी 4.57% पर

जुलाई 2026 में CPI-IW पर आधारित सालाना महंगाई दर 4.57% रही। जून में यह 4.76% थी। यानी महीने-दर-महीने महंगाई दर थोड़ी कम हुई है, लेकिन जुलाई 2025 के 2.66% के मुकाबले यह अभी काफी ज्यादा है। यानी पिछले साल जुलाई की तुलना में औद्योगिक कर्मचारियों के लिए इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं और सेवाओं की कीमतों में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। यह आंकड़ा देश के 317 बाजारों और 88 औद्योगिक केंद्रों से जुटाई गई कीमतों के आधार पर तैयार किया गया है।

किन चीजों के दाम बढ़े?

जुलाई में लगभग सभी प्रमुख ग्रुप के इंडेक्स में बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी Housing में दिखी, जिसका इंडेक्स जून के 140.6 से बढ़कर जुलाई में 143.0 हो गया। इसके अलावा Food & Beverages का इंडेक्स 157.1 से बढ़कर 158.9 और Fuel & Light 159.2 से बढ़कर 159.9 हो गया। Clothing & Footwear भी 157.6 से बढ़कर 158.0 हुआ।

DA पर क्या होगा असर?

CPI-IW का आंकड़ा केंद्रीय कर्मचारियों के DA और पेंशनर्स के DR के लिए बेहद अहम है। DA को साल में दो बार संशोधित किया जाता है। यह बढ़ोतरी आमतौर पर 1 जनवरी और 1 जुलाई से प्रभावी होती है। जनवरी 2027 से लागू होने वाले अगले DA रिविजन के लिए जुलाई से दिसंबर 2026 तक के 6 महीनों के CPI-IW आंकड़े अहम होंगे। जुलाई का यह नया आंकड़ा इस 6 महीने की गणना का पहला कदम है।

क्या DA में बड़ी बढ़ोतरी तय है?

अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि जनवरी 2027 में DA कितने प्रतिशत बढ़ेगा। इसकी गणना के लिए संबंधित अवधि के 6 महीनों के CPI-IW आंकड़ों को देखा जाता है। इसलिए दिसंबर 2026 तक के आंकड़े आने के बाद ही अगली DA बढ़ोतरी की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी। जुलाई का आंकड़ा DA बढ़ोतरी के लिहाज से सकारात्मक संकेत दे रहा है। अगर आने वाले महीनों में भी इंडेक्स ऊंचा बना रहता है, तो जनवरी 2027 में कर्मचारियों और पेंशनर्स को DA/DR में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद हो सकती है।

अभी कितना है DA

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में आखिरी आधिकारिक बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी की गई थी, जिसमें 2% की वृद्धि मंजूर की गई थी। इस बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% हो गया है। DA में साल में दो बार (जनवरी और जुलाई) संशोधन होता है। 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होने वाली अगली बढ़ोतरी की घोषणा सरकार द्वारा सितंबर या अक्टूबर 2026 में की जा सकती है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यह फैसला पूरी तरह सरकार पर निर्भर है।)

अगला लेख