पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड September 04, 2026, 13:45 IST
सारांश
अगर आपका भी पीएफ क्लेम बार-बार अटक रहा है या अंडर प्रोसेस दिख रहा है, तो इसकी बड़ी वजह ई-नॉमिनेशन का पूरा न होना हो सकती है। आप अपने स्मार्टफोन या लैपटॉप से सिर्फ 5 मिनट में ई-नॉमिनेशन पूरा कर सकते हैं।

पीएफ खाते में घर बैठे मोबाइल से ई-नॉमिनेशन अपडेट करने का आसान तरीका।
अगर आपने भी अपने पीएफ खाते से पैसा निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम फॉर्म भरा है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी बैंक खाते में पैसा नहीं आया है, तो आप अकेले नहीं हैं। हर महीने देश के लाखों नौकरीपेशा लोग इस तरह की समस्या का सामना करते हैं। कभी क्लेम रिजेक्ट हो जाता है तो कभी हफ्ते-हफ्ते भर स्टेटस 'अंडर प्रोसेस' ही दिखाई देता है। अगर आपके खाते में नॉमिनी की डीटेल अपडेट नहीं है या पुरानी है, तो आपका क्लेम अटक सकता है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको EPFO के दफ्तर जाने या किसी के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। आप अपने स्मार्टफोन या लैपटॉप से घर बैठे सिर्फ 5 मिनट में अपना नॉमिनी अपडेट कर सकते हैं।
हर महीने आपकी सैलरी से कटने वाला पीएफ का पैसा आपके और आपके परिवार के फ्यूचर की सुरक्षा के लिए होता है। नौकरी की शुरुआत के बाद जिंदगी में कई बदलाव आते हैं, जैसे शादी होना, बच्चे होना या परिवार में नए सदस्य का जुड़ना। अगर आपकी शादी हो चुकी है, लेकिन पीएफ खाते में अभी भी आपके माता-पिता का नाम दर्ज है, या फिर आपने अब तक किसी को नॉमिनी बनाया ही नहीं है, तो सिस्टम आपके क्लेम को रोक सकता है। किसी अनहोनी के समय भी परिवार को पीएफ और पेंशन का पैसा मिलने में महीनों चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसीलिए अपने पीएफ अकाउंट में नॉमिनी की जानकारी को हमेशा अपडेट रखना बहुत जरूरी माना जाता है।
घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप से नॉमिनी अपडेट करने के लिए सबसे पहले अपने ब्राउजर में EPFO सर्च करें। इसके बाद मेंबर यूनिफाइड पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां अपना 12 अंकों का यूएएन नंबर, पासवर्ड और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड डालकर लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद आपके सामने आपका पर्सनल डैशबोर्ड खुल जाएगा।
डैशबोर्ड खुलने के बाद ऊपर दिए गए मेन्यू बार में आपको मैनेज टैब दिखेगा, उस पर क्लिक करें। ड्रॉप-डाउन लिस्ट में से ई-नॉमिनेशन वाले विकल्प को चुनें। इसके बाद स्क्रीन पर 'हेविंग फैमिली' का सवाल आएगा, वहां यस पर क्लिक करें। अब अपने नॉमिनी की सभी जानकारी भरें, जैसे उनका आधार नंबर, नाम, जन्मतिथि और आपके साथ रिश्ता, जैसे पत्नी, बेटा, बेटी, माता या पिता। इसके बाद नॉमिनी का पूरा पता दर्ज करें और उनकी पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करें। अगर आप एक से ज्यादा लोगों को नॉमिनी बनाना चाहते हैं, तो एड रो पर क्लिक करके दूसरे सदस्य की जानकारी भी जोड़ सकते हैं। सभी डिटेल भरने के बाद सेव फैमिली डिटेल्स पर क्लिक करें।
अगले स्टेप में आपको तय करना होगा कि आप किस नॉमिनी को अपने पीएफ का कितना हिस्सा देना चाहते हैं। टोटल अमाउंट ऑफ शेयर वाले कॉलम में% दर्ज करें। अगर केवल एक नॉमिनी है तो वहां 100% लिखें। अगर दो नॉमिनी हैं तो आप अपनी मर्जी से 50-50% या 60-40% जैसा बंटवारा कर सकते हैं। इसके बाद सेव ईपीएफ ई-नॉमिनेशन पर क्लिक कर दें। अब आपको स्क्रीन पर ई-साइन पेंडिंग लिखा हुआ दिखाई देगा। इसके पास बने ई-साइन के छोटे आइकन पर क्लिक करें। अपना आधार नंबर डालें और सेंड ओटीपी पर क्लिक करें। आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, उसे भरकर सबमिट कर दें।
ओटीपी सबमिट होते ही स्क्रीन पर नॉमिनेशन सक्सेसफुल का मैसेज आ जाएगा। सूत्रों के मुताबिक ई-नॉमिनेशन पूरा होते ही आपका पीएफ अकाउंट पूरी तरह अपडेट हो जाता है। इसके बाद जब भी आप विड्रॉल या एडवांस क्लेम डालेंगे, तो सिस्टम आपका फॉर्म तुरंत प्रोसेस कर देगा और पैसा बिना किसी रुकावट के सीधे आपके बैंक खाते में आ जाएगा। इसीलिए आज ही अपना पीएफ अकाउंट चेक करके नॉमिनी अपडेट कर लें।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख