return to news
  1. Ayushman Bharat के 8 साल पूरे, 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को ₹5 लाख तक का हेल्थ कवर, समझिए फायदे

पर्सनल फाइनेंस

Ayushman Bharat के 8 साल पूरे, 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को ₹5 लाख तक का हेल्थ कवर, समझिए फायदे

Upstox

3 min read | अपडेटेड September 23, 2026, 13:25 IST

सारांश

AB-PMJAY के तहत पात्र परिवारों को सेकेंडरी और टर्शियरी हेल्थकेयर के लिए हर साल प्रति परिवार ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिलता है। यानी योजना के तहत आने वाले अस्पताल में इलाज के समय मरीज को पूरी रकम अपनी जेब से देने की जरूरत नहीं होती।

Ayushman Bharat

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 21 सितंबर तक 48.51 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके थे।

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) को शुरू हुए 8 साल पूरे हो गए हैं। 23 सितंबर 2018 को शुरू हुई इस योजना के तहत सरकार के मुताबिक अब 60 करोड़ से ज्यादा लोगों को हर साल ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है। इसका मकसद बड़े अस्पताल के इलाज पर होने वाले भारी खर्च से पात्र परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देना है। यहां इस योजना के बारे में पूरी जानकारी दी गई है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या है आयुष्मान भारत योजना?

AB-PMJAY के तहत पात्र परिवारों को सेकेंडरी और टर्शियरी हेल्थकेयर के लिए हर साल प्रति परिवार ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिलता है। यानी योजना के तहत आने वाले अस्पताल में इलाज के समय मरीज को पूरी रकम अपनी जेब से देने की जरूरत नहीं होती। यह सुविधा सरकार से जुड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। हालांकि, यह योजना हर भारतीय परिवार के लिए सामान्य हेल्थ इंश्योरेंस की तरह उपलब्ध नहीं है। इसका लाभ सरकार की ओर से तय पात्रता और लाभार्थी मानदंड के आधार पर मिलता है।

48.51 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बने

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 21 सितंबर तक 48.51 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके थे। वहीं, 31 अगस्त तक योजना के तहत 13.25 करोड़ से ज्यादा अस्पताल में भर्ती होने के मामलों के लिए फंड जारी किया गया। इन इलाजों पर कुल ₹2.03 लाख करोड़ की राशि खर्च की गई।

इन सेवाओं के लिए देशभर में 38,000 से ज्यादा सरकारी और निजी अस्पताल योजना के तहत सूचीबद्ध हैं। इसका मतलब है कि पात्र लाभार्थियों को देश के अलग-अलग हिस्सों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिल सकती है।

मेडिकल खर्च का बोझ कम करने पर जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान भारत के 8 साल पूरे होने पर कहा कि अब 60 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को ₹5 लाख का सालाना हेल्थ कवर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि योजना से मेडिकल खर्च में बड़ी बचत हुई है और इसका फायदा गरीब और मध्यम वर्ग को मिला है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी बताया कि 60 करोड़ से ज्यादा लोग योजना के दायरे में हैं और 13 करोड़ से ज्यादा लोगों ने इसके तहत इलाज का लाभ लिया है।

आयुष्मान भारत सिर्फ अस्पताल के इलाज तक सीमित नहीं

आयुष्मान भारत कार्यक्रम में केवल AB-PMJAY ही शामिल नहीं है। इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी चलाए जा रहे हैं, जहां लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाता है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, इन केंद्रों पर अब तक 500 करोड़ से ज्यादा विजिट दर्ज की जा चुकी हैं।

इसके अलावा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन भी इस व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा हैं। सरकार का कहना है कि आयुष्मान भारत का उद्देश्य इलाज के बड़े खर्च से सुरक्षा देने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के करीब पहुंचाना भी है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख