मार्केट न्यूज़

5 min read | अपडेटेड September 10, 2026, 08:51 IST
सारांश
Veegaland Developers को केरल की पहली लिस्टेड प्योर-प्ले रेजिडेंशियल डेवलपर कंपनी के तौर पर पेश किया जा रहा है। इससे उन निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है जो शेयर बाजार के जरिए केरल के रेजिडेंशियल रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश का एक्सपोजर चाहते हैं।

Veegaland Developers IPO: कंपनी की ग्रोथ मजबूत दिख रही है, लेकिन IPO में कुछ बड़े जोखिम भी हैं।
केरल की रियल एस्टेट डेवलपर कंपनी Veegaland Developers का IPO आज 10 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। इस इश्यू के जरिए कंपनी 210 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। निवेशकों के पास इसमें 15 सितंबर तक निवेश का मौका रहेगा। इसके लिए 130-140 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है। यह कंपनी मुख्य रूप से केरल में फ्लैट्स और अपार्टमेंट्स बनाती और बेचती है। अगर आप इसमें निवेश का मन बना रहे हैं तो पहले रिस्क क्या है ये समझना जरूरी है।
Veegaland Developers के IPO के तहत 210 करोड़ रुपये के 1.50 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए कोई बिक्री नहीं होगी। सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 16 सितंबर को किया जाएगा। वहीं, BSE और NSE पर लिस्टिंग की संभावित तारीख 18 सितंबर तय की गई है।
Veegaland Developers के IPO के लिए लॉट साइज 107 शेयरों का है। अपर प्राइस बैंड पर एक रिटेल निवेशक को इस आईपीओ में कम से कम 14,980 रुपये का निवेश करना होगा। क्युमुलेटिव कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है और MUFG इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड इश्यू का रजिस्ट्रार है।
Veegaland Developers IPO में कुछ ऐसे फैक्टर हैं जो निवेशकों को आकर्षित कर सकते हैं। कंपनी का रेवेन्यू FY24 में ₹110.77 करोड़ था, जो FY26 में बढ़कर करीब ₹254 करोड़ हो गया। इसी दौरान कंपनी का PAT ₹7.87 करोड़ से बढ़कर ₹26.61 करोड़ हो गया। कंपनी को Kochouseph Chittilappilly और V-Guard Group से जुड़े प्रमोटर बैकग्राउंड का फायदा मिलता है। केरल में V-Guard की मजबूत ब्रांड पहचान कंपनी के लिए सकारात्मक हो सकती है।
Veegaland Developers का मुख्य फोकस केरल के रेजिडेंशियल रियल एस्टेट बाजार पर है। किसी एक क्षेत्र पर फोकस करने से कंपनी को स्थानीय बाजार, ग्राहकों की जरूरत और प्रॉपर्टी की मांग को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिल सकती है। कंपनी खास तौर पर मिड-प्रीमियम से लेकर अल्ट्रा-लक्जरी रेजिडेंशियल सेगमेंट में काम करती है।
कंपनी का प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने का रिकॉर्ड अच्छा है। इसके अलावा, प्रोजेक्ट्स की बिक्री भी अच्छी रही है। कंपनी की मजबूत प्रोजेक्ट पाइपलाइन और केरल के रियल एस्टेट मार्केट में ग्रोथ की संभावना लंबे समय में मदद कर सकती है। Veegaland Developers को केरल की पहली लिस्टेड प्योर-प्ले रेजिडेंशियल डेवलपर कंपनी के तौर पर पेश किया जा रहा है। इससे उन निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है जो शेयर बाजार के जरिए केरल के रेजिडेंशियल रियल एस्टेट सेक्टर में निवेश का एक्सपोजर चाहते हैं।
कंपनी की ग्रोथ मजबूत दिख रही है, लेकिन IPO में कुछ बड़े जोखिम भी हैं। सबसे बड़ा जोखिम यह है कि कंपनी का 100% रेवेन्यू केरल से आता है। ऐसे में राज्य में आर्थिक सुस्ती, नियमों में बदलाव, किसी प्राकृतिक आपदा या अन्य बड़ी समस्या का कंपनी के कारोबार पर ज्यादा असर पड़ सकता है।
FY26 में कंपनी का ऑपरेटिंग कैश फ्लो करीब ₹74.26 करोड़ निगेटिव रहा। रियल एस्टेट कंपनियों में निर्माण पर पहले पैसा खर्च होने और बाद में ग्राहकों से भुगतान मिलने के कारण ऐसा हो सकता है। फिर भी IPO निवेशकों के लिए यह अहम संकेतक है। आने वाले समय में देखना होगा कि प्रोजेक्ट पूरे होने और कलेक्शन बढ़ने के साथ कैश फ्लो में सुधार होता है या नहीं।
FY26 में कंपनी के करीब 44.92% ऑपरेटिंग खर्च थर्ड-पार्टी कॉन्ट्रैक्टर्स को किए गए भुगतान से जुड़े थे। इससे कंपनी को कॉन्ट्रैक्टर की उपलब्धता, काम की गुणवत्ता, प्रोजेक्ट में देरी और लागत बढ़ने जैसे जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है।
IPO से मिलने वाली रकम का एक हिस्सा ऐसी जमीन खरीदने के लिए रखा गया है जिसकी अभी पहचान नहीं हुई है। इससे कंपनी को भविष्य में विस्तार करने की सुविधा मिलेगी, लेकिन असली फायदा इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनी अच्छी जमीन कितनी उचित कीमत पर खरीदती है और उस पर सफलतापूर्वक प्रोजेक्ट विकसित कर पाती है या नहीं। रियल एस्टेट सेक्टर में मांग ब्याज दरों, रोजगार और आर्थिक स्थिति से प्रभावित होती है। अगर होम लोन की ब्याज दरें तेजी से बढ़ती हैं या अर्थव्यवस्था में सुस्ती आती है, तो घरों की मांग, बिक्री की रफ्तार और प्रॉपर्टी से मिलने वाले रिटर्न पर दबाव पड़ सकता है।
वीगालैंड डेवलपर्स 'वीगालैंड होम्स' ब्रांड नाम के तहत केरल में रेजिडेंशियल अपार्टमेंट प्रोजेक्ट बनाती है। कंपनी ने 2011 में रियल एस्टेट का काम शुरू करने के बाद से 10 प्रोजेक्ट पूरे किए हैं। अभी इसके 12 प्रोजेक्ट चल रहे हैं जिनका बिक्री योग्य एरिया 18.57 लाख स्क्वायर फीट है। इसके साथ ही तीन आने वाले प्रोजेक्ट हैं जिनका बिक्री योग्य एरिया 4.62 लाख स्क्वायर फीट है। वीगालैंड डेवलपर्स की टोटल इनकम FY25 में 196.22 करोड़ रुपये थी, जो FY26 में बढ़कर 254.16 करोड़ रुपये हो गई। इसी तरह कंपनी का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) भी 20.43 करोड़ रुपये से बढ़कर 26.61 करोड़ रुपये हो गया है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख