return to news
  1. SBI Har Ghar Lakhpati Scheme: हर महीने की थोड़ी बचत और बन सकता है ₹1 लाख का फंड, समझिए कैसे

पर्सनल फाइनेंस

SBI Har Ghar Lakhpati Scheme: हर महीने की थोड़ी बचत और बन सकता है ₹1 लाख का फंड, समझिए कैसे

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड August 10, 2026, 19:23 IST

सारांश

SBI की Har Ghar Lakhpati Scheme एक RD आधारित बचत योजना है। इसमें ग्राहक अपनी जरूरत और लक्ष्य के हिसाब से अवधि चुनता है और हर महीने एक निश्चित रकम जमा करता है। अवधि पूरी होने पर जमा राशि के साथ ब्याज जोड़कर मैच्योरिटी अमाउंट मिलता है।

SBI Har Ghar Lakhpati Scheme

SBI Har Ghar Lakhpati Scheme: यह स्कीम देश में रहने वाले सभी लोगों के लिए खुली है।

अगर आप बिना बड़ी रकम एक साथ लगाए ₹1 लाख का फंड बनाना चाहते हैं, तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की हर घर लखपति स्कीम आपके लिए एक विकल्प हो सकती है। यह एक खास रिकरिंग डिपॉजिट (RD) योजना है, जिसमें निवेशक हर महीने एक तय रकम जमा करके तय अवधि के अंत में ₹1 लाख या उससे ज्यादा की रकम हासिल कर सकते हैं। निवेश के नजरिए से इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें एकमुश्त बड़ी रकम लगाने के बजाय नियमित तौर पर छोटी राशि जमा करनी होती है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या है SBI Har Ghar Lakhpati Scheme?

SBI की Har Ghar Lakhpati Scheme एक RD आधारित बचत योजना है। इसमें ग्राहक अपनी जरूरत और लक्ष्य के हिसाब से अवधि चुनता है और हर महीने एक निश्चित रकम जमा करता है। अवधि पूरी होने पर जमा राशि के साथ ब्याज जोड़कर मैच्योरिटी अमाउंट मिलता है। खास बात यह है कि इस योजना में मासिक किस्त आपके चुने हुए मैच्योरिटी टारगेट के आधार पर तय होती है। यानी आप ₹1 लाख का लक्ष्य रख सकते हैं और चाहें तो इसके मल्टीपल यानी ₹2 लाख, ₹3 लाख या उससे ज्यादा का लक्ष्य भी चुन सकते हैं।

कौन खोल सकता है अकाउंट?

यह स्कीम देश में रहने वाले सभी लोगों के लिए खुली है। अकाउंट अकेले या संयुक्त रूप से खोला जा सकता है। 10 साल से ज्यादा उम्र के ऐसे नाबालिग, जो खुद हस्ताक्षर कर सकते हैं, वे भी अकाउंट खोल सकते हैं। इससे कम उम्र के बच्चों के लिए माता-पिता या कानूनी अभिभावक अकाउंट खोल सकते हैं। वरिष्ठ नागरिक भी इस योजना में निवेश कर सकते हैं और उन्हें सामान्य ग्राहकों की तुलना में ज्यादा ब्याज मिलता है।

₹1 लाख के लिए हर महीने कितना जमा करना होगा?

₹1 लाख का फंड बनाने के लिए आपको कितनी मासिक किस्त देनी होगी, यह चुनी गई अवधि पर निर्भर करता है। SBI के मुताबिक सामान्य ग्राहकों के लिए 3 साल की अवधि में करीब ₹2,510 प्रति माह, 5 साल में ₹1,420, 7 साल में ₹960 और 10 साल में करीब ₹610 प्रति माह जमा करना होगा।

इसका मतलब है कि लंबी अवधि चुनने पर हर महीने की बचत का बोझ कम हो जाता है। हालांकि, निवेशक को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि ज्यादा लंबी अवधि का मतलब पैसा लंबे समय तक लॉक रहना है।

कितना ब्याज मिलता है?

SBI की मौजूदा दरों के मुताबिक 3 और 4 साल की अवधि पर सामान्य ग्राहकों को 6.55%, जबकि 5 से 10 साल की अवधि पर 6.30% सालाना ब्याज मिलता है। वरिष्ठ नागरिकों को इन अवधियों पर क्रमशः 7.05% और 6.80% ब्याज मिलता है। Staff और Staff Senior Citizen के लिए दरें इससे ज्यादा हैं।

निवेशकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

यह योजना उन निवेशकों के लिए उपयोगी हो सकती है जो नियमित बचत की आदत बनाना चाहते हैं और कम जोखिम के साथ एक निश्चित रकम का लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं। हालांकि, इसे इक्विटी म्यूचुअल फंड या शेयर बाजार जैसे बाजार-आधारित निवेश से तुलना नहीं करनी चाहिए, क्योंकि RD का उद्देश्य मुख्य रूप से सुरक्षित और निश्चित रिटर्न के साथ बचत करना है।

अगर आपको मैच्योरिटी से पहले पैसे की जरूरत पड़ती है तो अकाउंट समय से पहले बंद किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए पेनल्टी लागू होती है। ₹5 लाख तक की जमा पर 0.50% और ₹5 लाख से ज्यादा की जमा पर 1% की पेनल्टी लग सकती है। वहीं, 7 दिन से कम अवधि के लिए जमा रहने पर ब्याज नहीं मिलता।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख