return to news
  1. सितंबर 2026 में लेना चाहते हैं Personal Loan? पहले चेक करें Axis और HDFC समेत बड़े बैंकों की ब्याज दरें

पर्सनल फाइनेंस

सितंबर 2026 में लेना चाहते हैं Personal Loan? पहले चेक करें Axis और HDFC समेत बड़े बैंकों की ब्याज दरें

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड September 18, 2026, 16:01 IST

सारांश

Personal Loan: बैंकों की ओर से बताई गई शुरुआती ब्याज दर हर ग्राहक के लिए जरूरी नहीं है। अंतिम ब्याज दर बैंक की क्रेडिट जांच के बाद तय होती है। इसमें CIBIL स्कोर, आय, नौकरी की स्थिरता और मौजूदा कर्ज जैसी चीजें देखी जाती हैं।

Personal Loan

750 या उससे ज्यादा का CIBIL स्कोर मजबूत क्रेडिट रिकॉर्ड का संकेत माना जाता है।

Personal Loan: सितंबर 2026 में अगर आप पर्सनल लोन लेने की सोच रहे हैं, तो अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों और EMI की तुलना करना जरूरी है। इस समय पर्सनल लोन की ब्याज दरें 8.75% सालाना से शुरू हो रही हैं। वहीं Axis Bank, HDFC Bank, ICICI Bank, IDFC FIRST Bank और Kotak Mahindra Bank जैसे बड़े प्राइवेट बैंकों की शुरुआती ब्याज दर 9.99% सालाना है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरें

Bank of Maharashtra में पर्सनल लोन की ब्याज दर 8.75% से 13.55% सालाना है। 5 लाख रुपये के लोन पर EMI करीब 10,319 से 11,518 रुपये तक हो सकती है। इसकी प्रोसेसिंग फीस 1% तक है, जिसकी अधिकतम सीमा 10,000 रुपये है। HSBC Bank की ब्याज दर 9.75% से शुरू होती है। 5 लाख रुपये पर EMI करीब 10,560 रुपये से शुरू होगी और प्रोसेसिंग फीस 2% तक हो सकती है।

Axis Bank, HDFC Bank, ICICI Bank, IDFC FIRST Bank और Kotak Mahindra Bank की शुरुआती ब्याज दर 9.99% है। इस दर पर 5 लाख रुपये की अनुमानित EMI करीब 10,621 रुपये और 1 लाख रुपये की EMI करीब 2,124 रुपये होगी। Axis Bank में प्रोसेसिंग फीस 2% तक, HDFC में 6,500 रुपये तक, ICICI में 2% तक, IDFC FIRST Bank में 3.5% तक और Kotak Mahindra Bank में 5% तक हो सकती है।

State Bank of India यानी SBI की ब्याज दर 10% से शुरू होती है। 5 लाख रुपये पर EMI करीब 10,624 रुपये और 1 लाख रुपये पर करीब 2,125 रुपये हो सकती है। SBI की प्रोसेसिंग फीस 1.50% तक है। Bank of Baroda में ब्याज दर 10.15% से 18% तक है, जबकि IndusInd Bank में यह 10.35% से शुरू होती है।

5 लाख रुपये के लोन पर कितनी EMI?

अगर 5 लाख रुपये का पर्सनल लोन 5 साल यानी 60 महीने के लिए लिया जाता है, तो 8.75% की ब्याज दर पर मासिक EMI करीब 10,319 रुपये होगी। वहीं 9.99% की शुरुआती ब्याज दर पर यही EMI करीब 10,621 रुपये महीने की बनती है। 1 लाख रुपये के लोन पर 8.75% की दर से EMI करीब 2,064 रुपये और 9.99% की दर से करीब 2,124 रुपये होगी। ये EMI reducing balance के आधार पर 60 महीने की अवधि के लिए अनुमानित हैं।

हर ग्राहक को नहीं मिलती शुरुआती ब्याज दर

बैंकों की ओर से बताई गई शुरुआती ब्याज दर हर ग्राहक के लिए जरूरी नहीं है। अंतिम ब्याज दर बैंक की क्रेडिट जांच के बाद तय होती है। इसमें CIBIL स्कोर, आय, नौकरी की स्थिरता और मौजूदा कर्ज जैसी चीजें देखी जाती हैं।

750 या उससे ज्यादा का CIBIL स्कोर मजबूत क्रेडिट रिकॉर्ड का संकेत माना जाता है और इससे कम ब्याज दर मिलने की संभावना बेहतर हो सकती है। इसके अलावा, स्थापित प्राइवेट कंपनियों और सरकारी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को कुछ मामलों में बेहतर दर मिल सकती है।

सिर्फ ब्याज दर देखकर लोन न लें

पर्सनल लोन लेते समय सिर्फ ब्याज दर पर ध्यान देना सही नहीं है। प्रोसेसिंग फीस, दूसरे शुल्क और समय से पहले लोन चुकाने से जुड़े नियम भी लोन की कुल लागत को प्रभावित करते हैं। इसलिए लोन लेने से पहले अलग-अलग बैंकों की कुल लागत की तुलना करें और ऐसी EMI चुनें जिसे आपकी मासिक आय आसानी से संभाल सके।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। कोई भी फैसला लेने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख