return to news
  1. LIC की जीवन रक्षा योजना की क्या है खासियत? जानें कितने के प्रीमियम पर मिलता है 24 लाख तक का लाइफ कवर

पर्सनल फाइनेंस

LIC की जीवन रक्षा योजना की क्या है खासियत? जानें कितने के प्रीमियम पर मिलता है 24 लाख तक का लाइफ कवर

Upstox

4 min read | अपडेटेड September 18, 2026, 19:01 IST

सारांश

LIC का नया 'जीवन रक्षा' प्लान 18 से 45 साल की उम्र के लोगों के लिए उपलब्ध है। यह एक नॉन-लिंक्ड और नॉन-पार्टिसिपेटिंग प्योर रिस्क प्लान है, जिसमें निवेश या बचत का रिटर्न नहीं मिलता।

lic-launches-jeevan-raksha-plan-policy

इसमें पॉलिसी अवधि 15 से 42 साल तक चुनी जा सकती है।

भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC ने हाल ही में अपने 70वें स्थापना वर्ष के खास मौके पर ग्राहकों के लिए एक नई टर्म एश्योरेंस योजना पेश की है। इस नई योजना का नाम LIC की जीवन रक्षा (प्लान 894) है। यह योजना 7 सितंबर 2026 से बिक्री के लिए उपलब्ध करा दी गई है। अगर आप अपने परिवार की वित्तीय सुरक्षा के लिए कोई बेहतर विकल्प तलाश रहे हैं, तो यह प्लान आपके काम आ सकता है। LIC ने इसे किसी निवेश या बचत योजना के बजाय शुद्ध जीवन बीमा सुरक्षा यानी प्योर टर्म प्लान के रूप में तैयार किया है। इसका सीधा मतलब यह है कि पॉलिसी अवधि के दौरान अगर बीमित व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उसके परिवार को तय बीमा राशि का पूरा भुगतान किया जाता है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

उम्र और पॉलिसी अवधि का गणित

LIC का जीवन रक्षा प्लान एक नॉन-लिंक्ड और नॉन-पार्टिसिपेटिंग शुद्ध जोखिम बीमा योजना है। इसमें शेयर बाजार से जुड़ा कोई जोखिम नहीं होता और न ही इसमें किसी तरह का बोनस या निवेश से जुड़ा रिटर्न मिलता है। इस योजना में प्रवेश के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम उम्र 45 साल तय की गई है। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से 15 साल से लेकर 42 साल तक की पॉलिसी अवधि चुन सकते हैं। इस प्लान में अधिकतम मैच्योरिटी की उम्र 60 साल रखी गई है। यानी 60 साल की उम्र तक ही इस लाइफ कवर का फायदा उठाया जा सकता है।

बीमा राशि और प्रीमियम भुगतान के विकल्प

इस योजना के तहत न्यूनतम मूल बीमा राशि 5 लाख रुपये और अधिकतम बीमा राशि 24 लाख रुपये रखी गई है। अगर कोई ग्राहक 5 लाख से 7 लाख रुपये तक का कवर लेना चाहता है, तो वह 50 हजार रुपये के अंतर से बीमा राशि चुन सकता है। वहीं 7 लाख रुपये से ऊपर की बीमा राशि के लिए 1 लाख रुपये के अंतर से विकल्प चुनने की सुविधा दी गई है। प्रीमियम भरने के मामले में भी LIC ने ग्राहकों को कई विकल्प दिए हैं। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार एकमुश्त प्रीमियम, रेगुलर प्रीमियम या सीमित अवधि तक प्रीमियम भुगतान का विकल्प चुन सकते हैं।

महिलाओं और ऑनलाइन खरीदारी पर छूट

LIC की जीवन रक्षा योजना में महिलाओं के लिए अलग और विशेष प्रीमियम दरें तय की गई हैं। इसके अलावा अधिक बीमा राशि का कवर लेने वाले ग्राहकों को प्रीमियम में छूट का फायदा दिया जाता है। जो लोग इस पॉलिसी को ऑनलाइन माध्यम से खरीदते हैं, उन्हें भी प्रीमियम में रियायत मिलती है। इस प्लान में ग्राहकों के लिए वैकल्पिक राइडर चुनने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे अपने कवर को और मजबूत बनाया जा सकता है।

पुराने टर्म प्लान से कितना अलग है यह प्लान?

LIC के पास न्यू टेक-टर्म और डिजी-टर्म जैसे टर्म प्रोडक्ट्स पहले से मौजूद हैं। न्यू टेक-टर्म भी एक शुद्ध सुरक्षा देने वाला नॉन-लिंक्ड प्लान है, जिसमें महिलाओं और तंबाकू का सेवन न करने वाले ग्राहकों के लिए विशेष दरें होती हैं। लेकिन नए जीवन रक्षा प्लान की खासियत यह है कि इसे सीमित बीमा राशि के साथ शुद्ध सुरक्षा पर केंद्रित रखा गया है। इसमें 5 लाख से 24 लाख रुपये तक का कवर चुना जा सकता है। ग्राहकों को यह समझना जरूरी है कि जीवन रक्षा को बचत या नियमित आय देने वाली पॉलिसी न समझें। इसका मुख्य मकसद पॉलिसी अवधि के दौरान परिवार को जीवन बीमा सुरक्षा देना है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख