return to news
  1. Home Loan: Key Facts Statement क्या है? लोन लेने से पहले इसे समझना क्यों है जरूरी

पर्सनल फाइनेंस

Home Loan: Key Facts Statement क्या है? लोन लेने से पहले इसे समझना क्यों है जरूरी

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड August 27, 2026, 17:02 IST

सारांश

Home Loan: बैंक या NBFC को लोन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने से पहले ग्राहक को KFS देना होता है। इसे आमतौर पर ईमेल, SMS या डिजिटल लेंडिंग ऐप के जरिए उपलब्ध कराया जा सकता है। डिजिटल लोन लेने वाले ग्राहक इसे ऐप के Loan Details या संबंधित दस्तावेज वाले सेक्शन में देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

Key Facts Statement

Key Facts Statement में लोन से जुड़ी सभी अहम जानकारियां आसान भाषा में एक जगह दी जाती हैं।

आमतौर पर होम लोन लेते समय सिर्फ ब्याज दर की तुलना की जाती है और इसी आधार पर फैसला ले लिया जाता है। हालांकि यह तरीका सही नहीं है। लोन शुरुआत में सस्ती लग सकती है, लेकिन इसमें कई ऐसे हिडन चार्जेज होते हैं, जो आपके कुल रीपेमेंट को बढ़ा सकते हैं। अब सवाल यह है कि इन हिडन चार्जेज को कैसे पहचाना जाए। ऐसे में लोन लेते समय बैंक की ओर से दिया जाने वाला Key facts Statement (KFS) एक बेहद जरूरी दस्तावेज होता है। इसमें लोन से जुड़ी सभी अहम जानकारियां आसान भाषा में एक जगह दी जाती हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

KFS का मकसद ग्राहक को लोन की पूरी लागत और शर्तों की जानकारी देना है, ताकि वह सोच-समझकर फैसला ले सके। यह इसलिए भी अहम है क्योंकि लोन के दस्तावेजों में इस्तेमाल होने वाली कानूनी भाषा कई बार आम ग्राहक के लिए समझना मुश्किल होती है। KFS में इन्हीं जरूरी बातों को सरल और संक्षिप्त तरीके से बताया जाता है।

KFS में क्या-क्या होता है?

लोन लेने से पहले KFS को ध्यान से पढ़ना चाहिए। इसमें सबसे पहले ब्याज दर देखें, क्योंकि इसका सीधा असर आपकी कुल चुकाई जाने वाली रकम पर पड़ता है। इसके अलावा इसमें EMI, लोन की अवधि, भुगतान का शेड्यूल और प्रोसेसिंग फीस जैसी जानकारियां होती हैं। आवेदन शुल्क, प्रीपेमेंट या फोरक्लोजर चार्ज, लेट पेमेंट पेनल्टी और इंश्योरेंस जैसे दूसरे खर्चों को भी जरूर देखें।

सबसे अहम जानकारी में से एक APR यानी Annual Percentage Rate है। इसमें ब्याज के साथ लोन से जुड़े लागू शुल्क भी शामिल होते हैं। इसलिए अलग-अलग कंपनियों के लोन ऑफर की तुलना करते समय सिर्फ ब्याज दर नहीं, बल्कि APR पर भी ध्यान देना चाहिए। साथ ही डिफॉल्ट की स्थिति, सिक्योरिटी या किसी तरह की गारंटी से जुड़ी शर्तों को भी समझें।

KFS कहां मिलेगा?

बैंक या NBFC को लोन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने से पहले ग्राहक को KFS देना होता है। इसे आमतौर पर ईमेल, SMS या डिजिटल लेंडिंग ऐप के जरिए उपलब्ध कराया जा सकता है। डिजिटल लोन लेने वाले ग्राहक इसे ऐप के Loan Details या संबंधित दस्तावेज वाले सेक्शन में देख और डाउनलोड कर सकते हैं। मौजूदा ग्राहक अपने ऑनलाइन बैंकिंग अकाउंट में भी इसे पा सकते हैं।

KFS पढ़ना क्यों जरूरी है?

KFS का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे ग्राहक अलग-अलग लेंडर्स के लोन ऑफर की तुलना आसानी से कर सकता है। इससे छिपे हुए शुल्क या अतिरिक्त लागत को समझने में भी मदद मिलती है। अगर KFS नहीं दिया गया है या उसमें कोई जानकारी गलत लगती है, तो ग्राहक पहले संबंधित लेंडर के पास शिकायत कर सकता है। डिजिटल लोन में लागू नियमों के तहत ग्राहक को कूलिंग-ऑफ पीरियड का विकल्प भी मिल सकता है, जिसमें तय शर्तों के तहत बिना अतिरिक्त पेनल्टी के लोन से बाहर निकलने की सुविधा होती है। इसलिए लोन लेने से पहले KFS जरूर पढ़ें। यह छोटा दस्तावेज आपको लोन की असली लागत समझने और गलत या महंगा फैसला लेने से बचाने में मदद कर सकता है।

अगला लेख