return to news
  1. 8th Pay Commission: बेंगलुरु में 7-8 अक्टूबर को बैठक, जानिए जयपुर और चेन्नई का भी शेड्यूल

पर्सनल फाइनेंस

8th Pay Commission: बेंगलुरु में 7-8 अक्टूबर को बैठक, जानिए जयपुर और चेन्नई का भी शेड्यूल

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड August 25, 2026, 17:33 IST

सारांश

बेंगलुरु में आयोग के साथ बैठक करने की इच्छा रखने वाले संगठनों और संस्थाओं को 18 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध कराया गया है।

8th pay commission

8th pay commission: 8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था।

केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स से जुड़े वेतन, भत्तों और पेंशन में बदलाव की सिफारिश करने वाले 8वें वेतन आयोग की बैठक बेंगलुरु में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को होगी। आयोग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक इस दौरान केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के संगठन, यूनियन, एसोसिएशन और अन्य संबंधित संस्थाएं अपनी समस्याएं और सुझाव आयोग के सामने रख सकेंगी।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

8वें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। इसकी अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं। आयोग को अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। आयोग पिछले कुछ महीनों में दिल्ली, पश्चिम बंगाल, लद्दाख और उत्तर प्रदेश समेत कई जगहों पर कर्मचारियों, पेंशन संगठनों और अन्य हितधारकों से बातचीत कर चुका है।

18 सितंबर तक करना होगा आवेदन

वित्त मंत्रालय की ओर से 24 अगस्त को जारी विस्तृत सूचना के अनुसार बेंगलुरु में आयोग के साथ बैठक करने की इच्छा रखने वाले संगठनों और संस्थाओं को 18 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध कराया गया है।

आवेदन करने के बाद संगठन को एक Unique Memo ID मिलेगी। बेंगलुरु में बैठक के लिए नियुक्ति का अनुरोध करते समय इस मेमो आईडी को आवेदन में शामिल करना जरूरी होगा। इसलिए इच्छुक संगठनों को पहले अपना मेमोरेंडम आयोग के सामने जमा करना होगा और उसके बाद मिलने वाली Unique Memo ID का इस्तेमाल करना होगा।

बैठक में कौन शामिल हो सकता है?

बेंगलुरु में होने वाली इन बैठकों में केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों से जुड़े संगठन, संस्थान, एसोसिएशन और यूनियन अपनी बात रख सकते हैं। इन संगठनों को वेतन, भत्ते, फिटमेंट फैक्टर, सेवा शर्तों और कर्मचारियों से जुड़े दूसरे मुद्दों पर अपने सुझाव देने का मौका मिलेगा। आयोग ने बताया है कि बेंगलुरु में बैठकों का स्थान, समय और विस्तृत कार्यक्रम बाद में संबंधित संगठनों को बताया जाएगा। यानी अभी केवल 7 और 8 अक्टूबर की तारीख तय है।

इन शहरों में भी होने वाली है बैठक

आधिकारिक सूचनाओं के अनुसार आठवां वेतन आयोग जयपुर में 31 अगस्त और 1 सितंबर को चर्चा करेगा, जिसके बाद 7 और 8 सितंबर को चेन्नई में बैठकें होंगी। पैनल 9 सितंबर को पुडुचेरी और 16 से 18 सितंबर तक चंडीगढ़ का दौरा करेगा। जयपुर, चेन्नई और पुडुचेरी की बैठकों के लिए योग्य यूनियनों और संघों को 18 अगस्त तक अपॉइंटमेंट के लिए अनुरोध करना था, जबकि चंडीगढ़ की बैठकों के लिए समय सीमा 25 अगस्त थी।

कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है यह बैठक?

8वें वेतन आयोग की यह बैठक केंद्रीय कर्मचारियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि कर्मचारी संगठन सीधे आयोग के सामने अपनी मांगें और समस्याएं रख सकेंगे। वे वेतन में बढ़ोतरी, फिटमेंट फैक्टर, भत्तों और सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दों पर अपनी सिफारिशें प्रस्तुत कर सकते हैं।

अगला लेख