return to news
  1. शेयर बाजार को क्रूड में नरमी और ऑटो-रियल्टी स्टॉक्स में तेजी का सहारा, लेकिन US Fed के फैसले से टूटा रुपया

मार्केट न्यूज़

शेयर बाजार को क्रूड में नरमी और ऑटो-रियल्टी स्टॉक्स में तेजी का सहारा, लेकिन US Fed के फैसले से टूटा रुपया

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड September 17, 2026, 11:20 IST

सारांश

आज क्रूड ऑयल के भाव में हल्की गिरावट नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की बात करें तो यह 0.07 फीसदी की गिरावट के साथ 105.76 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। दरअसल, इस गिरावट की वजह मिडल ईस्ट में सप्लाई को लेकर पैदा हुई चिंताओं का कम होना और अमेरिका में स्टॉक का बढ़ना है।

Stock Market

निफ्टी IT को छोड़ दें तो आज लगभग सभी सेक्टर्स में जमकर खरीदारी हो रही है।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में आज 17 सितंबर को उतार-चढ़ाव का माहौल है। आज शुरुआती कारोबार में बाजार में गिरावट देखी गई, लेकिन इसके बाद बाजार ने जल्द ही वापसी भी की। आज के कारोबार में Sensex करीब 250 अंक उछलकर 74,589.80 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी 108 अंक बढ़कर 23,325.40 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। बता दें कि शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 170 अंक टूटकर 74,163.95 के स्तर तक लुढ़क गया था। यहां हम समझेंगे कि बाजार में आज भारी उतार-चढ़ाव के पीछे कौन सी वजहें हैं।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कच्चे तेल के भाव में मामूली गिरावट

आज क्रूड ऑयल के भाव में गिरावट नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की बात करें तो यह 0.07 फीसदी की गिरावट के साथ 105.76 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। दरअसल, इस गिरावट की वजह मिडल ईस्ट में सप्लाई को लेकर पैदा हुई चिंताओं का कम होना और अमेरिका में स्टॉक का बढ़ना है।

हाल ही में सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर हुए हमलों के बाद सप्लाई रुकने का डर पैदा हो गया था। हालांकि अब इस मोर्चे पर भी राहत की खबर है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी अरब ओमान के सोहार पोर्ट के पास शिप-टू-शिप ट्रांसफर के जरिए एशियाई रिफाइनरों को ज्यादा क्रूड ऑयल की सप्लाई देने का प्रस्ताव रखा है।

NSE का मेगा IPO

आज से NSE का 22,562 करोड़ रुपये का IPO खुल गया है। इस आईपीओ का निवेशकों को लंबे समय से इंतजार था। इस मेगा आईपीओ के कारण प्राइमरी मार्केट में भारी एक्शन है। इससे बाजार में निवेशकों की एक्टिविटी बढ़ी है। हालांकि इतने बड़े आईपीओ के कारण सेकेंडरी मार्केट से काफी नकदी प्राइमरी मार्केट की तरफ डायवर्ट होती है। इससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ सकता है।

ऑटो और मेटल स्टॉक्स में खरीदारी

आज सेक्टर स्पेसिफिक तेजी से भी बाजार को सपोर्ट मिला। निफ्टी IT को छोड़ दें तो आज लगभग सभी सेक्टर्स में जमकर खरीदारी हो रही है। निफ्टी ऑटो और रियल्टी इंडेक्स करीब 1 फीसदी तक उछल गए। इसके अलावा निफ्टी FMCG, मीडिया, मेटल, फार्मा, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, केमिकल्स और सीमेंट इंडेक्स भी बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे थे। इन सभी सेक्टर्स ने बाजार को सपोर्ट दिया है।

बड़े शेयरों में तेजी

आज BSE पर हैवीवेट स्टॉक्स में तेजी नजर आई, जिससे बाजार को बढ़त बनाने में मदद मिली। रिपोर्ट लिखे जाने के समय सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर हरे निशान पर ट्रेड कर रहे थे। सबसे ज्यादा तेजी Eternal, BEL, IndiGo, M&M और ITC के शेयरों में थी। इसके अलावा Maruti Suzuki, Tata Steel, NTPC, Axis Bank, RIL और Bharti Airtel जैसे शेयर भी हरे निशान पर ट्रेड कर रहे थे। इन सभी दिग्गज शेयरों से बाजार को सपोर्ट मिला है।

US Fed ने बढ़ाई ब्याज दरें

आज शुरुआती कारोबार में गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वॉइंट्स की बढ़ोतरी थी। इसके साथ ही अमेरिकी सेंट्रल बैंक ने इस साल एक और रेट हाइक का संकेत भी दिया। इस खबर के बाद अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल आया और डॉलर इंडेक्स भी मजबूत हुआ। बता दें कि बीते कारोबारी दिन अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए हैं।

रुपये में गिरावट

US फेड द्वारा रेट हाइक का असर आज रुपये की वैल्यू पर भी दिख रहा है। यह शुरुआती कारोबार में 19 पैसे टूटकर 96 प्रति डॉलर से नीचे पहुंच गया। यह दो महीने से अधिक समय में पहली बार है जब रुपया इस स्तर से नीचे आया है। हालांकि रुपये ने बाद में शुरुआती गिरावट की कुछ भरपाई की और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के संभावित हस्तक्षेप के बाद 10 पैसे की बढ़त के साथ कारोबार करने लगा। एक्सपर्ट्स के अनुसार कच्चे तेल की कीमतें 105 डॉलर प्रति बैरल के आसपास ऊंची बनी हुई हैं और विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा भी मजबूत है। ऐसे में रुपये में काफी उतार-चढ़ाव रहने के आसार हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख