return to news
  1. कच्चा तेल हुआ सस्ता, FIIs की खरीदारी भी जारी, आज इन वजहों से बाजार में बहार

मार्केट न्यूज़

कच्चा तेल हुआ सस्ता, FIIs की खरीदारी भी जारी, आज इन वजहों से बाजार में बहार

Shubham Singh Thakur

5 min read | अपडेटेड November 17, 2026, 11:05 IST

सारांश

पिछले 1 महीने में सेंसेक्स-निफ्टी में करीब 11 फीसदी की रैली आ चुकी है। इसके अलावा पिछले 13 कारोबारी दिनों में से सिर्फ एक दिन ही ऐसा रहा है, जब बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। इस दौरान बाजार में करीब 12 फीसदी की रैली आ चुकी है।

Stock Market

विदेशी निवेशक (FIIs) पिछले कई दिनों से भारतीय बाजार में लगातार खरीदारी कर रहे हैं।

भारतीय शेयर बाजार में आज 17 नवंबर को लगातार दूसरे कारोबारी दिन खरीदारी का माहौल है। आज के कारोबार में BSE Sensex में करीब 350 अंकों की तेजी नजर आई और यह 82,452.92 के स्तर तक उछल गया। दूसरी तरफ Nifty 50 में भी 93 अंकों की बढ़त देखी गई और यह 25,384.65 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। आज कच्चे तेल के भाव में कमजोरी नजर आ रही है, जिससे बाजार का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है। इसके अलावा विदेशी निवेशकों (FIIs) की खरीदारी भी लगातार जारी है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

बता दें कि पिछले 1 महीने में सेंसेक्स-निफ्टी में करीब 11 फीसदी की रैली आ चुकी है। इसके अलावा पिछले 13 कारोबारी दिनों में से सिर्फ एक दिन ही ऐसा रहा है, जब बाजार लाल निशान पर बंद हुआ। इस दौरान बाजार में करीब 12 फीसदी की रैली आ चुकी है। यहां हम जानेंगे कि बाजार में आज की तेजी के पीछे कौन सी वजहें हैं।

विदेशी निवेशकों की खरीदारी

विदेशी निवेशक (FIIs) पिछले कई दिनों से भारतीय बाजार में लगातार खरीदारी कर रहे हैं। 16 नवंबर को FIIs ने 4864.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। इसके अलावा FIIs ने 13 नवंबर को 5,736.55 करोड़ रुपये, 12 नवंबर को 7,830.60 करोड़ रुपये, 11 नवंबर को 12,563.33 करोड़ रुपये और 09 नवंबर को 7,212.22 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। FIIs की लगातार खरीदारी ने निवेशकों के भरोसे के मजबूत किया है।

कच्चा तेल हुआ सस्ता

आज मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई, जबकि अमेरिकी कच्चा तेल (WTI) गिरकर 85 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। तेल की कीमतों में इस गिरावट की मुख्य वजह बाजार में तेल की बढ़ती सप्लाई और आने वाले समय में मांग से ज्यादा तेल उपलब्ध होने की आशंका है।

हालांकि, मिडिल ईस्ट में तेल के जहाजों पर लगातार हमले हो रहे हैं। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया कि रविवार और सोमवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बारूदी सुरंगों से जुड़े घटनाक्रम में छह तेल टैंकरों में आग लग गई। इन हमलों के कारण तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है। इसके बावजूद बाजार में तेल की कीमतों पर गिरावट का दबाव बना हुआ है।

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे सैन्य तनाव के जल्द खत्म होने की उम्मीद ने भी तेल की कीमतों को नीचे लाने में मदद की है। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका इस संघर्ष में हमेशा के लिए शामिल नहीं रहेगा। उन्होंने फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका वहां हमेशा नहीं रहने वाला है और दो साल तक सैन्य अभियान चलाने की भी उसकी योजना नहीं है।

गोल्डमैन सैक्स ने अनुमान लगाया है कि अगले साल ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत 88 डॉलर प्रति बैरल रह सकती है। इसके बाद दिसंबर 2027 तक कीमत घटकर 78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है। बैंक के मुताबिक, बाजार में तेल की सप्लाई बढ़ने से कीमतों पर दबाव रहेगा। हालांकि, मिडिल ईस्ट में जहाजों पर हमले जारी रहने से निकट भविष्य में कीमतें बढ़ भी सकती हैं।

रुपये में मजबूती

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 31 पैसे मजबूत होकर 93.63 के स्तर पर पहुंच गया। रुपये में इस तेजी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट, विदेशी निवेशकों की ओर से भारतीय शेयर बाजार में बढ़ता निवेश और घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक माहौल रहा।

फॉरेक्स बाजार के जानकारों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारत के लिए तेल आयात का खर्च बढ़ने की चिंता कम हुई है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चा तेल विदेशों से खरीदता है। ऐसे में जब तेल सस्ता होता है, तो देश का आयात बिल कम हो सकता है और रुपये को मजबूती मिलती है।

इसके अलावा, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने इस महीने अब तक भारतीय शेयर बाजार में 8 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है। विदेशी निवेश बढ़ने से रुपये की मांग को समर्थन मिला। वहीं, घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में तेजी से भी निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।

बैंकिंग और ऑटो स्टॉक्स में रैली

आज शेयर बाजार को बैंकिंग और ऑटो समेत कई सेक्टर्स में तेजी से भी सपोर्ट मिल रहा है। निफ्टी बैंक इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है। निफ्टी PSU बैंक में 2.34 फीसदी और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.75 फीसदी की तेजी है। निफ्टी रियल्टी भी 2 फीसदी से ज्यादा उछल गया है। निफ्टी ऑटो में 0.65 फीसदी और मीडिया में 0.85 फीसदी की बढ़त है। इसके अलावा निफ्टी मेटल, फार्मा, हेल्थकेयर और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स भी हरे निशान पर ट्रेड करते दिखे।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories