मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 17, 2026, 12:44 IST
सारांश
CFTC अमेरिका की एक नियामक संस्था है, जो वहां कमोडिटी और कुछ तरह के फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट्स पर नजर रखती है। BSE को अपने BANKEX फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट को अमेरिका में ऑफर और बेचने के लिए इस संस्था की मंजूरी की जरूरत थी।
शेयर सूची

इस मंजूरी से BSE को अमेरिका के बड़े संस्थागत निवेशकों तक पहुंच बनाने का मौका मिलेगा।
शेयर बाजार चलाने वाली कंपनी BSE Ltd के शेयरों में आज 17 नवंबर को तेजी नजर आ रही है। यह शेयर NSE पर करीब 3 फीसदी उछलकर 4,003.30 रुपये के भाव पर पहुंच गया। इसकी वजह कंपनी को मिली एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय मंजूरी है। BSE ने सोमवार को बताया कि उसके BANKEX इंडेक्स फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट को अमेरिका के कमोडिटी फ्यूचर्स ट्रेडिंग कमीशन (CFTC) से मंजूरी मिल गई है। इस मंजूरी के बाद BANKEX पहला भारतीय सेक्टोरल इंडेक्स फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट बन गया है, जिसे अमेरिका के इस रेगुलेटर से ऐसी अनुमति मिली है।
CFTC अमेरिका की एक नियामक संस्था है, जो वहां कमोडिटी और कुछ तरह के फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट्स पर नजर रखती है। BSE को अपने BANKEX फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट को अमेरिका में ऑफर और बेचने के लिए इस संस्था की मंजूरी की जरूरत थी। CFTC ने 45 दिनों की एक्सपेडिटेड रिव्यू प्रक्रिया पूरी करने के बाद यह मंजूरी दी है।
इस दौरान उसने जांच की कि BANKEX फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट अमेरिकी कमोडिटी एक्सचेंज एक्ट (CEA) और CFTC के नियमों का पालन करता है या नहीं। अब अमेरिका में रहने वाले योग्य निवेशक BSE के BANKEX फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट में ट्रेडिंग कर सकेंगे। हालांकि, उन्हें भारतीय शेयर बाजार से जुड़े कानूनों और नियमों का भी पालन करना होगा।
BANKEX, BSE का एक सेक्टोरल इंडेक्स है। यह शेयर बाजार में लिस्टेड प्रमुख बैंकिंग कंपनियों के शेयरों के प्रदर्शन को ट्रैक करता है। आसान भाषा में समझें तो BANKEX के जरिए निवेशक पूरे बैंकिंग सेक्टर की चाल पर दांव लगा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अलग-अलग बैंकों के शेयर खरीदने की जरूरत नहीं होती।
उदाहरण के लिए, अगर किसी निवेशक को लगता है कि आने वाले समय में भारतीय बैंकिंग सेक्टर अच्छा प्रदर्शन करेगा, तो वह BANKEX फ्यूचर्स में तेजी की पोजीशन ले सकता है। वहीं, जिन बड़े निवेशकों के पास पहले से बैंकिंग कंपनियों के शेयर हैं, वे संभावित नुकसान से बचने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस मंजूरी से BSE को अमेरिका के बड़े संस्थागत निवेशकों तक पहुंच बनाने का मौका मिलेगा। इनमें एसेट मैनेजर, हेज फंड और प्रोपराइटरी ट्रेडिंग फर्म शामिल हैं। अगर अमेरिकी निवेशक BANKEX फ्यूचर्स में ज्यादा ट्रेडिंग करते हैं, तो इससे इस कॉन्ट्रैक्ट में खरीद-बिक्री बढ़ सकती है। इसका मतलब है कि बाजार में लिक्विडिटी और डेप्थ बेहतर हो सकती है। यानी निवेशकों के लिए खरीदना और बेचना आसान हो सकता है। इससे BSE के डेरिवेटिव कारोबार को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। ज्यादा ट्रेडिंग होने पर एक्सचेंज की ट्रांजैक्शन से होने वाली कमाई बढ़ सकती है।
BSE के एमडी और सीईओ सुंदररमन राममूर्ति ने कहा कि CFTC की मंजूरी से अमेरिकी निवेशक एक पारदर्शी और अच्छी तरह रेगुलेटेड प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय बैंकिंग सेक्टर में निवेश का मौका पा सकेंगे। उन्होंने कहा कि BSE अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए अपने प्रोडक्ट्स की संख्या बढ़ाने की कोशिश जारी रखेगा।
यह मंजूरी BSE के लिए रणनीतिक रूप से सकारात्मक है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनी की कमाई तुरंत बढ़ जाएगी। असली फायदा इस बात पर निर्भर करेगा कि कितने अमेरिकी संस्थागत निवेशक इसमें ट्रेडिंग करते हैं और ट्रेडिंग वॉल्यूम कितना बढ़ता है। बता दें कि 1875 में स्थापित BSE एशिया का सबसे पुराना स्टॉक एक्सचेंज है। यहां इक्विटी, डेट, डेरिवेटिव, करेंसी और कमोडिटी समेत कई तरह के वित्तीय प्रोडक्ट्स में ट्रेडिंग होती है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख