मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 17, 2026, 09:27 IST
सारांश
इस जॉइंट वेंचर के जरिए रिमोट-कंट्रोल्ड वेपन सिस्टम, तोपों और रॉकेट के लिए एम्युनिशन गाइडेंस सिस्टम, मोर्टार कैरियर सिस्टम, इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों पर काम किया जाएगा।
शेयर सूची

स्पेन की EM&E Group के साथ Sigma का बड़ा समझौता (Photo: Shutterstocks)
भारत के डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर को मजबूत बनाने की दिशा में सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड ने स्पेन की प्रमुख डिफेंस एंड सिक्योरिटी टेक कंपनी Escribano Mechanical & Engineering (EM&E Group) के साथ रणनीतिक जॉइंट वेंचर का ऐलान किया है। इस साझेदारी का उद्देश्य भारत में स्वदेशी डिफेंस इक्विपमेंट्स की मैनुफैक्चरिंग, एडवांस्ड टेकनीक का डेवलपमेंट और देश की डिफेंस प्रोडक्शन क्षमता को बढ़ाना है। दोनों कंपनियों के बीच बने इस जॉइंट वेंचर का हेडक्वार्टर भारत में होगा और इसने अपना संचालन भी शुरू कर दिया है। इसका असर आज सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स के शेयरों पर भी देखने को मिला है। मार्केट खुलते ही सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम् के शेयर 2.84% यानी कि 24.85 रुपये चढ़कर 898.90 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड करते दिखे।
इस जॉइंट वेंचर को लेकर सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड ने आज प्रेस रिलीज जारी की है। इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां अपनी तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं को एक साथ लाएंगी। EM&E Group अपने आधुनिक डिफेंस इक्विपमेंट्स और टेक एक्सपर्टीज का योगदान देगी, जबकि सिग्मा भारत में अपनी मैनुफैक्चरिंग सुविधाओं, इंजीनियरिंग क्षमता और डिफेंस सेक्टर के अनुभव का इस्तेमाल करेगी।
इस जॉइंट वेंचर के जरिए रिमोट-कंट्रोल्ड वेपन सिस्टम, तोपों और रॉकेट के लिए एम्युनिशन गाइडेंस सिस्टम, मोर्टार कैरियर सिस्टम, इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीकों पर काम किया जाएगा। दोनों कंपनियों का प्लान इन तकनीकों को भारत में स्थानीय स्तर पर डेवलप और निर्मित करने की है। इसके साथ ही फ्यूचर में नए डिफेंस सिस्टम का जॉइंट डेवलपमेंट भी किया जाएगा। इस साझेदारी का उद्देश्य केवल विदेश से तकनीक लेकर भारत में उपकरणों को जोड़ना नहीं है, बल्कि देश में इंजीनियरिंग, रिसर्च, सिस्टम इंटीग्रेशन और अनुसंधान एवं विकास की मजबूत क्षमता तैयार करना है।
Sigma Advanced Systems के सीईओ सुनील कालिदिंडी के अनुसार, यह साझेदारी कंपनी के विकास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। कंपनी अब केवल छोटे पुर्जों और सब-सिस्टम के निर्माण तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि एयरोस्पेस और डिफेंस तकनीक के व्यापक सेक्टर में अपनी पहचान मजबूत करना चाहती है। उन्होंने कहा कि EM&E Group की रक्षा तकनीक और Sigma की भारतीय मैनुफैक्चरिंग क्षमता मिलकर देश में स्वदेशी डिफेंस प्रोडक्शन को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। भविष्य में इस साझेदारी के माध्यम से इंटरनेशनल बाजारों में भी अपनी पहुंच बनाने का प्लान है।
इस जॉइंट वेंचर से भारत में कुशल रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इसके अलावा इंजीनियरिंग और मैनुफैक्चरिंग सेक्टर में नई क्षमताएं विकसित होंगी। दोनों कंपनियां भारतीय डिफेंस इंडस्ट्री के लिए मजबूत सप्लायर नेटवर्क तैयार करने पर भी काम करेंगी। लंबी अवधि में इस साझेदारी का लक्ष्य भारतीय रक्षा कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना, स्वदेशी निर्माण की हिस्सेदारी बढ़ाना और भारत में बने रक्षा उपकरणों को विदेशी बाजारों तक पहुंचाना है।
इस साझेदारी के साथ सिग्मा एडवांस्ड सिस्टम्स ने अपने नेतृत्व और कॉरपोरेट गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए बोर्ड का पुनर्गठन भी किया है। लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू (सेवानिवृत्त) को कंपनी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह भारतीय सेना के पूर्व वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ रह चुके हैं। इसके अलावा गल्ला जयदेव और डॉ. उरकवलन जेया शांति को स्वतंत्र निदेशक बनाया गया है। डॉ. जेया शांति को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में 36 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वहीं गल्ला जयदेव अमारा राजा ग्रुप के सह-संस्थापक और चेयरमैन हैं। कुल मिलाकर, Sigma Advanced Systems और EM&E Group की यह साझेदारी भारत के रक्षा उद्योग के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे देश में आधुनिक रक्षा तकनीकों का निर्माण बढ़ेगा, विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी और भारत को वैश्विक रक्षा उत्पादन एवं सप्लाई चेन में मजबूत स्थान मिल सकता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख