return to news
  1. US Banking Outage: तकनीकी खराबी से ठप हुई अमेरिका के दिग्गज बैंकों की ऑनलाइन सर्विस

बिजनेस न्यूज़

US Banking Outage: तकनीकी खराबी से ठप हुई अमेरिका के दिग्गज बैंकों की ऑनलाइन सर्विस

Upstox

4 min read | अपडेटेड November 17, 2026, 09:41 IST

सारांश

सोमवार को अमेरिका में जेपीमॉर्गन चेस, बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और कैपिटल वन समेत कई बैंकों की सेवाएं बाधित रहीं। ग्राहकों को लॉगिन करने, बैलेंस देखने और ट्रांजैक्शन पूरा करने में दिक्कत आई।

us-major-banks-outage-jpmorgan-chase-bank

तकनीकी खराबी के कारण सोमवार को अमेरिका के कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं बाधित रहीं।

अमेरिका के कई बड़े बैंकों के ग्राहकों को सोमवार को बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आउटेज ट्रैक करने वाले प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, जेपीमॉर्गन चेस, बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और कैपिटल वन की सेवाएं प्रभावित रहीं। इसके अलावा ट्रुइस्ट बैंक और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म जेले के इस्तेमाल में भी गड़बड़ी की शिकायतें तेजी से बढ़ीं। ग्राहकों को अकाउंट एक्सेस करने, बैलेंस चेक करने और ट्रांजैक्शन पूरा करने में परेशानी हुई। इस तकनीकी समस्या का असर शेयर बाजार पर भी दिखा और न्यूयॉर्क में सोमवार दोपहर 1 बजकर 33 मिनट पर जेपीमॉर्गन के शेयर 2.3% गिरकर 338.24 डॉलर पर आ गए, जिससे इस साल की अब तक की बढ़त सिमटकर करीब 5% रह गई।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

जेपीमॉर्गन चेस पर सबसे ज्यादा शिकायतें

जेपीमॉर्गन चेस ने बताया कि एक तकनीकी समस्या के कारण कुछ ट्रांजैक्शन प्रोसेस होने में सामान्य से ज्यादा समय लग रहा है, लेकिन ग्राहकों की अपने अकाउंट और फंड्स तक पहुंच बनी हुई है। बैंक ने किसी भी तरह की साइबर सुरक्षा घटना से साफ इनकार किया है। मामले से जुड़े एक व्यक्ति ने ब्लूमबर्ग को बताया कि यह दिक्कत किसी साइबर मुद्दे से जुड़ी नहीं थी। चेस के प्रवक्ता ने कहा कि बैंक इस समस्या को जल्द से जल्द सुलझाने पर काम कर रहा है। चेस के ग्राहकों को ऑनलाइन अकाउंट में लॉगिन करने, बैलेंस देखने, बैंक ट्रांसफर और वायर ट्रांसफर करने में मुश्किलें आईं। कई यूजर्स को स्क्रीन पर एरर मैसेज भी दिखा कि कुछ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं और उन पर काम चल रहा है। सोमवार दोपहर 2 बजे तक डाउनडिटेक्टर पर अकेले चेस के खिलाफ करीब 4,800 यूजर्स ने शिकायत दर्ज कराई, जो किसी भी बैंक के लिए सबसे ज्यादा थी।

बैंक ऑफ अमेरिका, वेल्स फार्गो और अन्य बैंकों के ग्राहक भी परेशान

सिर्फ चेस ही नहीं बल्कि अमेरिका के अन्य बड़े बैंकों के ग्राहकों को भी ऐसी ही समस्याओं से जूझना पड़ा। बैंक ऑफ अमेरिका के ग्राहकों ने एटीएम के साथ-साथ ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग सेवाओं में गड़बड़ी की शिकायत की। वहीं यूएस बैंक के यूजर्स को ऑनलाइन अकाउंट और मोबाइल ऐप एक्सेस करने तथा फंड ट्रांसफर करने में दिक्कतें आईं। इसके अलावा वेल्स फार्गो के ग्राहकों ने साइन इन करने, अकाउंट बैलेंस जांचने और ट्रांजैक्शन पूरा करने में परेशानी होने की बात कही। डाउनडिटेक्टर के अनुसार कैपिटल वन और ट्रुइस्ट बैंक के ग्राहकों की तरफ से भी बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच न बन पाने की शिकायतों में अचानक उछाल देखा गया।

डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म जेले ने दी सफाई

बैंकिंग सेवाओं में आई रुकावट के चलते डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म जेले के यूजर्स ने भी पेमेंट अटकने की शिकायतें कीं। हालांकि जेले ने सीबीएस न्यूज को बताया कि उसका नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है और संबंधित बैंकों में चल रही तकनीकी समस्याओं के कारण कुछ ग्राहकों को पेमेंट में देरी हो सकती है। कंपनी ने साफ किया कि यूजर्स का जेले पर कोई अलग अकाउंट नहीं होता और यह ग्राहकों का पैसा अपने पास नहीं रखती है। जेले का नेटवर्क चलाने वाली कंपनी अर्ली वार्निंग सर्विसेज का मालिकाना हक बैंक ऑफ अमेरिका, कैपिटल वन, जेपीमॉर्गन चेस, पीएनसी बैंक, ट्रुइस्ट, यूएस बैंक और वेल्स फार्गो जैसे फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस के पास है। गौरतलब है कि यह बैंकिंग संकट अमेरिका में बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द होने और हाल ही में हुए माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के कुछ दिनों बाद सामने आया है, हालांकि इन घटनाओं को आपस में जोड़ने वाला कोई सबूत नहीं मिला है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories