return to news
  1. IT को छोड़कर हर तरफ जबरदस्त बिकवाली, सेंसेक्स 777 अंक टूटा, निफ्टी 23118 पर बंद

मार्केट न्यूज़

IT को छोड़कर हर तरफ जबरदस्त बिकवाली, सेंसेक्स 777 अंक टूटा, निफ्टी 23118 पर बंद

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड September 15, 2026, 15:41 IST

सारांश

आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर लाल निशान पर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा बिकवाली BEL, IndiGo, Bajaj Finserv, SBIN और Titan जैसे शेयरों में देखने को मिली। दूसरी तरफ HCL Tech, Infosys, TCS, Tech Mahindra और HDFC Bank जैसे शेयर टॉप गेनर्स रहे।

Stock Market

Stock Market: आज NSE पर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी जबरदस्त दबाव दिखा।

भारी उतार-चढ़ाव के बीच आज 15 सितंबर को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार में BSE Sensex में 777.94 अंकों की कमजोरी रही और यह 74,003.82 के स्तर तक लुढ़क गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी 279.50 अंकों की बड़ी कमजोरी के साथ 23118.60 के लेवल पर बंद हुआ है। बता दें कि आज शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स शानदार तेजी के साथ 75436.44 के लेवल पर पहुंच गया था, लेकिन यह बढ़त बरकरार नहीं रह सकी। तेल सप्लाई की चिंता और विदेशी निवेशकों की बिकवाली समेत कई वजहों से आज बाजार पर दबाव बढ़ा है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

BEL, IndiGo में सबसे ज्यादा बिकवाली

आज के कारोबार में सेंसेक्स के 30 में से ज्यादातर शेयर लाल निशान पर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा बिकवाली BEL, IndiGo, Bajaj Finserv, SBIN और Titan जैसे शेयरों में देखने को मिली। दूसरी तरफ HCL Tech, Infosys, TCS, Tech Mahindra और HDFC Bank जैसे शेयर टॉप गेनर्स रहे।

आज NSE पर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी जबरदस्त दबाव दिखा। इसके चलते निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.12 फीसदी तक लुढ़क गया। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 2.45 फीसदी की गिरावट नजर आई।

निफ्टी रियल्टी समेत ये इंडेक्स लुढ़के

सेक्टर वाइज परफॉर्मेंस की बात करें तो आज निफ्टी IT को छोड़कर अन्य सभी इंडेक्स लाल निशान पर बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा बिकवाली निफ्टी रियल्टी में रही और यह करीब 4 फीसदी तक लुढ़क गया। निफ्टी केमिकल में भी 3.48 फीसदी की कमजोरी नजर आई।

वहीं निफ्टी ऑटो, मीडिया, मेटल, PSU बैंक, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और सीमेंट इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा टूट गए। इसके अलावा फार्मा, प्राइवेट बैंक, हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस इंडेक्स में भी 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। निफ्टी FMCG में 0.50 फीसदी की मामूली कमजोरी रही। दूसरी तरफ निफ्टी IT आज 2.19 फीसदी तक चढ़ गया।

बाजार में क्यों आई गिरावट?

शेयर बाजार में आज की गिरावट के लिए कई फैक्टर्स जिम्मेदार रहे। आज ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 1.67 फीसदी बढ़कर 107.45 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। Saudi Arabia की East-West पाइपलाइन ड्रोन हमलों के बाद बंद है। इसकी वजह से तेल सप्लाई की चिंता बढ़ गई। दूसरी तरफ अमेरिका का 10 साल का ट्रेजरी यील्ड 5% के ऊपर चला गया है। विदेशी निवेशकों (FIIs) की लगातार बिकवाली से भी बाजार का सेंटीमेंट खराब हुआ है। 11 सितंबर को FIIs लगातार चौथे कारोबारी दिन नेट सेलर रहे और उन्होंने 930 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए।

डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट का सिलसिला आज भी जारी है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की ऊंची कीमतों और मध्य पूर्व तनाव बढ़ने के कारण मंगलवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 30 पैसे गिरकर 95.84 पर आ गया। आज निफ्टी IT अकेला सेक्टर रहा, जिसमें जमकर खरीदारी देखी गई।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख