return to news
  1. क्यों गुलजार हुआ बैंकिंग सेक्टर? सस्ते वैल्यूएशन और मजबूत बैलेंस शीट बना कारण, PNB से लेकर SBI तक दौड़े

मार्केट न्यूज़

क्यों गुलजार हुआ बैंकिंग सेक्टर? सस्ते वैल्यूएशन और मजबूत बैलेंस शीट बना कारण, PNB से लेकर SBI तक दौड़े

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड November 17, 2026, 10:58 IST

सारांश

आज शेयर बाजार में निफ्टी बैंक और पीएसयू बैंक इंडेक्स में जोरदार तेजी दिख रही है। NSE के मुताबिक पीएनबी, केनरा बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक और SBI समेत कई शेयर उछले हैं। विदेशी निवेशकों की वापसी, सस्ते वैल्यूएशन और बेहतर एसेट क्वालिटी से इस रैली को सहारा मिला है।

शेयर सूची

nifty-bank-psu-bank-stocks-rally

निफ्टी बैंक 0.43% और निफ्टी पीएसयू बैंक 1.67% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

भारतीय शेयर बाजार में आज फिर बैंकिंग शेयरों की चमक देखने को मिल रही है। निफ्टी बैंक के साथ सरकारी बैंकों के सूचकांक निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में भी जोरदार खरीदारी हो रही है। सुबह 10 बजे तक के NSE के आंकड़ों के मुताबिक, कारोबार के दौरान निफ्टी बैंक 262.55 अंक या 0.43% बढ़कर 61,838.45 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। वहीं निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स 155.35 अंक या 1.67% उछलकर 9,460.65 पर पहुंच गया है। नवंबर में अब तक निफ्टी बैंक 11.3% चढ़ चुका है। विदेशी निवेशकों की वापसी, आकर्षक वैल्यूएशन और मजबूत एसेट क्वालिटी ने इस सेक्टर में नई जान फूंक दी है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

NSE पर पीएसयू और प्राइवेट बैंक शेयरों में जोरदार उछाल

NSE के ताजा आंकड़ों के अनुसार आज सरकारी बैंक इंडेक्स के सभी 12 शेयर हरे निशान में हैं। इसमें पीएनबी 3.19% उछलकर 149.20 रुपये और पंजाब एंड सिंध बैंक 2.81% चढ़कर 21.99 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। केनरा बैंक 2.19%, इंडियन बैंक 1.65%, इंडियन ओवरसीज बैंक 1.51%, यूनियन बैंक 1.43% और यूको बैंक 1.42% चढ़े हैं। इसके अलावा बैंक ऑफ इंडिया 1.22%, सेंट्रल बैंक 1.18%, SBI 1.14% बढ़कर 1,102.90 रुपये, बैंक ऑफ महाराष्ट्र 0.86% और बैंक ऑफ बड़ौदा 0.82% ऊपर हैं। वहीं प्राइवेट बैंकों में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक 0.81%, एक्सिस बैंक 0.75%, फेडरल बैंक 0.58%, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक 0.39% और आईसीआईसीआई बैंक 0.18% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

विदेशी निवेशकों की वापसी और सस्ते वैल्यूएशन से मिला सहारा

बैंकिंग शेयरों की इस रैली के पीछे विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों यानी FPI की वापसी बड़ी वजह हो सकती है। हालांकि अभी तक विदेशी निवेशकों ने किस शेयर में कितना पैसा लगाया है या बैकिंग सेक्टर में कितना लगाया है इसका डेटा सामने नहीं आया है, लेकिन अगर विदेशी निवेशकों के द्वारा भारतीय बाजार में लगाए गए पैसों पर एक नजर डालें तो सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये और अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपये निकालने के बाद विदेशी निवेशकों ने 2 से 13 नवंबर के बीच भारतीय बाजार में 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया है। नवंबर में 16 तारीख तक HDFC बैंक 17.9% और ICICI बैंक 13.4% चढ़ चुके हैं। लंबी गिरावट के बाद बड़े निजी बैंकों के वैल्यूएशन सस्ते हो गए थे। अक्टूबर में HDFC बैंक पांच साल के औसत 2.8 गुना के मुकाबले 1.8 गुना बुक वैल्यू पर, आईसीआईसीआई बैंक 3 गुना के मुकाबले 2.6 गुना पर और एक्सिस बैंक 2.02 गुना के औसत के मुकाबले 1.8 गुना बुक वैल्यू पर ट्रेड कर रहा था। इसके अलावा महंगे AI शेयरों से दूरी और कच्चे तेल में नरमी ने भी बाजार का सेंटिमेंट सुधारा है।

मजबूत क्रेडिट ग्रोथ और घटते NPA ने बढ़ाया भरोसा

बैंकों के बेहतर कामकाजी आंकड़े भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा रहे हैं। 15 सितंबर 2026 तक बैंक क्रेडिट ग्रोथ सालाना आधार पर 18.13% रही, जबकि डिपॉजिट ग्रोथ 17.31% दर्ज की गई। रिटेल, सर्विस, इंडस्ट्री और कृषि क्षेत्र को दिए गए कर्ज से यह विस्तार हुआ है। साथ ही बैंकों की एसेट क्वालिटी में बड़ा सुधार आया है। जून 2026 में बैंकिंग सिस्टम का ग्रॉस एनपीए घटकर 1.67% रह गया, जो एक साल पहले 2.22% था। वहीं नेट एनपीए 0.51% से घटकर 0.39% पर आ गया है और कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो 17.87% के मजबूत स्तर पर है। हालांकि ऊंची डिपॉजिट लागत से जून 2026 में नेट इंटरेस्ट मार्जिन हल्का घटकर 3.22% रहा है, इसलिए आगे की तेजी मार्जिन और डिपॉजिट ग्रोथ पर निर्भर करेगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories