return to news
  1. अर्श से फर्श पर आए सोना-चांदी: महीने भर में गोल्ड ₹18,000 सस्ता, सिल्वर तो ₹51,000 टूटी, जानें आज का भाव

बिजनेस न्यूज़

अर्श से फर्श पर आए सोना-चांदी: महीने भर में गोल्ड ₹18,000 सस्ता, सिल्वर तो ₹51,000 टूटी, जानें आज का भाव

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 20, 2026, 08:20 IST

सारांश

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो COMEX पर सोने के भाव में आज 3.69% की बड़ी गिरावट है और यह 3,549.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। वहीं चांदी की कीमत में तो 5.46% की और बड़ी कमजोरी आई और यह 41.94 डॉलर प्रति औंस तक लुढ़क गई।

Gold Silver

पिछले 1 महीने में सोने की कीमत में 12.46 फीसदी या 18,240 रुपये की गिरावट आई है।

Gold-Silver Price: सोने और चांदी में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में सोना या चांदी खरीदने की प्लानिंग कर रहे लोगों के लिए यह शानदार मौका हो सकता है। bullion.co.in के अनुसार आज 20 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 128,130 रुपये के स्तर पर आ गई है। दूसरी तरफ चांदी भी बड़ी गिरावट के साथ 158,320 रुपये प्रति किलो के लेवल तक लुढ़क गई है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो COMEX पर सोने के भाव में आज 3.69% की बड़ी गिरावट है और यह 3,549.60 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। वहीं चांदी की कीमत में तो 5.46% की और बड़ी कमजोरी आई और यह 41.94 डॉलर प्रति औंस तक लुढ़क गई।

पिछले 1 महीने में भारी बिकवाली

बता दें कि पिछले कुछ दिनों से सोने और चांदी दोनों में बिकवाली का जबरदस्त दबाव है। पिछले 1 हफ्ते में ही सोना 6.69 फीसदी टूट चुका है। वहीं पिछले 1 महीने में इसकी कीमत में 12.46 फीसदी या 18,240 रुपये की गिरावट आई है। दूसरी तरफ चांदी की बात करें तो पिछले 1 हफ्ते में यह 10.68 फीसदी सस्ती हो चुकी है। इसके अलावा पिछले 1 महीने में इसके भाव में 24.43 फीसदी या 51,190 रुपये की बड़ी गिरावट आई है।

आपके शहर में सोने की कीमत

यहां देश के 6 बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने के दाम दिए गए हैं।

  • दिल्ली: ₹127,680 प्रति 10 ग्राम
  • मुंबई: ₹127,900 प्रति 10 ग्राम
  • कोलकाता: ₹127,730 प्रति 10 ग्राम
  • चेन्नई: ₹128,270 प्रति 10 ग्राम
  • बेंगलुरु: ₹128,000 प्रति 10 ग्राम
  • हैदराबाद: ₹128,100 प्रति 10 ग्राम

अलग-अलग शहरों में चांदी की कीमत

प्रमुख मेट्रो शहरों में 999 फाइन सिल्वर की कीमतें यहां दी गई है।

  • दिल्ली: ₹157,760 प्रति किलोग्राम
  • मुंबई: ₹158,030 प्रति किलोग्राम
  • कोलकाता: ₹157,820 प्रति किलोग्राम
  • चेन्नई: ₹150,490 प्रति किलोग्राम
  • बेंगलुरु: ₹158,160 प्रति किलोग्राम
  • हैदराबाद: ₹158,280 प्रति किलोग्राम

सोने-चांदी में भारी गिरावट की क्या है वजह?

सोने-चांदी में गिरावट की मुख्य वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना और अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना है। अमेरिका में महंगाई अभी भी कम नहीं हो रही है। इसी वजह से बाजार को उम्मीद है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व दिसंबर की बैठक में ब्याज दरें बढ़ा सकता है। फेड की पिछली बैठक के जारी हुए मिनट्स से पता चला कि लगभग सभी अधिकारी मानते हैं कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए ब्याज दरें और बढ़ानी पड़ सकती हैं।

अमेरिकी डॉलर इस सप्ताह अप्रैल 2025 के बाद अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। जब डॉलर मजबूत होता है, तो दूसरे देशों के लोगों के लिए डॉलर में खरीदा जाने वाला सोना महंगा हो जाता है। इससे सोने की मांग कम हो सकती है और कीमतों पर दबाव पड़ता है।

फेडरल रिजर्व के कुछ अधिकारियों ने भी कहा है कि महंगाई को देखते हुए ब्याज दरें और बढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है। बाजार के जानकारों के अनुसार, निवेशकों को उम्मीद है कि दिसंबर में ब्याज दरें 0.25% बढ़ सकती हैं। इसकी संभावना 94% मानी जा रही है, जबकि 0.50% की बढ़ोतरी की संभावना 6% है।

ब्याज दरें बढ़ने से सोने में निवेश कम आकर्षक हो जाता है, क्योंकि सोना रखने पर निवेशकों को कोई ब्याज नहीं मिलता। वहीं, बैंक और दूसरे निवेश विकल्प बेहतर रिटर्न दे सकते हैं। इसके अलावा शेयर बाजार में गिरावट के कारण कुछ निवेशक नुकसान पूरा करने के लिए सोना और चांदी भी बेच रहे हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories