return to news
  1. Gold-Silver Price: 1 महीने में ₹45,590 सस्ती हुई चांदी, सोना भी ₹1.31 लाख तक लुढ़का, जानें गिरावट की वजह

बिजनेस न्यूज़

Gold-Silver Price: 1 महीने में ₹45,590 सस्ती हुई चांदी, सोना भी ₹1.31 लाख तक लुढ़का, जानें गिरावट की वजह

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 18, 2026, 17:07 IST

सारांश

दोनों कीमती धातुएं एक साल से भी अधिक समय के बाद अपने सबसे निचले स्तर के करीब चल रही हैं। कीमतों में आई यह भारी गिरावट उन भारतीय खरीदारों राहत है, जो शादी-ब्याह के मौजूदा सीजन में खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं।

Gold Silver

पिछले 1 महीने में सोने की कीमत में 15,900 रुपये या 10.87 फीसदी की गिरावट आई है।

अगर आप दिवाली के मौके पर सोना या चांदी खरीदने से चूक गए, तो अब आपको पछताने की जरूरत नहीं है। दरअसल, इन दोनों धातुओं की कीमतों में दिवाली के बाद भारी गिरावट नजर आ रही है। ऐसे में अब आप दिवाली के समय से भी कम भाव पर सोना या चांदी खरीद सकते हैं। bullion.co.in के अनुसार आज 18 नवंबर को 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 2.54 फीसदी टूटकर 131,410 रुपये के स्तर पर आ गई है। दूसरी तरफ चांदी की बात करें तो यह भी आज 3.33 परसेंट की बड़ी गिरावट के साथ 164,670 रुपये प्रति किलो के स्तर पर है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

India MCX और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्या है भाव?

India MCX की बात करें तो यहां सोने की कीमत 2.42 फीसदी टूटकर 130,975 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रही है। वहीं चांदी तो 3.53 फीसदी लुढ़ककर 163,705 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो COMEX पर सोने का भाव करीब 2.37% गिरकर 3,772,50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं चांदी की कीमत में 03.46% की बड़ी गिरावट आई और यह 45.72 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

चांदी 1 महीने में 45,590 रुपये सस्ती

दोनों कीमती धातुएं एक साल से भी अधिक समय के बाद अपने सबसे निचले स्तर के करीब चल रही हैं। कीमतों में आई यह भारी गिरावट उन भारतीय खरीदारों राहत है, जो शादी-ब्याह के मौजूदा सीजन में खरीदारी करने की योजना बना रहे हैं।

पिछले 1 महीने में सोने की कीमत में 15,900 रुपये या 10.87 फीसदी की गिरावट आई है। दूसरी तरफ इस दौरान चांदी करीब 45,590 रुपये या 21.80 फीसदी सस्ती हो चुकी है। बता दें कि जनवरी 2026 में सोने ने ₹1,93,096 प्रति 10 ग्राम का इंट्राडे रिकॉर्ड स्तर छुआ था। दूसरी तरफ चांदी ने भी जनवरी 2026 के अंत में पहली बार 4 लाख का स्तर पार करते हुए ₹4,20,048 प्रति किलोग्राम का ऐतिहासिक शिखर छुआ था।

क्या है सोने-चांदी में गिरावट की वजह?

दिवाली के बाद सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका की आर्थिक नीतियों में संभावित बदलाव, डॉलर का मजबूत होना और अमेरिकी बॉन्ड से मिलने वाला बढ़ता रिटर्न है। इन वजहों से निवेशक सोने और चांदी के बजाय दूसरे निवेश विकल्पों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट देखने को मिली है। इसकी वजह यह है कि चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव ज्यादा होता है और बाजार में निवेशकों की धारणा बदलने का इस पर तेजी से असर पड़ता है।

ब्याज दरें बढ़ने की आशंका

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व (US Fed) द्वारा अगले महीने ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका है। महंगाई की चिंता के चलते बाजार को लग रहा है कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। CME FedWatch टूल के मुताबिक, दिसंबर में ब्याज दरों में 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी की संभावना 95.7 फीसदी और 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की संभावना 4.3 फीसदी आंकी जा रही है।

दरअसल, जब ब्याज दरें बढ़ती हैं तो निवेशकों को बैंक डिपॉजिट और बॉन्ड जैसे विकल्पों में बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद होती है। दूसरी तरफ, सोने और चांदी में निवेश करने पर कोई नियमित ब्याज नहीं मिलता। ऐसे में निवेशक इन धातुओं से पैसा निकालकर दूसरे विकल्पों में लगा सकते हैं। इससे सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ता है।

डॉलर की मजबूती और बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी

अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की एक अहम वजह है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन दोनों धातुओं की कीमत डॉलर में तय होती है। जब डॉलर मजबूत होता है तो भारत जैसे देशों के खरीदारों के लिए सोना और चांदी खरीदना महंगा हो जाता है। इससे मांग पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा, अमेरिकी सरकारी बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न यानी बॉन्ड यील्ड भी बढ़ रहा है। इससे निवेशकों को बॉन्ड में पैसा लगाने का बेहतर मौका दिखाई देता है और सोने में निवेश का आकर्षण कम हो जाता है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories