return to news
  1. एक तरफ एग्रोकेमिकल तो दूसरी तरफ कोयले का दिग्गज, जानिए Crystal Crop और Mahanadi Coalfields के IPO में किसका पलड़ा भारी?

मार्केट न्यूज़

एक तरफ एग्रोकेमिकल तो दूसरी तरफ कोयले का दिग्गज, जानिए Crystal Crop और Mahanadi Coalfields के IPO में किसका पलड़ा भारी?

विकास तिवारी

4 min read | अपडेटेड November 19, 2026, 14:46 IST

सारांश

शेयर बाजार में इस समय क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन और महानदी कोलफील्ड्स के आईपीओ चर्चा में हैं। दूसरे दिन क्रिस्टल क्रॉप का आईपीओ 2.42 गुना सब्सक्राइब हो चुका है, जबकि पहले दिन महानदी कोलफील्ड्स को 0.14 गुना बोली मिली है।

crystal-crop-protection-vs-mahanadi-coalfields-ipo-comparison

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन और महानदी कोलफील्ड्स के आईपीओ में निवेशकों की दिलचस्पी साफ दिख रही है।

प्राइमरी मार्केट में इस हफ्ते दो अलग-अलग सेक्टर की बड़ी कंपनियों के आईपीओ निवेशकों के सामने हैं। एक तरफ खेती से जुड़े उत्पाद बनाने वाली क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन है, तो दूसरी तरफ सरकारी दिग्गज कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स है। ताजा सब्सक्रिप्शन आंकड़ों पर नजर डालें तो दोनों इश्यू को लेकर बाजार का मूड बिल्कुल अलग दिखाई दे रहा है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सब्सक्रिप्शन की रेस में कौन कितना आगे?

19 नवंबर 2026 की दोपहर तक के आंकड़ों के मुताबिक क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के आईपीओ को दूसरे दिन कुल 2.42 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। इसमें रिटेल कैटेगरी 2.61 गुना, क्यूआईबी यानी बड़े संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 2.23 गुना और एनआईआई कैटेगरी 2.17 गुना भरी है। इसके उलट महानदी कोलफील्ड्स के आईपीओ को पहले दिन दोपहर 1 बजकर 25 मिनट तक कुल 0.14 गुना सब्सक्रिप्शन ही मिला है। इसमें रिटेल हिस्सा 0.10 गुना, क्यूआईबी हिस्सा 0.33 गुना और एनआईआई कैटेगरी 0.05 गुना सब्सक्राइब हुई है।

इश्यू साइज और स्ट्रक्चर में है बड़ा अंतर

दोनों आईपीओ के आकार और बनावट में बड़ा फर्क है। क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का आईपीओ करीब 455.71 करोड़ रुपये का है, जिसका प्राइस बैंड 259 से 272 रुपये तय किया गया है। इसमें 355 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और करीब 100.71 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है। वहीं महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ 8,981.12 करोड़ रुपये का है और इसका प्राइस बैंड 129 से 136 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। खास बात यह है कि महानदी कोलफील्ड्स का पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल है, जिसमें कोल इंडिया अपनी करीब 10% हिस्सेदारी बेच रही है।

बिजनेस के लिहाज से दोनों कंपनियां बिल्कुल अलग क्षेत्रों में काम करती हैं। क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन एक प्रमुख एग्रोकेमिकल और बीज कंपनी है, जो कीटनाशक, फंगीसाइड, हर्बिसाइड और हाईब्रिड बीज तैयार करती है। इसका 95% से ज्यादा रेवेन्यू घरेलू कृषि बाजार से आता है, जिससे इसका कारोबार मानसून और खेती के सीजन पर निर्भर रहता है। दूसरी ओर महानदी कोलफील्ड्स ओडिशा के तालचेर और इब वैली में कोयला खदानों का ऑपरेशन करती है। यह देश के कुल कोयला उत्पादन में करीब 21% हिस्सा रखती है और पावर प्लांट्स, सीमेंट तथा स्टील कंपनियों को कोयला सप्लाई करती है।

आईपीओ से जुटाए पैसों का इस्तेमाल कहां होगा?

फंड के इस्तेमाल को लेकर भी दोनों में साफ अंतर है। क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन फ्रेश इश्यू से मिलने वाले 355 करोड़ रुपये में से 247.94 करोड़ रुपये अपना कर्ज चुकाने और 22.06 करोड़ रुपये अपनी सब्सिडियरी सैफायर क्रॉप साइंस का कर्ज कम करने में खर्च करेगी। बाकी पैसा नए अधिग्रहण और सामान्य कॉर्पोरेट कामकाज में लगेगा। इसके विपरीत महानदी कोलफील्ड्स को आईपीओ से कोई पैसा नहीं मिलेगा। सारी रकम कोल इंडिया के पास जाएगी, जो फ्यूचर में कोल गैसिफिकेशन, क्रिटिकल मिनरल्स और रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स पर खर्च करेगी।

कंपनियों की फाइनेंशियल सेहत कैसी है?

फाइनेंशियल प्रदर्शन देखें तो वित्त वर्ष 2026 में क्रिस्टल क्रॉप का ऑपरेशन से रेवेन्यू 17.15% बढ़कर 3,151.97 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 22.40% उछलकर 144.91 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का EBITDA मार्जिन 14.47% दर्ज किया गया, हालांकि अगस्त 2026 तक कंपनी पर करीब 962.67 करोड़ रुपये का कर्ज भी था। वहीं महानदी कोलफील्ड्स आकार में काफी विशाल है। वित्त वर्ष 2026 में इसका ऑपरेशन से रेवेन्यू 30,550 करोड़ रुपये, नेट प्रॉफिट 10,698.12 करोड़ रुपये और EBITDA 16,084.93 करोड़ रुपये रहा। सबसे बड़ी ताकत यह है कि महानदी कोलफील्ड्स पूरी तरह कर्जमुक्त कंपनी है और इसके पास करीब 20,000 करोड़ रुपये का कैश बैलेंस मौजूद है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख

End of additional stories