return to news
  1. EPFO का बड़ा फैसला, रिटायरमेंट के बाद किस्तों में निकाल सकेंगे PF का पैसा, मिनिमम बैलेंस घटकर हुआ 10%

पर्सनल फाइनेंस

EPFO का बड़ा फैसला, रिटायरमेंट के बाद किस्तों में निकाल सकेंगे PF का पैसा, मिनिमम बैलेंस घटकर हुआ 10%

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 19, 2026, 16:43 IST

सारांश

EPFO ने करोड़ों नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने रिटायरमेंट के बाद पीएफ का पैसा किस्तों में निकालने के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को मंजूरी दे दी है। साथ ही पीएफ अकाउंट में अनिवार्य मिनिमम बैलेंस की शर्त भी 25% से घटाकर 10% कर दी गई है।

epfo-approves-systematic-withdrawal-plan

सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान को मंजूरी दी और मिनिमम बैलेंस घटकर 10% किया।

करोड़ों नौकरीपेशा लोगों की रिटायरमेंट प्लानिंग अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रही है। ईपीएफओ यानी एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन ने अपने सदस्यों के लिए सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान यानी SWP शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। श्रम मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में 19 नवंबर को हुई सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की 240वीं बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया। इसके साथ ही EPFO बोर्ड ने पीएफ अकाउंट में अनिवार्य मिनिमम बैलेंस की शर्त को भी मौजूदा 25% से घटाकर 10% करने का प्रस्ताव पास कर दिया है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या है सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान और किसे मिलेगा फायदा?

अब तक रिटायरमेंट के बाद ज्यादातर कर्मचारी अपने पीएफ का पूरा पैसा एक साथ निकाल लेते थे, जिससे उनके सामने इतनी बड़ी रकम को संभालने और सही जगह निवेश करने की चुनौती रहती थी। नई व्यवस्था के तहत रिटायर होने वाले मेंबर अपनी जमा पीएफ बचत को एकमुश्त निकालने के बजाय नियमित किस्तों में ले सकेंगे। खास बात यह है कि जो पैसा पीएफ खाते में बचा रहेगा, उस पर EPF की तय दर से ब्याज मिलता रहेगा। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बोर्ड ने 8.25% ब्याज दर की सिफारिश की है। इस कदम से 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख ऐसे मेंबर्स को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है, जिनके पीएफ खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं।

प्रस्तावित ढांचे के तहत सदस्यों को पैसा निकालने के लिए तीन अलग-अलग विकल्प मिलने की उम्मीद है। पहले विकल्प में मेंबर अपनी पूरी जमा राशि को तय समय पर नियमित किस्तों में निकाल सकेंगे। दूसरे विकल्प में वे शुरुआत में एक हिस्सा एकमुश्त निकालकर बाकी रकम को किस्तों में ले सकते हैं। वहीं तीसरे विकल्प में मूलधन को खाते में सुरक्षित रखकर सिर्फ उस पर मिलने वाले ब्याज की निकासी की जा सकेगी। इसके अलावा सदस्य जरूरत पड़ने पर इस प्लान को बीच में बंद करके बाकी बची पूरी रकम भी क्लेम कर सकेंगे। अगर भुगतान की अवधि के दौरान किसी मेंबर की मृत्यु हो जाती है, तो नॉमिनी या आश्रित के पास बची हुई राशि एक साथ निकालने या नियमित किस्तें जारी रखने का विकल्प मौजूद रहेगा।

आंशिक निकासी और मिनिमम बैलेंस के नियम भी हुए आसान

रिटायरमेंट से पहले पीएफ निकालने के नियमों में भी ईपीएफओ ने बड़ी ढील दी है। संशोधित नियमों के तहत अब 55 साल से कम उम्र के सदस्य अपने पात्र पीएफ बैलेंस का 90% तक हिस्सा निकाल सकेंगे, जबकि पहले यह सीमा 75% थी। इसी कड़ी में बोर्ड ने खाते में अनिवार्य मिनिमम बैलेंस की सीमा 25% से घटाकर 10% कर दी है। बेरोजगारी से जुड़ी निकासी के लिए वेटिंग पीरियड को भी 12 महीने से घटाकर सिर्फ दो महीने कर दिया गया है। अब इलाज, पढ़ाई, शादी और घर खरीदने, बनाने, होम लोन चुकाने या मरम्मत जैसे कामों के लिए पीएफ से पैसा निकालना काफी सरल हो जाएगा।

कब से लागू होगी यह नई सुविधा?

हालांकि यह सुविधा तुरंत लागू नहीं होगी और ईपीएफओ द्वारा औपचारिक नोटिफिकेशन तथा विस्तृत गाइडलाइंस जारी होने के बाद ही शुरू हो पाएगी। शुरुआती चरण में इसका लाभ वैधानिक ईपीएफ ढांचे के तहत आने वाले सदस्यों को मिलेगा, जबकि एग्जेम्प्टेड ट्रस्ट वाले कर्मचारी फिलहाल इससे बाहर रह सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर कोई व्यक्ति 30 लाख रुपये के पीएफ फंड के साथ रिटायर होता है, तो वह किस्तों में पैसा लेकर अपने मासिक खर्च आसानी से चला सकता है और बचे फंड पर ब्याज भी कमा सकता है। यह सुविधा EPF फंड से जुड़ी है और EPS के तहत मिलने वाली मासिक पेंशन पहले की तरह अलग लाभ के रूप में जारी रहेगी।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories