पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड November 19, 2026, 15:05 IST
सारांश
घर बनाने के लिए मिलने वाला कंस्ट्रक्शन लोन आमतौर पर उसी जमीन और उस पर बनने वाले मकान को गिरवी रखकर दिया जाता है। ऐसे में बैंक उस व्यक्ति को भी लोन के आवेदन में शामिल करने की मांग कर सकता है, जिसके नाम पर जमीन रजिस्टर्ड है।

पिता को मुख्य आवेदक और बेटे को को-अप्लिकेंट बनाकर लोन लिया जा सकता है।
अपना घर बनाने का सपना पूरा करने के लिए होम लोन लेना चाहते हैं, लेकिन जिस जमीन पर मकान बनना है, वह आपके पिता के नाम पर है, तो लोन मिलने की प्रक्रिया थोड़ी मुश्किल हो सकती है। अच्छी सैलरी और नौकरी होने के बावजूद बैंक लोन देने से पहले जमीन के मालिकाना हक और उससे जुड़े कानूनी दस्तावेजों की जांच करेगा। इसके अलावा पिता की उम्र, आपकी मौजूदा ईएमआई और पुराने लोन चुकाने का रिकॉर्ड भी अहम भूमिका निभाएगा।
ऐसे में सवाल है कि क्या बेटा अपने पिता की जमीन पर घर बनाने के लिए होम लोन ले सकता है? इसके लिए पिता को भी लोन में शामिल करना जरूरी है या जमीन अपने नाम करवानी पड़ेगी? आइए समझते हैं।
नौकरीपेशा व्यक्ति की होम लोन लेने की पात्रता उसकी कमाई, मौजूदा ईएमआई और पुराने लोन चुकाने के रिकॉर्ड से तय होती है। लेकिन अगर घर बनाने वाली जमीन पिता के नाम पर है, तो मामला थोड़ा अलग हो जाता है। दरअसल, घर बनाने के लिए मिलने वाला कंस्ट्रक्शन लोन आमतौर पर उसी जमीन और उस पर बनने वाले मकान को गिरवी रखकर दिया जाता है। ऐसे में बैंक उस व्यक्ति को भी लोन के आवेदन में शामिल करने की मांग कर सकता है, जिसके नाम पर जमीन रजिस्टर्ड है।
यानी अगर जमीन पिता के नाम पर है, तो उन्हें को-अप्लिकेंट या को-बॉरोअर बनना पड़ सकता है। इसके अलावा उनकी उम्र भी महत्वपूर्ण है। बैंक अक्सर रिटायरमेंट की उम्र को ध्यान में रखकर लोन चुकाने की अवधि तय करते हैं। पिता की उम्र ज्यादा होने पर लोन की अवधि सीमित हो सकती है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कई मामलों में जमीन का मालिकाना हक पहले ही बेटे के नाम ट्रांसफर करवा लेने से लोन की प्रक्रिया आसान हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि बैंक को प्रॉपर्टी पर मॉर्गेज बनाने में आसानी होती है। हालांकि, परिवार के पास दूसरे विकल्प भी हैं। उदाहरण के लिए पिता को मुख्य आवेदक और बेटे को को-अप्लिकेंट बनाकर लोन लिया जा सकता है। कुछ मामलों में लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी का विकल्प भी अपनाया जा सकता है। इसमें पिता की जमीन को सिक्योरिटी के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है।
लोन मंजूर करने से पहले बैंक जमीन के मालिकाना हक की जांच करेगा। इसके लिए पिता के नाम की सेल डीड या टाइटल डीड, एनकम्ब्रेंस सर्टिफिकेट, म्यूटेशन रिकॉर्ड, आरएस और एलआर खतियान जैसे जमीन से जुड़े रिकॉर्ड और प्रॉपर्टी टैक्स की रसीद मांगी जा सकती है।
अगर जमीन पिता को विरासत में मिली है, तो बैंक पुराने मालिक का डेथ सर्टिफिकेट, लीगल हेयर सर्टिफिकेट और संपत्ति के उत्तराधिकार से जुड़े दूसरे दस्तावेज भी मांग सकता है। वहीं, बेटे को अपनी सैलरी स्लिप, इनकम प्रूफ, बैंक स्टेटमेंट और पहले से चल रही ईएमआई की जानकारी देनी पड़ सकती है। घर बनाने के लिए मंजूर बिल्डिंग प्लान और निर्माण का अनुमानित खर्च भी जमा करना होगा।
होम लोन की मंजूरी के लिए सबसे जरूरी है कि जमीन का मालिकाना हक साफ हो और उस पर किसी तरह का कानूनी विवाद या बकाया कर्ज न हो। इसके अलावा मकान का नक्शा संबंधित नगर निगम या स्थानीय निकाय से मंजूर होना चाहिए। बैंक यह भी देखेगा कि आवेदक की कमाई मौजूदा ईएमआई के साथ नए लोन की किस्त चुकाने के लिए पर्याप्त है या नहीं। उसका पुराना रीपेमेंट रिकॉर्ड भी जांचा जाएगा।
ध्यान रखें कि घर बनाने के लिए लोन की रकम अक्सर एक साथ नहीं, बल्कि निर्माण के अलग-अलग चरणों के हिसाब से जारी की जाती है। इसलिए जमीन के मालिकाना हक, जरूरी दस्तावेजों और लोन की सही संरचना पहले से स्पष्ट रखना जरूरी है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख