पर्सनल फाइनेंस

4 min read | अपडेटेड November 19, 2026, 10:34 IST
सारांश
इस योजना का नाम इंदिरम्मा फैमिली इंश्योरेंस स्कीम (Indiramma Family Insurance Scheme) है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी 19 नवंबर को सिद्धिपेट में एक कार्यक्रम के दौरान इसकी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करेंगे।

परिवार के कमाने वाले सदस्य की मृत्यु होने पर उसके परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक मदद मिलेगी।
परिवार में कमाने वाले व्यक्ति की अचानक मौत हो जाए, तो पीछे छूटे लोगों के सामने सबसे बड़ी चुनौती घर का खर्च चलाने की होती है। इसी परेशानी को देखते हुए तेलंगाना सरकार एक नई बीमा योजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत परिवार के एक कमाने वाले सदस्य की मृत्यु होने पर उसके परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक मदद मिलेगी। अच्छी बात यह है कि इस बीमा के लिए परिवार को कोई प्रीमियम नहीं देना होगा। इसका पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
इस योजना का नाम इंदिरम्मा फैमिली इंश्योरेंस स्कीम (Indiramma Family Insurance Scheme) है। मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी 19 नवंबर को सिद्धिपेट में एक कार्यक्रम के दौरान इसकी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करेंगे। सरकार का लक्ष्य राज्य के करीब एक करोड़ परिवारों को इस योजना से जोड़ना है। कुछ सरकारी जानकारियों में यह संख्या 1.15 करोड़ परिवार बताई गई है।
इस योजना के तहत हर पात्र परिवार के एक कमाने वाले सदस्य को ₹5 लाख का लाइफ इंश्योरेंस कवर दिया जाएगा। अगर बीमा कवर वाले व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो उसके परिवार की ओर से चुने गए नॉमिनी को ₹5 लाख की रकम मिलेगी।
इस योजना का पूरा प्रीमियम सरकार भरेगी। यानी परिवार को बीमा कराने के लिए किसी तरह का भुगतान नहीं करना होगा। सरकार का मकसद अलग-अलग विभागों की मौजूदा बीमा योजनाओं को एक ही व्यवस्था के तहत लाना भी है। अभी कुछ योजनाओं में लाइफ इंश्योरेंस कवर ₹2 लाख तक है। इसे बढ़ाकर ₹5 लाख करने का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, मौजूदा दुर्घटना बीमा के लाभ भी जारी रखने की बात कही गई है।
तेलंगाना सरकार इस योजना को जाति, धर्म और आय के भेदभाव के बिना लागू करना चाहती है। इसके लिए परिवार के पास राज्य का वैध राशन कार्ड होना जरूरी बताया गया है। परिवार का एक कमाने वाला सदस्य इस बीमा के लिए चुना जा सकता है। प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, उसकी उम्र 18 से 59 साल के बीच होनी चाहिए। अगर परिवार में एक से ज्यादा लोग कमाते हैं, तो परिवार अपनी पसंद से किसी एक सदस्य को बीमा कवर के लिए चुन सकता है।
इसके अलावा, परिवार एक या एक से ज्यादा नॉमिनी बना सकता है। अगर एक से ज्यादा नॉमिनी हैं, तो बीमा की रकम उनके बीच किस अनुपात में बांटी जाएगी, इसकी जानकारी भी आवेदन में देनी होगी।
योजना के लिए रजिस्ट्रेशन 19 नवंबर से शुरू होगा। इच्छुक परिवार अपनी ग्राम पंचायत या सरकार की ओर से बनाए गए रजिस्ट्रेशन सेंटर और विशेष कैंप में जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म में राशन कार्ड की जानकारी और बीमा के लिए चुने गए सदस्य का विवरण भरना होगा। इसके बाद नॉमिनी का नाम और जरूरी जानकारी देनी होगी। एक से ज्यादा नॉमिनी होने पर उनके बीच रकम के बंटवारे का अनुपात भी बताना होगा।
सरकार की योजना स्वयं सहायता समूहों (SHG) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की मदद से रजिस्ट्रेशन कराने की है। इसके लिए ऐप और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी प्रस्तावित है। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि आवेदन में दर्ज जानकारी परिवार को पढ़कर सुनाई जाए और उनकी सहमति लेने के बाद बीमित सदस्य के हस्ताक्षर लिए जाएं।
फिलहाल सरकार ने दस्तावेजों की पूरी आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। हालांकि, आवेदन के लिए तेलंगाना का वैध राशन कार्ड, बीमा के लिए चुने गए सदस्य का आधार कार्ड या अन्य पहचान संबंधी जानकारी तैयार रखनी चाहिए। इसके अलावा बीमित व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी, नॉमिनी के नाम और पहचान संबंधी विवरण और परिवार का संपर्क नंबर भी मांगा जा सकता है। आवेदन करने से पहले अपने नजदीकी रजिस्ट्रेशन सेंटर से दस्तावेजों की अंतिम सूची जरूर पता कर लें।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख