पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड November 20, 2026, 08:59 IST
सारांश
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने 19 नवंबर 2026 को हुई अपनी 240वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने की। इस सुविधा को अनिवार्य नहीं बनाया जाएगा।

SWP के तहत कर्मचारी अपनी सुविधा के मुताबिक निकासी की अवधि चुन सकेंगे।
नौकरी के दौरान जमा होने वाला प्रोविडेंट फंड (PF) रिटायरमेंट के बाद बड़ी आर्थिक मदद बनता है। आमतौर पर कर्मचारी रिटायर होने पर अपने PF खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकाल लेते हैं। लेकिन अब ऐसा करना जरूरी नहीं होगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) एक ऐसी सुविधा लाने जा रहा है, जिससे रिटायरमेंट के बाद भी PF से नियमित कमाई की जा सकेगी। इसके तहत कर्मचारी अपनी जरूरत के मुताबिक हर महीने, तीन महीने या छह महीने में पैसा निकाल सकेंगे। खास बात यह है कि खाते में बची हुई रकम पर ब्याज भी मिलता रहेगा। इस सुविधा को सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) कहा जा रहा है।
EPFO के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने 19 नवंबर 2026 को हुई अपनी 240वीं बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने की। इस सुविधा को अनिवार्य नहीं बनाया जाएगा। यानी रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी के पास दोनों विकल्प होंगे। वह चाहे तो PF की पूरी रकम एक साथ निकाल सकता है या फिर SWP के जरिए किस्तों में पैसा ले सकता है।
श्रम मंत्रालय के अनुसार, शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र वाले करीब 6.32 लाख EPF सदस्यों को इसका फायदा मिल सकता है। इन सदस्यों के PF खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा की रकम जमा है। आने वाले समय में रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए भी यह सुविधा उपलब्ध हो सकती है।
इसका सबसे ज्यादा फायदा उन रिटायर कर्मचारियों को हो सकता है, जिनके पास पेंशन के अलावा नियमित आमदनी का कोई दूसरा साधन नहीं है। उन्हें अपनी पूरी बचत एक साथ निकालकर बैंक या किसी अन्य निवेश विकल्प में लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे जरूरत के हिसाब से पैसा निकाल सकेंगे और बाकी रकम EPF खाते में सुरक्षित रख सकेंगे।
SWP के तहत कर्मचारी अपनी सुविधा के मुताबिक निकासी की अवधि चुन सकेंगे। इसमें हर महीने, हर तीन महीने या हर छह महीने में PF से पैसा निकालने का विकल्प होगा। मान लीजिए, किसी कर्मचारी के PF खाते में रिटायरमेंट के समय 10 लाख रुपये जमा हैं। वह पूरी रकम निकालने के बजाय नियमित अंतराल पर कुछ पैसा लेना चाहता है।
ऐसे में वह तय अवधि पर रकम निकाल सकेगा और खाते में बची राशि पर EPF की लागू ब्याज दर के हिसाब से रिटर्न मिलता रहेगा। इस तरह रिटायरमेंट के बाद खर्चों के लिए नियमित पैसा मिलता रहेगा और पूरी बचत एक साथ खत्म नहीं होगी।
नहीं, SWP और कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) दोनों अलग-अलग सुविधाएं हैं। EPS के तहत कम से कम 10 साल की पात्र सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को नियमों के अनुसार मासिक पेंशन मिलती है।
दूसरी तरफ, SWP के जरिए कर्मचारी अपने PF खाते में जमा रकम का कुछ हिस्सा समय-समय पर निकाल सकेंगे। यानी दोनों योजनाओं के लिए पात्र रिटायर कर्मचारियों को EPS से मासिक पेंशन और SWP से PF की रकम निकालने का अलग-अलग विकल्प मिल सकता है।
EPFO के प्रस्ताव में परिवार के हितों का भी ध्यान रखा गया है। अगर SWP के तहत किस्तों में पैसा मिलते समय कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या पात्र आश्रितों को खाते में बची रकम निकालने का विकल्प मिलेगा। वे चाहें तो पहले से चल रहे किस्तों के भुगतान को भी जारी रख सकते हैं।
फिलहाल SWP को लेकर विस्तृत नियम और संचालन की प्रक्रिया सामने आना बाकी है। श्रम मंत्रालय के मुताबिक, जरूरी मंजूरी के बाद EPF स्कीम में संबंधित संशोधन की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके अलावा इनकम टैक्स एक्ट में जरूरी बदलाव के लिए वित्त मंत्रालय के साथ भी चर्चा की जा रही है। निकासी की न्यूनतम और अधिकतम सीमा समेत कई अहम जानकारियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। इसलिए इस सुविधा का वास्तविक फायदा इसके अंतिम नियम और लागू होने की तारीख पर निर्भर करेगा।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख