return to news
  1. IITF 2026: PF, UAN और पेंशन से जुड़े काम होंगे तुरंत, EPFO के इस पवेलियन में मिलेंगी कई सुविधाएं

पर्सनल फाइनेंस

IITF 2026: PF, UAN और पेंशन से जुड़े काम होंगे तुरंत, EPFO के इस पवेलियन में मिलेंगी कई सुविधाएं

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 18, 2026, 14:07 IST

सारांश

EPFO के पवेलियन में पीएफ खाताधारकों के लिए कई सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यहां लोग अपना UAN जनरेट और एक्टिवेट करा सकते हैं। इसके अलावा UAN से जुड़ी ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया में भी मदद मिलेगी।

EPFO

ईएसआईसी के पवेलियन में स्वास्थ्य से जुड़ी कई सुविधाएं दी जा रही हैं।

अगर आप PF खाताधारक हैं, पेंशन लेते हैं या EPFO से जुड़ी किसी समस्या का समाधान चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने अपने विशेष पवेलियन शुरू किए हैं। यहां लोगों को कई सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही जगह मिल रहा है। खास बात यह है कि कुछ समस्याओं का समाधान मौके पर ही कराया जा सकता है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 14 नवंबर को दोनों पवेलियन का उद्घाटन किया था। इस दौरान ईपीएफओ के सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर रमेश कृष्णमूर्ति, ईएसआईसी के डायरेक्टर जनरल अशोक कुमार सिंह और दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कब और कहां जा सकते हैं?

दोनों पवेलियन 14 नवंबर से 27 नवंबर 2026 तक IITF के दौरान खुले रहेंगे। पीएफ खाताधारक, पेंशनर्स, कर्मचारी, नियोक्ता और आम नागरिक इन पवेलियन में जाकर सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

  • EPFO पवेलियन: भारत मंडपम, हॉल नंबर 4, ग्राउंड फ्लोर, स्टॉल नंबर 8A।
  • ESIC पवेलियन: भारत मंडपम, हॉल नंबर 4, पहली मंजिल, स्टॉल नंबर 4F-05-A।

EPFO पवेलियन में मिलेंगी PF और पेंशन से जुड़ी सुविधाएं

ईपीएफओ के पवेलियन में पीएफ खाताधारकों के लिए कई सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यहां लोग अपना UAN जनरेट और एक्टिवेट करा सकते हैं। इसके अलावा UAN से जुड़ी ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया में भी मदद मिलेगी।

अगर किसी कर्मचारी को अपने पीएफ खाते की जानकारी में सुधार कराना है, तो वह जॉइंट डिक्लेरेशन के जरिए ऐसा कर सकता है। यहां ऑनलाइन क्लेम फाइल करने, KYC में सुधार और शिकायतों के समाधान के लिए भी अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।

पेंशनर्स के लिए यहां पेंशन हेल्प डेस्क भी है। इस पर पेंशन से जुड़ी समस्याओं का समाधान और डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी और ई-श्रम से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

लोगों को ईपीएफओ की योजनाओं के बारे में समझाने के लिए यहां राजा रैंचो नाम से एक कठपुतली शो भी आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद मनोरंजक तरीके से लोगों को पीएफ और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े फायदों की जानकारी देना है।

ESIC पवेलियन में मुफ्त हेल्थ चेकअप की सुविधा

ईएसआईसी के पवेलियन में स्वास्थ्य से जुड़ी कई सुविधाएं दी जा रही हैं। यहां आने वाले लोग मुफ्त में ब्लड प्रेशर और ब्लड ग्लूकोज की जांच करा सकते हैं। इसके अलावा मौके पर ही आधार सीडिंग और शिकायतों के समाधान की सुविधा भी उपलब्ध है। लोग दिल्ली और हरियाणा के वरिष्ठ ईएसआईसी अधिकारियों से सीधे बातचीत कर अपनी समस्याएं बता सकते हैं। पवेलियन में डिजिटल स्क्रीन, ऑडियो-विजुअल प्रेजेंटेशन और Know ESIC क्विज जैसी गतिविधियां भी रखी गई हैं।

यहां Take a Selfie and Become a Doctor नाम से एक इंटरैक्टिव एक्टिविटी भी है। इसके अलावा लकी प्रतिभागियों को रोजाना गिफ्ट बैग और दूसरे सामान दिए जा रहे हैं। लोगों की राय और सुझाव सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम भी शुरू किया गया है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories