return to news
  1. आपके दोस्त ने EMI नहीं भरी तो फंसेंगे आप! गारंटर बनने से पहले जान लें ये नियम

पर्सनल फाइनेंस

आपके दोस्त ने EMI नहीं भरी तो फंसेंगे आप! गारंटर बनने से पहले जान लें ये नियम

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड November 19, 2026, 08:42 IST

सारांश

जब आप किसी व्यक्ति के लोन के गारंटर बनते हैं, तो आप बैंक को यह भरोसा देते हैं कि अगर लोन लेने वाला व्यक्ति पैसा नहीं चुका पाया, तो आप उसकी जगह बकाया रकम चुकाएंगे। भारतीय कानून के मुताबिक, गारंटर की जिम्मेदारी भी मुख्य कर्जदार के बराबर होती है।

Loan

अगर कर्जदार किस्तें चुकाना बंद कर देता है, तो इसका असर गारंटर के क्रेडिट रिकॉर्ड पर भी पड़ सकता है।

किसी करीबी की आर्थिक मदद करना अच्छी बात है, लेकिन इसके लिए उसके लोन का गारंटर बनने से पहले आपको कई बार सोचना चाहिए। अक्सर लोग दोस्त या रिश्तेदार के भरोसे पर बिना ज्यादा जानकारी लिए गारंटर बनने के लिए तैयार हो जाते हैं। उन्हें लगता है कि जब लोन लेने वाला व्यक्ति खुद ईएमआई चुका रहा है, तो उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। लेकिन हकीकत इससे अलग है। गारंटर बनने के बाद उस लोन से जुड़ी आर्थिक जिम्मेदारी आपकी भी हो जाती है। कर्जदार की एक चूक आपके क्रेडिट स्कोर से लेकर भविष्य में लोन लेने की योजना तक बिगाड़ सकती है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

गारंटर बनने से भविष्य के लोन पर क्या असर पड़ेगा?

अगर आप किसी व्यक्ति के होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन के गारंटर हैं, तो नया लोन लेते समय बैंक इस बात को ध्यान में रख सकता है। बैंक आपकी कुल आर्थिक जिम्मेदारियों और कर्ज चुकाने की क्षमता का आकलन करते हैं। गारंटी वाले लोन को भी संभावित देनदारी माना जाता है। ऐसे में बैंक आपको मिलने वाली लोन की रकम कम कर सकता है या ब्याज दर में बदलाव कर सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, भले ही मुख्य कर्जदार समय पर ईएमआई चुका रहा हो, फिर भी बैंक गारंटर की मौजूदा आर्थिक जिम्मेदारी को नए लोन का आवेदन जांचते समय ध्यान में रख सकते हैं।

ईएमआई नहीं चुकाई तो आपकी क्रेडिट रिपोर्ट पर भी पड़ेगा असर

जिस लोन के लिए आप गारंटर बने हैं, उसकी जानकारी आपकी क्रेडिट रिपोर्ट में भी दर्ज होती है। अगर मुख्य कर्जदार ईएमआई चुकाने में चूक करता है या उसका लोन एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) बन जाता है, तो इसका असर गारंटर की क्रेडिट रिपोर्ट पर भी दिखाई दे सकता है। इससे आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है। लोन डिफॉल्ट होने से पहले भी गारंटी वाले लोन की जानकारी गारंटर की क्रेडिट रिपोर्ट में एक जिम्मेदारी के रूप में दर्ज रहती है। अगर बैंक गारंटर से बकाया रकम मांगता है और वह भी भुगतान नहीं करता, तो यह डिफॉल्ट उसके अपने क्रेडिट रिकॉर्ड में दर्ज हो सकता है।

बैंक को पहले कर्जदार के पीछे भागने की जरूरत नहीं

नियम के मुताबिक गारंटर की जिम्मेदारी मुख्य कर्जदार के बराबर होती है, जब तक कि समझौते में कुछ अलग न लिखा हो। इसका मतलब है कि कर्जदार के डिफॉल्ट करने पर बैंक सीधे गारंटर से भी बकाया रकम मांग सकता है। बैंक वसूली के लिए सिविल कोर्ट या डेट्स रिकवरी ट्रिब्यूनल (DRT) का सहारा ले सकता है। अगर गारंटर ने प्रॉपर्टी गिरवी रखी है, तो कार्रवाई भी हो सकती है। इसके अलावा, गारंटर के खिलाफ दिवालियापन की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

पैसा चुकाने के बाद कर्जदार से वसूली का अधिकार

अगर गारंटर बैंक को अपनी जेब से बकाया रकम चुका देता है, तो वह मुख्य कर्जदार से यह पैसा वापस मांग सकता है। इंडियन कॉन्ट्रैक्ट एक्ट की धारा 140 गारंटर को यह कानूनी अधिकार देती है। इसलिए किसी के लोन का गारंटर बनने से पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट, आर्थिक स्थिति और भविष्य की लोन जरूरतों को ध्यान में रखें। साथ ही, कर्जदार की ईएमआई भुगतान हिस्ट्री पर नजर रखें और समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट भी चेक करते रहें।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। कोई भी फैसला लेने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories