return to news
  1. ITR Filing 2026: टैक्स बचाना है तो जान लें LTA के नियम, इन शर्तों पर ही मिलेगा छूट का फायदा

पर्सनल फाइनेंस

ITR Filing 2026: टैक्स बचाना है तो जान लें LTA के नियम, इन शर्तों पर ही मिलेगा छूट का फायदा

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड July 21, 2026, 18:32 IST

सारांश

LTA यानी Leave Travel Allowance वह भत्ता है, जो एम्प्लॉयर कर्मचारियों को छुट्टी के दौरान यात्रा खर्च के लिए देता है। आयकर अधिनियम की धारा 10(5) के तहत तय शर्तें पूरी होने पर इस राशि पर टैक्स छूट मिल सकती है।

ITR Filing 2026

LTA का लाभ केवल उन्हीं कर्मचारियों को मिलता है, जिनके सैलरी स्ट्रक्चर में LTA शामिल है।

ITR Filing 2026: 31 जुलाई को आयकर रिटर्न (ITR) दाखिल करने की आखिरी तारीख नजदीक है। ऐसे में अगर आप सैलरीड हैं और पुरानी टैक्स व्यवस्था चुन रहे हैं, तो लीव ट्रैवल अलाउंस (LTA) के नियम जानना आपके लिए जरूरी है। सही तरीके से LTA का दावा करने पर टैक्स बचाया जा सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें पूरी करनी होती हैं। यहां हम इन्ही चीजों के बारे में विस्तार से समझेंगे।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

LTA यानी Leave Travel Allowance वह भत्ता है, जो एम्प्लॉयर कर्मचारियों को छुट्टी के दौरान यात्रा खर्च के लिए देता है। आयकर अधिनियम की धारा 10(5) के तहत तय शर्तें पूरी होने पर इस राशि पर टैक्स छूट मिल सकती है।

किन लोगों को मिलेगा LTA का फायदा?

LTA का लाभ केवल उन्हीं कर्मचारियों को मिलता है, जिनके सैलरी स्ट्रक्चर में LTA शामिल है। अगर आपकी सैलरी में यह हिस्सा नहीं है, तो आप इस छूट का दावा नहीं कर सकते। साथ ही यात्रा छुट्टी के दौरान की गई होनी चाहिए। ध्यान रखें कि नई टैक्स व्यवस्था चुनने वाले करदाता LTA पर टैक्स छूट का लाभ नहीं ले सकते। यह सुविधा केवल पुरानी टैक्स व्यवस्था में उपलब्ध है।

किन खर्चों पर मिलेगी टैक्स छूट?

LTA के तहत केवल भारत के भीतर की यात्रा का वास्तविक किराया ही टैक्स छूट के दायरे में आता है। इसमें हवाई यात्रा, ट्रेन या सार्वजनिक परिवहन का किराया शामिल हो सकता है। हालांकि यह छूट सिर्फ यात्रा खर्च तक सीमित है।

इन खर्चों पर नहीं मिलेगी छूट

अगर आपने यात्रा के दौरान होटल में ठहरने, खाने-पीने, स्थानीय घूमने, शॉपिंग या अन्य खर्च किए हैं, तो उन पर LTA के तहत कोई टैक्स छूट नहीं मिलेगी। इसी तरह विदेश यात्रा पर भी LTA का लाभ नहीं मिलता।

कितनी बार कर सकते हैं दावा?

आयकर नियमों के अनुसार सरकार द्वारा तय चार कैलेंडर वर्षों के एक ब्लॉक में LTA का दावा दो यात्राओं के लिए किया जा सकता है। यदि किसी ब्लॉक में केवल एक यात्रा पर दावा किया गया है, तो तय शर्तों के साथ दूसरी यात्रा का लाभ अगले ब्लॉक की पहली यात्रा में लिया जा सकता है।

क्या परिवार के साथ यात्रा पर भी मिलेगा लाभ?

अगर आप अपने पात्र परिवार के सदस्यों के साथ यात्रा करते हैं, तो भी LTA का लाभ मिल सकता है। हालांकि इसके लिए आयकर नियमों में परिवार की जो परिभाषा और अन्य शर्तें तय हैं, उनका पालन करना जरूरी है।

दस्तावेज संभालकर रखें

LTA का दावा करने के लिए यात्रा से जुड़े सभी दस्तावेज जैसे टिकट, बोर्डिंग पास और अन्य प्रमाण सुरक्षित रखें। कई कंपनियां टैक्स छूट देने से पहले इन दस्तावेजों की जांच करती हैं। भविष्य में आयकर विभाग की जांच होने पर भी इनकी जरूरत पड़ सकती है।

ITR भरते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आपके नियोक्ता ने दस्तावेज जांचने के बाद LTA छूट को मंजूरी दे दी है, तो इसकी जानकारी Form 16 में दिखाई देगी। ITR दाखिल करने से पहले Form 16 को अच्छी तरह जांच लें। यदि आप सीधे ITR में LTA का दावा कर रहे हैं, तो सुनिश्चित करें कि आप सभी जरूरी शर्तें पूरी करते हों और आपके पास यात्रा के पर्याप्त दस्तावेज मौजूद हों।

अगला लेख