पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड November 25, 2026, 19:30 IST
सारांश
नौकरीपेशा लोगों में यह भ्रम रहता है कि तीन साल तक योगदान न होने पर पीएफ अकाउंट निष्क्रिय हो जाता है और ब्याज मिलना बंद हो जाता है। EPFO ने यूट्यूब वीडियो के जरिए नियम साफ किए हैं। अगर आप 55 साल की उम्र से पहले नौकरी छोड़ते हैं, तो 58 साल की उम्र तक ब्याज मिलता रहता है।

EPFO ने वीडियो जारी कर इनऑपरेटिव पीएफ अकाउंट और उस पर मिलने वाले ब्याज से जुड़े नियमों को स्पष्ट किया है।
नौकरीपेशा लोगों के बीच अक्सर यह गलतफहमी रहती है कि अगर वे अपने एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड यानी EPF खाते में तीन साल तक कोई योगदान नहीं करते हैं, तो उनका खाता निष्क्रिय या इनऑपरेटिव हो जाता है। लोग यह भी मान लेते हैं कि ऐसे खाते में जमा पैसे पर ब्याज मिलना बंद हो जाता है। इस भ्रम को दूर करने के लिए एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन यानी ईपीएफओ ने यूट्यूब पर एक वीडियो जारी कर नियम पूरी तरह साफ कर दिए हैं। ईपीएफओ ने बताया है कि अगर कोई सदस्य 55 साल की उम्र से पहले अपनी नौकरी छोड़ देता है और खाते में नया पैसा जमा नहीं होता है, तब भी उसके खाते में 58 साल की उम्र तक सामान्य नियमों के अनुसार ब्याज मिलता रहता है।
ईपीएफ स्कीम 1952 के पैरा 72(6) में दी गई शर्तों के मुताबिक मुख्य रूप से चार स्थितियां ऐसी हैं जिनमें पीएफ खाता इनऑपरेटिव माना जाता है और उस पर ब्याज मिलना रुक जाता है। पहली स्थिति रिटायरमेंट से जुड़ी है। अगर कोई कर्मचारी 55 साल या उसके बाद रिटायर होता है और अपने बैलेंस का क्लेम नहीं करता है, तो आखिरी योगदान की तारीख से 36 महीने बीतने के बाद खाता निष्क्रिय हो जाता है। उदाहरण के लिए अगर कोई 58 साल में रिटायर होता है, तो 61 साल की उम्र तक ब्याज मिलता रहेगा और 36 महीने पूरे होते ही ब्याज रुक जाएगा। दूसरी स्थिति स्थायी रूप से विदेश बसने की है, जहां आखिरी योगदान के 36 महीने बाद खाता इनऑपरेटिव हो जाता है।
तीसरी स्थिति सदस्य की मृत्यु से जुड़ी हुई है। ईपीएफओ के नियमों के अनुसार अगर किसी कर्मचारी की मृत्यु हो जाती है और उसके परिवार के सदस्य या नॉमिनी मृत्यु के 36 महीने के भीतर क्लेम जमा नहीं करते हैं, तो खाता निष्क्रिय हो सकता है और ब्याज रुक जाता है। चौथी स्थिति बैंक की तकनीकी गलती से जुड़ी है। ईपीएफओ ने वीडियो में बताया कि अगर कोई सदस्य फाइनल सेटलमेंट के लिए फॉर्म 19 जमा करता है और बंद बैंक खाते या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण पैसा वापस EPFO के पास लौट आता है, तो 36 महीने तक उस रकम पर क्लेम न होने की स्थिति में भी खाता इनऑपरेटिव हो जाता है।
ईपीएफओ ने स्पष्ट किया है कि खाता इनऑपरेटिव होने पर भी जमा बैलेंस पर सदस्य का पूरा हक रहता है और उसे क्लेम किया जा सकता है। इसके लिए ईपीएफओ मेंबर पोर्टल या उमंग ऐप पर लॉग इन करके यह जांच लें कि आपका यूएएन एक्टिव है, डेट ऑफ एग्जिट अपडेट है और केवाईसी सेक्शन में आधार, पैन व सक्रिय बैंक खाते की जानकारी जुड़ी हुई है। अगर यूएएन नहीं है या सुरक्षा कारणों से ब्लॉक है, तो नजदीकी ईपीएफओ फील्ड ऑफिस या निधि आपके निकट 2.0 कैंप में जाकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवा सकते हैं। सीनियर सिटीजन और दिव्यांग सदस्य EPFIGMS पोर्टल के जरिए घर पर प्रतिनिधि बुलाने का रिक्वेस्ट भी कर सकते हैं।
पहचान वेरिफाई होने के बाद केवाईसी सीडिंग और अप्रूवल जरूरी होता है। अगर आपकी पुरानी कंपनी अभी चल रही है, तो नियोक्ता को 15 दिनों के भीतर केवाईसी वेरिफाई करना होता है। यदि कंपनी बंद हो चुकी है या नियोक्ता तय समय में कार्रवाई नहीं करता है, तो ईपीएफओ फील्ड ऑफिस सीधे रिकॉर्ड जांचकर केवाईसी कर सकता है। सक्षम अधिकारी द्वारा खाते को अनब्लॉक करने की मंजूरी मिलने के बाद ऑनलाइन क्लेम की सुविधा फिर से शुरू हो जाती है। इसके बाद पोर्टल पर लॉग इन करके फाइनल निकासी के लिए फॉर्म 19, पुराने बैलेंस को मौजूदा पीएफ खाते में ट्रांसफर करने के लिए फॉर्म 13 और मृतक सदस्य के मामले में नॉमिनी द्वारा फॉर्म 20 भरकर क्लेम किया जा सकता है। जांच पूरी होने के बाद पैसा सीधे बैंक खाते में भेज दिया जाता है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख