return to news
  1. SEBI ने KYC प्रक्रिया में किए 8 बड़े बदलाव, अब Demat, ट्रेडिंग और म्यूचुअल फंड अकाउंट खोलना होगा आसान

पर्सनल फाइनेंस

SEBI ने KYC प्रक्रिया में किए 8 बड़े बदलाव, अब Demat, ट्रेडिंग और म्यूचुअल फंड अकाउंट खोलना होगा आसान

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड November 26, 2026, 14:17 IST

सारांश

जब आप किसी ब्रोकर या म्यूचुअल फंड कंपनी के पास अकाउंट खोलते हैं, तो वह आपकी पहचान, पता और दूसरे जरूरी दस्तावेज जांचती है। इसके बाद आपकी जानकारी KRA (KYC Registration Agency) के पास दर्ज की जाती है।

SEBI

अगर आप किसी ब्रोकर के साथ अकाउंट बंद करते हैं, तो उसे 5 वर्किंग दिनों में KRA को इसकी जानकारी देनी होगी।

अगर आप एक से ज्यादा डीमैट अकाउंट, ट्रेडिंग अकाउंट या म्यूचुअल फंड अकाउंट खोलते हैं, तो अब आपको हर बार KYC के लिए वही दस्तावेज और जानकारी बार-बार देने की जरूरत कम पड़ेगी। मार्केट रेगुलेटर SEBI ने केवाईसी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 8 बड़े बदलाव किए हैं। ये नए नियम 24 दिसंबर 2026 से लागू होंगे। इन बदलावों का मकसद निवेशकों को बार-बार डॉक्यूमेंट जमा करने की परेशानी से बचाना, केवाईसी जानकारी को अलग-अलग संस्थाओं के बीच आसानी से इस्तेमाल करने योग्य बनाना और निवेशकों के रिकॉर्ड को बेहतर तरीके से मैनेज करना है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

KYC और KRA क्या होते हैं?

जब आप किसी ब्रोकर या म्यूचुअल फंड कंपनी के पास अकाउंट खोलते हैं, तो वह आपकी पहचान, पता और दूसरे जरूरी दस्तावेज जांचती है। इसके बाद आपकी जानकारी KRA (KYC Registration Agency) के पास दर्ज की जाती है। KRA निवेशकों का KYC रिकॉर्ड संभालती है, ताकि दूसरी वित्तीय कंपनियां भी जरूरत पड़ने पर इस जानकारी का इस्तेमाल कर सकें।

बार-बार जानकारी देने की जरूरत कम होगी

नया अकाउंट खोलने पर निवेशकों को हर बार अपनी इनकम, पेशा, PEP स्टेटस और FATCA/CRS से जुड़ी जानकारी दोबारा देने की जरूरत कम होगी। अकाउंट खोलने वाली संस्था को 3 वर्किंग दिनों के भीतर जरूरी KYC जानकारी KRA के पास अपलोड करनी होगी।

KYC रिकॉर्ड अपने आप अपडेट होंगे

जब आप किसी नए ब्रोकर या म्यूचुअल फंड के पास अकाउंट खोलेंगे, तो वह KRA और सेंट्रल KYC रिकॉर्ड से आपकी नई जानकारी लेकर रिकॉर्ड अपडेट कर सकेगा। हालांकि, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त जानकारी मांगी जा सकती है।

मोबाइल नंबर का दोबारा वेरिफिकेशन जरूरी नहीं

अगर आपका मोबाइल नंबर पहले से वेरिफाइड है और KRA रिकॉर्ड में आधार से लिंक है, तो नया अकाउंट खोलते समय दोबारा मोबाइल वेरिफिकेशन करना जरूरी नहीं होगा। यह प्रक्रिया वैकल्पिक होगी।

अकाउंट बंद होने पर KYC शेयरिंग रुकेगी

अगर आप किसी ब्रोकर के साथ अकाउंट बंद करते हैं, तो उसे 5 वर्किंग दिनों में KRA को इसकी जानकारी देनी होगी। KRA इसके 2 वर्किंग दिनों के भीतर रिकॉर्ड अपडेट या डीलिंक करेगा। म्यूचुअल फंड में 6 महीने तक कोई निवेश या होल्डिंग नहीं होने पर भी KYC शेयरिंग रोकी जा सकती है।

अकाउंट नहीं खुला तो रिकॉर्ड हटेगा

अगर किसी संस्था ने आपका KYC डेटा डाउनलोड किया, लेकिन 21 वर्किंग दिनों में अकाउंट नहीं खोला, तो उसे KRA को सूचना देनी होगी। इसके बाद KRA आपका रिकॉर्ड उस संस्था से डीलिंक कर देगा।

नाम बदलने के दस्तावेज आसान होंगे

अगर आपका नया नाम PAN और आधार में अपडेट है, तो अलग से नाम बदलने का प्रमाण नहीं देना होगा। अन्य मामलों में मैरिज सर्टिफिकेट, पासपोर्ट या गजट नोटिफिकेशन जैसे दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।

KYC दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी इस्तेमाल होगी

वेरिफाइड KYC रिकॉर्ड अलग-अलग वित्तीय संस्थाओं के बीच इस्तेमाल किए जा सकेंगे। इससे एक ही जानकारी को बार-बार वेरिफाई कराने की परेशानी कम होगी।

कुछ विदेशी निवेशकों को राहत

OCI कार्डधारकों और कुछ विदेशी नागरिकों को, जो भारत के इनकम टैक्स कानून के तहत निवासी हैं, विदेशी पते का प्रमाण नहीं देना होगा। हालांकि, भारत में रहने के पते का वेरिफाइड प्रमाण देना जरूरी होगा।

अगला लेख

End of additional stories