return to news
  1. धनतेरस पर Blinkit और Instamart से सोना-चांदी खरीदने का मौका, मिल रहा 78% तक डिस्काउंट

पर्सनल फाइनेंस

धनतेरस पर Blinkit और Instamart से सोना-चांदी खरीदने का मौका, मिल रहा 78% तक डिस्काउंट

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 06, 2026, 10:37 IST

सारांश

इन प्लेटफॉर्म पर मिल रहा डिस्काउंट आकर्षक लग सकता है, लेकिन खरीदारी करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। सबसे पहले सिक्के का वजन और शुद्धता जरूर जांच लें। गोल्ड कॉइन 24 कैरेट का है या नहीं और सिल्वर कॉइन 999 शुद्धता वाला है या नहीं, इसकी जानकारी जरूर देखें।

Gold Silver coin

स्विगी इंस्टामार्ट पर भी सोने और चांदी के सिक्कों के कई विकल्प मौजूद हैं।

धनतेरस के मौके पर सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन कई लोग सोने-चांदी के सिक्के खरीदते हैं। अगर आप भी आज धनतेरस पर गोल्ड या सिल्वर कॉइन खरीदने की योजना बना रहे हैं, लेकिन ज्वेलरी शॉप पर नहीं जाना चाहते, तो आपके पास एक दूसरा विकल्प भी है। आप घर बैठे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट (Blinkit) और स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) से भी सोने और चांदी के सिक्के खरीद सकते हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

इन दोनों प्लेटफॉर्म पर Joyalukkas, Kalyan Jewellers, Malabar Gold & Diamonds, Mia by Tanishq और MMTC-PAMP जैसे जाने-माने ब्रांड के सिक्के उपलब्ध हैं। इनमें 24 कैरेट सोने और 999 शुद्धता वाले चांदी के सिक्के शामिल हैं। खास बात यह है कि इन पर 78 फीसदी तक डिस्काउंट भी दिया जा रहा है। आइए जानते हैं किस प्लेटफॉर्म पर कौन-से सिक्के कितने में मिल रहे हैं।

ब्लिंकिट पर सोने-चांदी के सिक्कों पर 77% तक छूट

ब्लिंकिट पर जॉयलुकास, मुथूट एक्सिम और एमएमटीसी-पैम्प के सोने और चांदी के सिक्के मिल रहे हैं। यहां 1 ग्राम के 24 कैरेट गोल्ड कॉइन की कीमत 15,100 रुपये है। जॉयलुकास और मुथूट एक्सिम के लक्ष्मी-गणेश डिजाइन वाले सोने के सिक्कों पर 49 फीसदी डिस्काउंट दिया जा रहा है। इनकी लिस्टेड कीमत 30,000 रुपये के मुकाबले 15,100 रुपये है। वहीं, एमएमटीसी-पैम्प का 0.5 ग्राम वाला 24 कैरेट कमल डिजाइन गोल्ड कॉइन 8,380 रुपये में मिल रहा है। इसकी लिस्टेड कीमत 29,000 रुपये है। इस पर 71 फीसदी की छूट है।

चांदी के सिक्कों की बात करें तो ब्लिंकिट पर 10 ग्राम के 999 शुद्धता वाले कई विकल्प हैं। जॉयलुकास और मुथूट एक्सिम के चांदी के सिक्के 2,175 रुपये में मिल रहे हैं। इन पर 56 फीसदी डिस्काउंट है। वहीं, एमएमटीसी-पैम्प का लक्ष्मी-गणेश डिजाइन वाला 10 ग्राम का सिल्वर कॉइन 2,480 रुपये में लिस्ट है। इस पर सबसे ज्यादा 77 फीसदी की छूट दी जा रही है।

इंस्टामार्ट पर 78% तक डिस्काउंट

स्विगी इंस्टामार्ट पर भी सोने और चांदी के सिक्कों के कई विकल्प मौजूद हैं। यहां कल्याण ज्वेलर्स, मिया बाय तनिष्क, मालाबार और गिवा (Giva) जैसे ब्रांड के कॉइन खरीदे जा सकते हैं। गोल्ड कॉइन में कल्याण ज्वेलर्स का 1 ग्राम का 24 कैरेट फूल डिजाइन वाला सिक्का 14,599 रुपये में मिल रहा है। इसकी लिस्टेड कीमत 26,000 रुपये है और इस पर 43 फीसदी की छूट है। मिया बाय तनिष्क का 1 ग्राम का कमल डिजाइन गोल्ड कॉइन 16,639 रुपये में उपलब्ध है, जबकि मालाबार का लक्ष्मी डिजाइन वाला सिक्का 15,879 रुपये में मिल रहा है।

चांदी के सिक्कों में कल्याण ज्वेलर्स का 10 ग्राम वाला लक्ष्मी डिजाइन कॉइन 2,169 रुपये में लिस्ट है। इस पर 78 फीसदी की छूट मिल रही है। गिवा का लक्ष्मी-गणेश डिजाइन वाला सिक्का 2499 रुपये में मिल रहा है, जिस पर 75 फीसदी डिस्काउंट है। वहीं, मालाबार का 10 ग्राम वाला लक्ष्मी-गणेश सिल्वर कॉइन 2,829 रुपये में उपलब्ध है। इस पर 43 फीसदी की छूट दी जा रही है।

सिक्के खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

इन प्लेटफॉर्म पर मिल रहा डिस्काउंट आकर्षक लग सकता है, लेकिन खरीदारी करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। सबसे पहले सिक्के का वजन और शुद्धता जरूर जांच लें। गोल्ड कॉइन 24 कैरेट का है या नहीं और सिल्वर कॉइन 999 शुद्धता वाला है या नहीं, इसकी जानकारी जरूर देखें।

इसके अलावा ब्रांड, पैकेजिंग और सिक्के की प्रामाणिकता से जुड़ी जानकारी भी जांचें। यह भी देख लें कि कीमत में लागू टैक्स शामिल हैं या नहीं। ध्यान रखें कि ब्लिंकिट और इंस्टामार्ट पर दिखाई गई कीमतें और डिस्काउंट बदल सकते हैं। आपके इलाके, डिलीवरी लोकेशन और उपलब्ध स्टॉक के हिसाब से भी कीमतों में अंतर हो सकता है। इसलिए ऑर्डर देने से पहले ऐप पर दिखाई गई अंतिम कीमत जरूर चेक करें।

अगला लेख

End of additional stories