return to news
  1. धनतेरस पर चमका बाजार, सस्ता हुआ सोना और चांदी, बाजार जाने से पहले चेक करें लेटेस्ट रेट्स

बिजनेस न्यूज़

धनतेरस पर चमका बाजार, सस्ता हुआ सोना और चांदी, बाजार जाने से पहले चेक करें लेटेस्ट रेट्स

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड November 06, 2026, 08:14 IST

सारांश

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह दुनिया भर के शेयर बाजारों में आई भारी बिकवाली है। अमेरिका के शेयर बाजार में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। जब शेयर बाजार में भारी गिरावट आती है, तो निवेशकों को शेयरों में नुकसान होता है। ऐसे में वे सोना-चांदी बेचकर पैसा जुटा सकते हैं, ताकि दूसरे निवेशों का नुकसान पूरा कर सकें।

Gold-Silver

Dhanteras 2026: सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह दुनिया भर के शेयर बाजारों में आई भारी बिकवाली है।

Gold-Silver Price: अगर आप आज 06 नवंबर को धनतेरस के मौके पर सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए गुड न्यूज है। आज दोनों ही धातुओं की कीमतों में गिरावट नजर आ रही है। bullion.co.in के अनुसार आज 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 144,460 पर आ गई है। दूसरी तरफ चांदी की बात करें तो यह 187,540 रुपये प्रति किलो के स्तर तक लुढ़क गई है। बता दें कि धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। ऐसे में आज सोने-चांदी के बाजार में रौनक रहती है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

अंतरराष्ट्रीय बाजार में COMEX पर सोने का भाव करीब 0.97% गिरकर 4,073.40 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं चांदी की कीमत में 1.06% की गिरावट आई और यह 51.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

आपके शहर में सोने की कीमत

यहां देश के 6 बड़े शहरों में 24 कैरेट सोने के दाम दिए गए हैं।

  • दिल्ली: ₹143,950 प्रति 10 ग्राम
  • मुंबई: ₹144,200 प्रति 10 ग्राम
  • कोलकाता: ₹144,010 प्रति 10 ग्राम
  • चेन्नई: ₹144,620 प्रति 10 ग्राम
  • बेंगलुरु: ₹144,320 प्रति 10 ग्राम
  • हैदराबाद: ₹144,430 प्रति 10 ग्राम

अलग-अलग शहरों में चांदी की कीमत

प्रमुख मेट्रो शहरों में 999 फाइन सिल्वर की कीमतें यहां दी गई है।

  • दिल्ली: ₹186,880 प्रति किलोग्राम
  • मुंबई: ₹187,200 प्रति किलोग्राम
  • कोलकाता: ₹186,950 प्रति किलोग्राम
  • चेन्नई: ₹187,750 प्रति किलोग्राम
  • बेंगलुरु: ₹187,350 प्रति किलोग्राम
  • हैदराबाद: ₹187,500 प्रति किलोग्राम

सोने और चांदी की कीमतें क्यों गिर रही हैं?

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजह दुनिया भर के शेयर बाजारों में आई भारी बिकवाली है। अमेरिका के शेयर बाजार में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। Nasdaq करीब 5.5% गिर गया, जबकि सेमीकंडक्टर कंपनियों से जुड़ा इंडेक्स 12.2% तक टूट गया। एशियाई बाजारों में भी इसका असर देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का KOSPI इंडेक्स एक समय 8% से ज्यादा गिर गया और जापान का Nikkei करीब 6% नीचे आ गया।

जब शेयर बाजार में भारी गिरावट आती है, तो निवेशकों को शेयरों में नुकसान होता है। ऐसे में वे सोना-चांदी बेचकर पैसा जुटा सकते हैं, ताकि दूसरे निवेशों का नुकसान पूरा कर सकें। इस गिरावट के पीछे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों को लेकर बढ़ती चिंता भी है। निवेशकों को डर है कि AI और डेटा सेंटर पर कंपनियां बहुत ज्यादा पैसा खर्च कर रही हैं, लेकिन उन्हें इसके बदले कितना फायदा मिलेगा, यह अभी साफ नहीं है। इसी वजह से निवेशक शेयर बाजार से पैसा निकाल रहे हैं।

अमेरिका के ब्याज दरों का भी पड़ रहा है असर

सोने और चांदी की कीमतों पर अमेरिका के फेडरल रिजर्व यानी वहां के केंद्रीय बैंक के फैसलों का भी असर पड़ता है। अगर अमेरिका में ब्याज दरें ज्यादा रहती हैं या बढ़ती हैं, तो सोने में निवेश करना कम आकर्षक हो जाता है, क्योंकि सोने पर कोई ब्याज नहीं मिलता।

अमेरिका में रोजगार, वेतन और आर्थिक विकास से जुड़े आंकड़े मजबूत रहने पर फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती करने से बच सकता है। बाजार में दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की संभावना को लेकर भी चर्चा है। इसी अनिश्चितता के कारण सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

धनतेरस पर लोग कैसे कर रहे हैं खरीदारी?

सोने की कीमतें पिछले एक साल में काफी बढ़ी हैं। इसका असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी दिख रहा है। ज्वेलरी कारोबारियों का अनुमान है कि इस धनतेरस पर सोने-चांदी की बिक्री की कुल कीमत में 20 से 30% तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, सोने की खरीदारी की मात्रा पिछले साल के लगभग बराबर रहने की उम्मीद है।

बढ़ती कीमतों के कारण लोग अब भारी गहनों की जगह हल्के वजन की ज्वेलरी खरीदना पसंद कर रहे हैं। कई ग्राहक पुराने सोने के गहने एक्सचेंज करके नए गहने खरीद रहे हैं, ताकि उन्हें कम पैसे खर्च करने पड़ें। इसके अलावा मोती, रंगीन रत्न, चांदी और डायमंड ज्वेलरी की तरफ भी लोगों का रुझान बढ़ रहा है। यानी ग्राहक धनतेरस पर खरीदारी तो कर रहे हैं, लेकिन अब अपने बजट के हिसाब से कम वजन और अलग डिजाइन वाले गहनों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख

End of additional stories