मार्केट न्यूज़

4 min read | अपडेटेड November 05, 2026, 18:06 IST
सारांश
टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन ने दूसरी तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुना बढ़कर 2,393 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस दौरान रेवेन्यू 20,759 करोड़ रुपये रहा।
शेयर सूची

टाइटन का मुनाफा 113% से ज्यादा उछला।
टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाइटन ने चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के कंसोलिडेटेड नतीजे घोषित कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा और मुनाफा बाजार के अनुमानों से काफी आगे निकल गया। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर दोगुने से भी अधिक होकर 2,393 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 1,120 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़कर 20,759 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। नतीजों के ऐलान के साथ ही कंपनी ने बताया कि नोएल टाटा 12 नवंबर से वाइस चेयरमैन पद से रिटायर होंगे। इसके अलावा कंपनी एनसीडी के जरिए 2,500 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने की तैयारी में है।
टाइटन के कारोबार में सबसे बड़ा योगदान ज्वेलरी सेगमेंट का रहा। दूसरी तिमाही में कंपनी के ज्वेलरी बिजनेस के रेवेन्यू में सालाना 24% की बढ़त दर्ज की गई और यह 17,495 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ग्राहकों ने डिजाइन वाले आभूषणों को खूब पसंद किया, जिससे स्टडेड ज्वेलरी में तेज बढ़त देखी गई। घरेलू ज्वेलरी कारोबार की आमदनी 21% बढ़कर 16,343 करोड़ रुपये रही। इसमें तनिष्क, मिया और जोया का साझा कारोबार 20% बढ़कर 14,935 करोड़ रुपये और कैरेटलेन का रेवेन्यू 31% उछलकर 1,408 करोड़ रुपये रहा। वहीं अंतरराष्ट्रीय ज्वेलरी कारोबार में 105% की भारी बढ़त आई और यह 1,152 करोड़ रुपये दर्ज हुआ। इस दौरान भारत में 42 नए ज्वेलरी स्टोर जोड़े गए और अमेरिका के लॉस एंजेलिस में भी तनिष्क का नया स्टोर खुला।
ज्वेलरी के अलावा घड़ियों और आईकेयर सेगमेंट ने भी दूसरी तिमाही में डबल डिजिट में मजबूत बढ़त दर्ज की। टाइटन के घड़ियों के कारोबार की कुल आमदनी सालाना आधार पर 27% बढ़कर 1,881 करोड़ रुपये पर पहुंच गई और इसका ईबीआईटी मार्जिन 21.9% रहा। एनालॉग घड़ियों में 30% से अधिक की ग्रोथ ने इस पूरे कारोबार को आगे बढ़ाया। वहीं स्मार्टवॉच कारोबार ने भी वापसी की। कंपनी ने इस तिमाही में देश भर में 34 नए घड़ियों के स्टोर जोड़े। दूसरी तरफ आईकेयर बिजनेस की कुल आय 28% बढ़कर 281 करोड़ रुपये रही और इसका ईबीआईटी 23 करोड़ रुपये दर्ज हुआ। प्रीमियम प्रोडक्ट्स पर ध्यान देने से इस सेगमेंट को नई रफ्तार मिली।
टाइटन के नए बिजनेस जैसे स्किन परफ्यूम, अर्थ बैग्स और तनेइरा की कुल आय सालाना 21% बढ़कर 171 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। स्किन और फास्ट्रैक जैसे ब्रांड्स के दम पर परफ्यूम की मांग मजबूत बनी रही। हालांकि इन नए व्यवसायों को इस तिमाही में कुल 6 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। वहीं कंपनी की इंजीनियरिंग इकाई टाइटन इंजीनियरिंग एंड ऑटोमेशन लिमिटेड यानी टीईएएल की कुल आय में 53% का बड़ा उछाल आया और यह 36 करोड़ रुपये रही। ऑटोमेशन सॉल्यूशंस में नए ऑर्डर्स और मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज की मजबूत रफ्तार से टीईएएल ने 78 करोड़ रुपये का ईबीआईटी दर्ज किया।
कंपनी के प्रदर्शन पर बात करते हुए टाइटन के प्रबंध निदेशक अजय चावला ने कहा कि दूसरी तिमाही में सभी बिजनेस में स्वस्थ और मजबूत ग्रोथ देखने को मिली है। कंपनी का कंसोलिडेटेड ऑपरेटिंग विकास सालाना लगभग 25% रहा है। त्योहारी सीजन के चलते मांग मजबूत बनी हुई है और कंपनी के ब्रांड्स की पकड़ गहरी हो रही है। कंपनी नए स्टोर्स खोलकर और ग्राहकों की पसंद के मुताबिक नए उत्पाद लाकर आने वाली तिमाहियों में भी इस रफ्तार को बनाए रखने पर काम कर रही है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में

अगला लेख