return to news
  1. दिल्ली लक्ष्मी योजना: 26 अगस्त को मिलेगा पेंशन लेटर, अप्लाई कर दिया है तो ऐसे चेक करें स्टेटस

पर्सनल फाइनेंस

दिल्ली लक्ष्मी योजना: 26 अगस्त को मिलेगा पेंशन लेटर, अप्लाई कर दिया है तो ऐसे चेक करें स्टेटस

Upstox

4 min read | अपडेटेड August 25, 2026, 13:12 IST

सारांश

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 21 से 60 साल की महिलाएं पात्र हो सकती हैं। इसके लिए महिला का दिल्ली की मतदाता होना जरूरी है। परिवार की सालाना आय ₹2.5 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। साथ ही, परिवार में पात्र महिलाओं में सबसे बड़ी उम्र की महिला ही लाभ की हकदार होगी।

Delhi Laxmi Yojana

Delhi Laxmi Yojana: अगले महीने की 1 तारीख से महिलाओं के खातों में सीधे पेंशन की रकम जमा होनी शुरू हो जाएगी।

दिल्ली की महिलाओं के लिए जरूरी खबर है। दिल्ली सरकार 26 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत योग्य महिलाओं को आधिकारिक पेंशन लेटर सौंपने जा रही है। सरकार ने कहा है कि अगले महीने की 1 तारीख से महिलाओं के खातों में सीधे पेंशन की रकम जमा होनी शुरू हो जाएगी। बता दें कि इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक मदद दी जाएगी। यहां इस योजना के बारे में पूरी जानकारी दी जा रही है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

दिल्ली की CM ने योजना से जुड़ने की अपील की

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "26 अगस्त का दिन दिल्ली की लाखों महिलाओं के जीवन में नई उम्मीद, नया आत्मविश्वास और अपने सपनों को आगे बढ़ाने की नई शक्ति लेकर आएगा। Delhi Lakshmi Yojana के तहत पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र मिलेंगे और 1 सितंबर से हर महीने ₹2,500 सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचेंगे, जो जरूरतों का संबल बनेंगे, सपनों को नई हिम्मत देंगे और दिल्ली की बहनों को अपने फैसले आत्मविश्वास के साथ लेने की शक्ति देंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "Delhi Lakshmi Yojana को मिल रहा अभूतपूर्व उत्साह अपने आप में बहुत कुछ कहता है। लाखों महिलाएं पहले ही पंजीकरण करा चुकी हैं और बड़ी संख्या में बहनें लगातार इस सशक्तिकरण की यात्रा से जुड़ रही हैं। रजिस्ट्रेशन खुले हैं। आप भी जुड़िए और आत्मनिर्भरता की इस नई शुरुआत का हिस्सा बनिए।"

कैसा मिल रहा योजना को रिस्पॉन्स?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहले बताया था कि स्कीम शुरू होने के 18 दिनों के अंदर लगभग 8 लाख महिलाओं ने ऑफिशियल दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल पर रजिस्टर किया है और अब तक 5 लाख से ज़्यादा एप्लीकेशन जमा हो चुकी हैं। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट-लेवल कमेटियों को एप्लीकेशन के वेरिफिकेशन में तेजी लाने का भी निर्देश दिया है ताकि योग्य महिलाओं को बिना किसी देरी के स्कीम का फायदा मिल सके।

ऐसे चेक कर सकते हैं एप्लीकेशन स्टेटस?

  • अपना दिल्ली लक्ष्मी योजना स्टेटस चेक करने के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं: https://dly.delhi.gov.in/
  • होमपेज पर ‘ट्रैक एप्लीकेशन’ पर क्लिक करें।
  • एक नया पेज खुलेगा जहां आपको अपना मोबाइल नंबर, जन्मतिथि और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा डालना होगा।
  • इसके बाद साइन इन पर क्लिक करें और आपका एप्लीकेशन स्टेटस दिख जाएगा।

पूरे पैसे अकाउंट में नहीं आएंगे

दिल्ली लक्ष्मी योजना में मिलने वाले पूरे ₹2500 को महिलाएं हर महीने अपनी मर्जी से खर्च नहीं कर सकेंगी। सरकार ने रकम को दो हिस्सों में बांटने का प्रावधान किया है। इसमें से ₹1500 की रकम रिकरिंग डिपॉजिट (RD) या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा की जाएगी। इस रकम को तुरंत निकालकर खर्च नहीं किया जा सकेगा। RD/FD में जमा राशि पर 31 जुलाई 2029 तक लॉक-इन रहेगा। लाभार्थी चाहे तो पूरी ₹2,500 की रकम भी RD या FD में जमा करने का विकल्प चुन सकती है। इसके अलावा बाकी ₹1,000 लाभार्थी के बैंक खाते से जुड़े CBDC वॉलेट में जमा किए जाएंगे।

किन महिलाओं को मिलेगा लाभ?

दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत 21 से 60 साल की महिलाएं पात्र हो सकती हैं। इसके लिए महिला का दिल्ली की मतदाता होना जरूरी है। परिवार की सालाना आय ₹2.5 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। साथ ही, परिवार में पात्र महिलाओं में सबसे बड़ी उम्र की महिला ही लाभ की हकदार होगी। महिला, उसके पति या उसके माता-पिता में से किसी का आवेदन की तारीख तक कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना भी जरूरी है।

सरकारी पेंशन या कुछ अन्य सरकारी आर्थिक सहायता पाने वाली महिलाएं, इनकम टैक्स भरने वाली, GST रिटर्न दाखिल करने वाली, सरकारी कर्मचारी और सार्वजनिक पद पर रहने वाली महिलाएं योजना से बाहर हैं। इसके अलावा तीन से ज्यादा जीवित बच्चों वाला परिवार, सालाना 2400 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत करने वाले परिवार और चार पहिया वाहन रखने वाले परिवार भी पात्र नहीं होंगे।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख