return to news
  1. सिर्फ दो दिनों में 1.47 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?

पर्सनल फाइनेंस

सिर्फ दो दिनों में 1.47 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन, दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए कैसे करें अप्लाई?

Namita Shukla

5 min read | अपडेटेड August 03, 2026, 12:58 IST

सारांश

दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत उत्साहजनक रही है। महज दो दिनों में 1.47 लाख से अधिक पंजीकरण होना दर्शाता है कि योजना को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद कितनी महिलाओं को योजना का लाभ मिलता है।

दिल्ली लक्ष्मी योजना

दिल्ली लक्ष्मी योजना को मिला महिलाओं का जबरदस्त समर्थन (Photo: Shutterstock)

दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर देश की राजधानी की महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। योजना शुरू होने के केवल दो दिनों के भीतर 1,47,215 से अधिक महिलाओं ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। सरकार ने इस उपलब्धि को महिलाओं के विश्वास और योजना के प्रति उनके उत्साह का प्रतीक बताया है। शुरुआती आंकड़े यह संकेत देते हैं कि आर्थिक सहायता और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। सरकार के मुताबिक इतनी बड़ी संख्या में हुए रजिस्ट्रेशन यह दर्शाते हैं कि दिल्ली की महिलाएं इस योजना से जुड़ना चाहती हैं और इसे अपने लिए लाभकारी मान रही हैं। सरकार का कहना है कि यह केवल एक कल्याणकारी योजना नहीं, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

क्या है दिल्ली लक्ष्मी योजना?

दिल्ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहयोग देना है। सरकार का मानना है कि आर्थिक रूप से सशक्त महिलाएं अपने परिवार और समाज के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं। इसी सोच के साथ इस योजना की शुरुआत की गई है, हालांकि, योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा जो सरकार द्वारा तय पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं। आवेदन के बाद संबंधित विभाग डॉक्यूमेंट्स को वेरिफाई करेगा और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिया जाएगा।

कैसे करें रजिस्ट्रेशन?

सरकार ने महिलाओं से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल dly.delhi.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें। वेबसाइट पर आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी भरने के साथ जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करने होंगे। आवेदन जमा होने के बाद संबंधित विभाग उसकी जांच करेगा।

आवेदन के लिए पात्रता

आवेदक महिला होनी चाहिए।

आवेदक परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य होनी चाहिए।

आवेदन जमा करने की तारीख पर आवेदक की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए।

सालाना फैमिली इनकम 2,50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

आवेदन जमा करने की तारीख तक, आवेदक या उनके पति या उनके माता-पिता में से किसी एक का दिल्ली का निवासी होना ज़रूरी है (कम से कम पिछले 10 साल से)।

आवेदक दिल्ली का पंजीकृत मतदाता होना चाहिए।

परिवार की आवेदन से पूर्व पिछले 12 महीनों की सालाना बिजली खपत 2400 यूनिट से अधिक नहीं होनी चाहिए।

आवेदक को केंद्र या राज्य सरकार से किसी भी तरह की पेंशन के रूप में आर्थिक सहायता नहीं मिल रही हो, और वह इनकम टैक्स देने वाला या GST फाइल करने वाला न हो, साथ ही वह सरकारी कर्मचारी न हो और/या किसी सार्वजनिक पद पर न हो।

आवेदक या परिवार का कोई भी सदस्य राज्य सरकार, भारत सरकार, किसी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, बोर्ड, स्थानीय निकाय या सरकारी संगठन में नियमित या अनुबंध-आधारित कर्मचारी के तौर पर कार्यरत नहीं होना चाहिए; और न ही उन्हें विधवा पेंशन, विकलांगता पेंशन या कोई अन्य पेंशन, वित्तीय सहायता या इसी तरह की कोई अन्य मदद मिल रही होनी चाहिए।

आवेदक या परिवार का कोई सदस्य चार पहिया मोटर वाहन का मालिक नहीं होना चाहिए।

आवेदक के तीन से अधिक बच्चे नहीं होने चाहिए।

आवेदक के विरुद्ध कोई आपराधिक रिकॉर्ड या आपराधिक बैकग्राउंड नहीं होनी चाहिए।

अप्लाई करने के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स

आधार कार्ड

दिल्ली का वोटर आईडी कार्ड

आवेदक की फोटोग्राफ और सिग्नेचर

संबंधित निर्वाचन क्षेत्र के सांसद / विधायक का समर्थन पत्र

10 साल के निवास के प्रमाण के लिए, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली मीटर का बिल, गैस कनेक्शन का बिल/रसीद में से कोई एक।

आयु प्रमाण के लिए बर्थ सर्टिफिकेट, पिछली बार अटेंड की गई क्लास का स्कूल छोड़ने का सर्टिफिकेट, मैट्रिक या 10वीं कक्षा का सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड में से एक।

सरकार ने क्या कहा?

दिल्ली सरकार ने अपने कहा कि सिर्फ दो दिनों में 1,47,215 से अधिक रजिस्ट्रेशन होना इस योजना की बड़ी उपलब्धि है। सरकार ने इसे दिल्ली की महिलाओं द्वारा योजना पर जताए गए भरोसे का प्रमाण बताया है। साथ ही सरकार ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में यह संख्या और तेजी से बढ़ेगी। सरकार ने पात्र महिलाओं से जल्द से जल्द आवेदन करने की अपील भी की है, ताकि वे योजना के लाभ से वंचित न रहें।

दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत उत्साहजनक रही है। महज दो दिनों में 1.47 लाख से अधिक पंजीकरण होना दर्शाता है कि योजना को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद कितनी महिलाओं को योजना का लाभ मिलता है और सरकार इसे कितनी प्रभावी ढंग से लागू कर पाती है। पात्र महिलाएं आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकती हैं और योजना का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।

लेखकों के बारे में

Namita Shukla
Namita Shukla is a seasoned journalist with over 15 years of experience in Hindi media. She has worked with some of the most reputed news organizations, including Navbharat Times, Dainik Jagran, Aaj Tak, and Hindustan Times Hindi. Throughout her career, Namita has reported on a wide range of beats such as national affairs, sports, business, and entertainment, bringing clarity and depth to her reporting. In addition to her journalistic work, she is a certified fact-checker by both Google and Meta, underscoring her commitment to accuracy and ethical journalism in the digital age.

अगला लेख