पर्सनल फाइनेंस
.png)
3 min read | अपडेटेड June 30, 2026, 19:11 IST
सारांश
सरकार के अनुसार Aarogya Setu 2.0 ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी कई सेवाओं का इस्तेमाल एक ही ऐप से कर सकेंगे। पहले यह ऐप सिर्फ कोरोना से जुड़ी जानकारी और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए इस्तेमाल होता था।

Aarogya Setu: इस ऐप के जरिए यूजर ABHA (Ayushman Bharat Health Account) बना सकेंगे।
कोरोना महामारी के दौरान कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए लॉन्च किया गया आरोग्य सेतु (Aarogya Setu) ऐप अब पूरी तरह नए रूप में सामने आया है। केंद्र सरकार ने Aarogya Setu 2.0 लॉन्च किया है, जिसे अब आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत एक डिजिटल हेल्थ प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में इस ऐप का शुभारंभ किया।
सरकार के अनुसार Aarogya Setu 2.0 ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी कई सेवाओं का इस्तेमाल एक ही ऐप से कर सकेंगे। पहले यह ऐप सिर्फ कोरोना से जुड़ी जानकारी और कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए इस्तेमाल होता था, लेकिन अब इसे पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड (PHR) प्लेटफॉर्म में बदल दिया गया है।
इस ऐप के जरिए यूजर ABHA (Ayushman Bharat Health Account) बना सकेंगे और अपने डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड सुरक्षित रख सकेंगे। अस्पताल में "Scan & Register" फीचर की मदद से रजिस्ट्रेशन भी किया जा सकेगा। इसके अलावा मेडिकल रिकॉर्ड स्टोर करना, दवाइयों का रिमाइंडर सेट करना और परिवार के सभी सदस्यों की हेल्थ प्रोफाइल एक जगह मैनेज करने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
Aarogya Setu 2.0 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी इस्तेमाल किया गया है। यूजर अपने मेडिकल दस्तावेज, लैब रिपोर्ट या PDF अपलोड करेंगे तो AI उन्हें डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड में बदल देगा। इसके आधार पर ऐप आपकी हेल्थ से जुड़ा डैशबोर्ड तैयार करेगा। अगर आप स्मार्टवॉच या किसी दूसरे फिटनेस डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं, तो उसे भी ऐप से जोड़ सकते हैं। इससे कदमों की संख्या, हार्ट रेट, कैलोरी और ब्लड ग्लूकोज जैसी जानकारी एक ही जगह देखी जा सकेगी।
ऐप में PM-JAY Wallet नाम का नया फीचर जोड़ा गया है। इसके जरिए यूजर अपने हेल्थ इंश्योरेंस की कुल कवरेज, अब तक कितना इस्तेमाल हुआ है और परिवार के अलग-अलग सदस्यों ने कितनी राशि खर्च की है, यह जानकारी देख सकेंगे। इसके अलावा PM-JAY से जुड़े अस्पतालों की जानकारी, CAPF हेल्थ पॉलिसी, रीइम्बर्समेंट और निजी हेल्थ इंश्योरेंस से जुड़ी कुछ जानकारी भी ऐप में उपलब्ध होगी।
Aarogya Setu 2.0 की मदद से यूजर अपने आसपास के अस्पताल, क्लिनिक और डायग्नोस्टिक सेंटर आसानी से खोज सकेंगे। ऐप में GPS आधारित सर्च सुविधा दी गई है। इसके साथ ही एम्बुलेंस सेवा और e-RaktKosh के जरिए ब्लड उपलब्धता की जानकारी भी मिल सकेगी।
ऐप में Family Management फीचर दिया गया है। इसकी मदद से यूजर अपने माता-पिता, जीवनसाथी और बच्चों की हेल्थ प्रोफाइल एक ही अकाउंट में जोड़ सकेंगे। इसके लिए हर सदस्य को अलग-अलग लॉगिन बनाने की जरूरत नहीं होगी।
सरकार ने ऐप में My Consent फीचर भी जोड़ा है। इसकी मदद से यूजर यह तय कर सकेंगे कि उनका हेल्थ डेटा किसके साथ शेयर किया जाए। वे यह भी देख सकेंगे कि किसे अनुमति दी गई है, किसका अनुरोध लंबित है और किसकी अनुमति समाप्त हो चुकी है।
सरकार का कहना है कि Aarogya Setu 2.0 का मकसद देश में डिजिटल हेल्थ सेवाओं को बढ़ावा देना और लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार को उम्मीद है कि पहले से मौजूद करीब 20 करोड़ डाउनलोड वाले इस ऐप के जरिए आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख