return to news
  1. Stock Market: शुरुआती गिरावट के बाद बाजार ने दिखाई रिकवरी, इन वजहों से मार्केट को मिला सपोर्ट

मार्केट न्यूज़

Stock Market: शुरुआती गिरावट के बाद बाजार ने दिखाई रिकवरी, इन वजहों से मार्केट को मिला सपोर्ट

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड June 04, 2026, 11:13 IST

सारांश

Stock Market: क्रूड ऑयल की कीमत में आज हल्की कमी नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 0.73 फीसदी लुढ़ककर 97.10 डॉलर प्रति बैरल पर है। जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने की उम्मीद के चलते क्रूड ऑयल को सहारा मिला है।

Stock Market

Stock Market: आज NSE पर ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर ट्रेड करते दिख रहे हैं।

Stock Market: भारतीय शेयर बाजार ने आज 04 जून को शुरुआती गिरावट के बाद मजबूत वापसी की। आज शुरुआती कारोबार में BSE Sensex में 539 अंकों की कमजोरी रही और यह 73807.30 के स्तर तक लुढ़क गया। हालांकि थोड़ी ही देर में बाजार ने वापसी की और इस गिरावट की भरपाई कर ली। बाद में Sensex में करीब 130 अंकों की तेजी देखी गई और यह 74,480.75 के स्तर पर पहुंच गया। दूसरी तरफ Nifty 50 भी 45 अंकों की बढ़त के साथ 23,450.10 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। आज के निचले स्तर से Sensex में करीब 675 अंकों का उछाल आया है। यहां हम समझेंगे कि बाजार में इस रिकवरी की क्या वजह है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

विदेशी निवेशकों को टैक्स में राहत की उम्मीद

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार विदेशी निवेशकों (FII/FPI) को सरकारी बॉन्ड में निवेश पर टैक्स से छूट देने की तैयारी कर रही है। CNBC-TV18 ने बताया कि इस फैसले को लागू करने के लिए सरकार अध्यादेश भी ला सकती है। इसका मकसद विदेशी निवेशकों को भारतीय सरकारी बॉन्ड में ज्यादा पैसा लगाने के लिए आकर्षित करना है। कहा जा रहा है कि गिरते रुपये को संभालने के लिए सरकार यह कदम उठा सकती है, ताकि विदेशी निवेशक सरकारी बॉन्ड में ज्यादा निवेश करें और रुपये को सहारा मिले।

जियो-पॉलिटिकल टेंशन में कमी की उम्मीद

इजरायल और लेबनान ने संघर्ष खत्म करने के लिए सीजफायर लागू करने पर सहमति जताई है। इस खबर के बाद निवेशकों को उम्मीद है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम हो सकता है। बता दें कि ईरान ने अमेरिका के सामने यह शर्त रखी है कि जब तक इजरायल लेबनान पर अपने हमले पूरी तरह से नहीं रोकेगा, तब तक वह अमेरिका के साथ किसी भी शांति समझौते पर बातचीत को आगे नहीं बढ़ाएगा। ऐसे में अब इजरायल और लेबनान के बीच सीजफायर की खबर से बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद है।

क्रूड ऑयल में नरमी

क्रूड ऑयल की कीमत में आज हल्की कमी नजर आ रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 0.73 फीसदी लुढ़ककर 97.10 डॉलर प्रति बैरल पर है। जियो पॉलिटिकल टेंशन कम होने की उम्मीद के चलते क्रूड ऑयल को सहारा मिला है। यह भारत जैसे उन देशों के लिए अच्छी खबर है, जो अपनी ज्यादातर तेल जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर हैं।

ज्यादातर इंडेक्स में हरियाली

आज NSE पर ज्यादातर इंडेक्स हरे निशान पर ट्रेड करते दिखे। निफ्टी ऑटो, FMCG, मीडिया, फार्मा, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक, रियल्टी और ऑयल एंड गैस समेत कई इंडेक्स हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। दूसरी तरफ मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी नजर आ रही है। इन सभी वजहों से बाजार को सपोर्ट मिला है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख