return to news
  1. Upcoming IPOs: 15 से 18 सितंबर के बीच खुलेंगे 11 नए आईपीओ, NSE समेत ये कंपनियां शामिल

मार्केट न्यूज़

Upcoming IPOs: 15 से 18 सितंबर के बीच खुलेंगे 11 नए आईपीओ, NSE समेत ये कंपनियां शामिल

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड September 12, 2026, 14:37 IST

सारांश

अगले हफ्ते सबसे ज्यादा चर्चा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के IPO की होगी। करीब ₹22561.57 करोड़ का यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। इसमें 12.64 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे।

IPO

NSE का IPO 17 सितंबर से 21 सितंबर तक खुला रहेगा।

Upcoming IPOs: भारतीय प्राइमरी मार्केट में अगले हफ्ते भी जबरदस्त हलचल देखने को मिलने वाली है। 15 से 18 सितंबर के बीच कुल 11 नए IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाले हैं। इनमें 5 IPO मेनबोर्ड सेगमेंट और 6 IPO SME सेगमेंट के होंगे। पिछले हफ्ते भी IPO मार्केट में जोरदार गतिविधि रही थी, जब 12 मेनबोर्ड और 10 SME IPO बाजार में आए थे। बता दें कि गणेश चतुर्थी के मौके पर सोमवार 14 सितंबर को देश के शेयर बाजार बंद रहेंगे।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

NSE IPO रहेगा सबसे बड़ा आकर्षण

अगले हफ्ते सबसे ज्यादा चर्चा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के IPO की होगी। करीब ₹22561.57 करोड़ का यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। इसमें 12.64 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे। NSE का IPO भारत का दूसरा सबसे बड़ा IPO होगा। इससे पहले Hyundai Motor India का ₹27,859 करोड़ का IPO सबसे बड़ा था।

NSE का IPO 17 सितंबर से 21 सितंबर तक खुला रहेगा। अलॉटमेंट 22 सितंबर को होने की उम्मीद है। इसका प्राइस बैंड ₹1,700-1,785 प्रति शेयर है और लॉट साइज 8 शेयरों का है। ऊपरी प्राइस बैंड पर रिटेल निवेशक को एक लॉट के लिए कम से कम ₹14,280 लगाने होंगे। NSE अपने ही शेयर को NSE पर लिस्ट नहीं कर सकता, इसलिए इसके शेयर केवल BSE पर लिस्ट होने की संभावना है।

Hero Motors IPO में ₹1000 करोड़ जुटाए जाएंगे

Hero Motors का ₹1000 करोड़ का IPO 16 सितंबर को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद होगा। इसमें ₹600 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹400 करोड़ का OFS शामिल है। प्राइस बैंड ₹79-84 और लॉट साइज 178 शेयरों का है। ऊपरी कीमत पर एक लॉट के लिए ₹14,952 की जरूरत होगी। शेयरों की NSE और BSE पर 23 सितंबर को लिस्टिंग संभावित है।

Jindal Supreme IPO

Jindal Supreme IPO के जरिए ₹124.88 करोड़ जुटाएगी। इसमें ₹99.89 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹24.99 करोड़ का OFS होगा। IPO 16 से 18 सितंबर तक खुलेगा। इसका प्राइस बैंड ₹88-93 और लॉट साइज 161 शेयरों का है। एक लॉट के लिए अधिकतम ₹14,973 निवेश करना होगा।

SS Retail और Sonaselection India भी कतार में

SS Retail का ₹500 करोड़ IPO 16 से 18 सितंबर तक खुलेगा। इसका प्राइस बैंड ₹403-424 और लॉट साइज 35 शेयर है। ऊपरी कीमत पर न्यूनतम निवेश ₹14,840 होगा। वहीं Sonaselection India का ₹141.57 करोड़ IPO 17 से 21 सितंबर तक खुलेगा। यह पूरी तरह फ्रेश इश्यू है। इसका प्राइस बैंड ₹94-99 और लॉट साइज 150 शेयरों का है। एक लॉट के लिए ₹14,850 की जरूरत होगी।

पुराने IPO और लिस्टिंग भी रहेंगी चर्चा में

अगले हफ्ते Veegaland Developers और Manika Plastech के IPO में भी सब्सक्रिप्शन का मौका जारी रहेगा। इसके अलावा 11 Mainboard और 8 SME IPO की लिस्टिंग भी होने वाली है। यानी निवेशकों के लिए अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट काफी व्यस्त रहने वाला है। हालांकि, किसी भी IPO में निवेश से पहले कंपनी के बिजनेस, वित्तीय स्थिति, वैल्यूएशन और जोखिम को जरूर समझना चाहिए।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख