return to news
  1. Stocks to Watch: Adani Enterprises बनाएगी AI और डेटा सेंटर उपकरण, BEL को मिला नया ऑर्डर, आज इन शेयरों पर नजर

मार्केट न्यूज़

Stocks to Watch: Adani Enterprises बनाएगी AI और डेटा सेंटर उपकरण, BEL को मिला नया ऑर्डर, आज इन शेयरों पर नजर

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड October 14, 2026, 07:37 IST

सारांश

Transformers and Rectifiers के नतीजों में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर बढ़कर 79.8 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 33.9 करोड़ रुपये था।

Stock to watch

RailTel को ओडिशा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग से 48.98 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है।

शेयर बाजार में आज Tata Elxsi, Bharat Electronics, Transformers and Rectifiers, Adani Enterprises, Polycab India और RailTel Corporation of India जैसी कंपनियों के शेयर फोकस में रह सकते हैं। किसी कंपनी ने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, तो किसी को नए ऑर्डर मिले हैं। वहीं, Adani Enterprises ने एआई और डेटा सेंटर उपकरण बनाने के लिए जॉइंट वेंचर की योजना बनाई है। इसके अलावा, कई कंपनियां आज 14 अक्तूबर को अपने सितंबर तिमाही के नतीजे घोषित करने वाली हैं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

Tata Elxsi

Tata Elxsi ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में 170.3 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। पिछली तिमाही में कंपनी का मुनाफा 170.6 करोड़ रुपये था। यानी मुनाफे में मामूली गिरावट आई है। हालांकि, कंपनी के रेवेन्यू में बढ़ोतरी हुई। सितंबर तिमाही में रेवेन्यू 3.4% बढ़कर 1,055.7 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही में 1,021.1 करोड़ रुपये था। वहीं, कंपनी का ईबीआईटी 7.2% बढ़कर 207.7 करोड़ रुपये हो गया। ईबीआईटी मार्जिन भी 18.97% से बढ़कर 19.68% पर पहुंच गया। इससे पता चलता है कि कंपनी की ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस में सुधार हुआ है।

Bharat Electronics

डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Bharat Electronics (BEL) को 533 करोड़ रुपये के अतिरिक्त ऑर्डर मिले हैं। कंपनी ने बताया कि उसे ये ऑर्डर 17 सितंबर 2026 को जारी पिछले खुलासे के बाद मिले हैं। इन ऑर्डर में कम्युनिकेशन उपकरण, एवियोनिक्स, साइबर सिक्योरिटी सॉल्यूशन, ड्रोन, जैमर, सॉफ्टवेयर, उपकरणों के अपग्रेड, स्पेयर पार्ट्स और सेवाएं शामिल हैं। नए ऑर्डर से कंपनी की ऑर्डर बुक को मजबूती मिलेगी।

Transformers and Rectifiers

Transformers and Rectifiers के नतीजों में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर बढ़कर 79.8 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 33.9 करोड़ रुपये था।

कंपनी का रेवेन्यू 60.7% बढ़कर 739.4 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल यह 460 करोड़ रुपये था। वहीं, ईबीआईटीडीए बढ़कर 128.8 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 51.6 करोड़ रुपये था। ईबीआईटीडीए मार्जिन भी 11.2% से बढ़कर 17.4% हो गया। कंपनी ने तिमाही के दौरान 131.4 करोड़ रुपये का एकमुश्त एक्सेप्शनल गेन भी दर्ज किया।

Adani Enterprises

Adani Enterprises ने अमेरिका की कंपनी Jabil Inc. के साथ एक नॉन-बाइंडिंग एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत भारत में एआई और डेटा सेंटर उपकरण बनाने के लिए 50:50 हिस्सेदारी वाला जॉइंट वेंचर स्थापित करने की योजना है।

प्रस्तावित वेंचर का लक्ष्य बड़े स्तर पर एआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म तैयार करना है। इसमें एआई रैक, सर्वर, स्टोरेज, नेटवर्किंग उपकरण, पावर डिस्ट्रीब्यूशन यूनिट, लिक्विड-कूलिंग सिस्टम और ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। यह साझेदारी भारत में एआई और डेटा सेंटर से जुड़े उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम हो सकती है।

Anand Rathi, Hindustan Oil Exploration और Polycab India

Anand Rathi Shares and Stock Brokers का नेट प्रॉफिट दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 48.4% बढ़कर 42.3 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 28.5 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। रेवेन्यू भी 20.1% बढ़कर 273 करोड़ रुपये हो गया।

Hindustan Oil Exploration ने Debabrata Das को नया चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 16 अक्टूबर से प्रभावी होगी। मौजूदा सीएफओ Allen Andrade 15 अक्टूबर से पद छोड़ देंगे। वहीं, Polycab India को राहत मिली है। नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (एनसीएलएटी) ने कंपनी के खिलाफ कॉरपोरेट इन्सॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस शुरू करने वाले एनसीएलटी के आदेश पर रोक लगा दी है।

RailTel Corporation of India

RailTel को ओडिशा सरकार के उच्च शिक्षा विभाग से 48.98 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है। इसमें टैक्स भी शामिल हैं। कंपनी को 83 डिजिटल एप्लिकेशन मॉड्यूल विकसित करने और उन्हें मौजूदा ईआरपी सिस्टम के साथ जोड़ने का काम सौंपा गया है। इस प्रोजेक्ट को 10 मई 2027 तक पूरा करना है।

इन कंपनियों के आएंगे Q2 नतीजे

कई कंपनियां आज अपनी सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित करने वाली हैं। इनमें Canara Bank, CEAT, Bharat Heavy Electricals, ICICI Lombard General Insurance, Tata Technologies और HDB Financial Services शामिल हैं। इसके अलावा Bajaj Consumer Care, Aditya Birla Money, Elecon Engineering, Emmvee Photovoltaic Power, Billionbrains Garage Ventures, Hathway Cable & Datacom, Lloyds Metals and Energy, Mangalore Refinery and Petrochemicals और Leela Palaces Hotels & Resorts भी अपने तिमाही नतीजे जारी करने वाली हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख