मार्केट न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड August 24, 2026, 15:09 IST
सारांश
LT Foods के शेयर आज करीब 15 फीसदी की तेजी के साथ 490.65 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गए। KRBL के शेयरों में भी 9 फीसदी तक की तेजी देखी गई। इसके अलावा Chaman Lal Setia Exports के शेयर भी करीब 12 फीसदी बढ़कर 321 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गए हैं।

भारत दुनिया के सबसे बड़े चावल निर्यातकों में शामिल है।
चावल से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में आज 24 अगस्त को जोरदार तेजी नजर आ रही है। LT Foods, KRBL और Chaman Lal Setia Exports समेत कई राइस स्टॉक्स 15% तक उछल गए हैं। शेयरों में तेजी की बड़ी वजह ग्लोबल मार्केट में चावल की बढ़ती कीमतों और मजबूत मांग को माना जा रहा है। इसके अलावा बढ़ती लागत और मौसम से जुड़े जोखिमों ने भी निवेशकों का ध्यान चावल की कीमतों की ओर खींचा है।
LT Foods के शेयर आज करीब 15 फीसदी की तेजी के साथ 490.65 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गए। KRBL के शेयरों में भी 9 फीसदी तक की तेजी देखी गई। इसके अलावा Chaman Lal Setia Exports के शेयर भी करीब 12 फीसदी बढ़कर 321 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गए हैं। पिछले शुक्रवार को ग्लोबल मार्केट में चावल की कीमत एक दिन में करीब 4% बढ़ गई थी। वहीं, 24 अगस्त को घरेलू बाजार में चावल की कीमत करीब 4111 रुपये प्रति क्विंटल रही।
आज के कारोबार में डेयरी कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी का माहौल है। Milky Mist, Parag Milk Foods और Hatsun Agro जैसी कंपनियों के शेयर 6 फीसदी तक उछल गए हैं। रिपोर्ट लिखे जाने के समय Milky Mist का शेयर करीब 4 फीसदी बढ़कर 195.95 रुपये के भाव पर ट्रेड करता दिखा। इसके साथ ही Parag Milk Foods में 6.50 फीसदी और Hatsun Agro में 6.36 फीसदी की तेजी नजर आई।
भारत दुनिया के सबसे बड़े चावल निर्यातकों में शामिल है। ऐसे में घरेलू और ग्लोबल बाजार में चावल की कीमत बढ़ने का सीधा फायदा चावल निर्यात करने वाली कंपनियों को मिल सकता है। ऊंची कीमतों से कंपनियों की बिक्री और ऑपरेशनल रेवेन्यू बढ़ने की संभावना रहती है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, जून 2026 में भारत का चावल निर्यात सालाना आधार पर 16.48% बढ़कर करीब 1 अरब डॉलर हो गया। जून 2025 में यह करीब 86 करोड़ डॉलर था।
सोमवार को राइस स्टॉक्स में तेजी के पीछे एक बड़ी वजह एशियाई देशों में El Niño के संभावित असर को भी माना जा रहा है। मौसम में बदलाव से चावल की खेती और सप्लाई पर असर पड़ सकता है। इससे बाजार में सप्लाई कम होने की आशंका बढ़ती है और कीमतों को सपोर्ट मिल सकता है। भारत के अलावा थाईलैंड, वियतनाम और पाकिस्तान दुनिया के प्रमुख चावल निर्यातक देशों में शामिल हैं। वहीं, इंडोनेशिया, फिलीपींस, यूरोपीय संघ और अमेरिका बड़े चावल आयातकों में आते हैं।
शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (CBOT) पर रफ राइस फ्यूचर्स शुक्रवार को 4.1% बढ़कर 15.20 डॉलर प्रति 2,000 CWT के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। इससे पहले यह 14.60 डॉलर प्रति 2,000 CWT पर बंद हुआ था। पिछले पांच दिनों में ग्लोबल राइस की कीमत करीब 3.6% बढ़ी है। पिछले एक महीने में इसमें 5% से ज्यादा और तीन महीने में 13% से अधिक की तेजी आई है। पिछले छह महीनों में ग्लोबल राइस की कीमत करीब 43% बढ़ चुकी है।
बाजार में मजबूत मांग के साथ-साथ वेस्ट एशिया में जारी संघर्ष के कारण सप्लाई चेन में आई बाधाओं को भी कीमतों में तेजी की एक वजह माना जा रहा है। अगर ग्लोबल कीमतें ऊंची बनी रहती हैं और निर्यात मांग मजबूत रहती है, तो LT Foods, KRBL और अन्य राइस कंपनियों को आने वाले समय में इसका फायदा मिल सकता है। हालांकि, निवेशकों को कमोडिटी कीमतों, सरकारी नीतियों और मौसम से जुड़े जोखिमों पर भी नजर रखनी चाहिए।
LT Foods एक ग्लोबल कंज्यूमर-केंद्रित स्पेशलिटी फूड कंपनी है जो बासमती चावल, ऑर्गेनिक फूड और रेडी-टू-ईट/कुक (RTE/RTC) प्रोडक्ट्स में माहिर है। इसके मुख्य ब्रांड्स में भारत में 'दावत' (Daawat) और नॉर्थ अमेरिका में 'रॉयल' (Royal) शामिल हैं। कंपनी 80 से ज़्यादा देशों में मौजूद है और US, यूरोप जैसे क्षेत्रों में इसकी अच्छी-खासी मौजूदगी है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख