return to news
  1. Urban Company: FTSE इंडेक्स में शामिल होने से चहके निवेशक, 7% तक उछल गए शेयर

मार्केट न्यूज़

Urban Company: FTSE इंडेक्स में शामिल होने से चहके निवेशक, 7% तक उछल गए शेयर

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड August 24, 2026, 14:25 IST

सारांश

Urban Company का IPO सितंबर 2025 में आया था। इसके शेयर 103 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 57 फीसदी प्रीमियम के साथ 162.25 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे। कंपनी ने पब्लिक इश्यू के जरिए 1900 करोड़ रुपये जुटाया था।

Urban Company

FTSE ने Urban Company को FTSE Emerging Markets All Cap Index में शामिल किया है।

Urban Company: शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद आज 24 अगस्त को होम सर्विस देने वाली कंपनी Urban Company के शेयरों में तेजी है। आज के कारोबार में यह स्टॉक BSE पर करीब 7 फीसदी की बढ़त के साथ 172.30 रुपये प्रति शेयर के बाव पर पहुंच गया। इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 26,124.5 करोड़ रुपये हो गया है। इसका 52-वीक हाई 201 रुपये और 52-वीक लो 96.35 रुपये है।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

FTSE इंडेक्स में शामिल हुआ शेयर

शेयर में तेजी की बड़ी वजह FTSE का ताजा इंडेक्स बदलाव माना जा रहा है। ग्लोबल इंडेक्स प्रोवाइडर FTSE ने Urban Company के शेयरों को अपने तीन प्रमुख इंडेक्स में शामिल किया है। यह बदलाव 21 सितंबर 2026 से लागू होगा। FTSE ने Urban Company को FTSE Emerging Markets All Cap Index में शामिल किया है। इसके अलावा कंपनी का शेयर FTSE SmallCap Index और FTSE Global Total Cap Index में भी जोड़ा गया है। FTSE ने 21 अगस्त को इंडेक्स में शामिल और बाहर किए गए शेयरों की सूची जारी की थी। इन बदलावों में 4 सितंबर तक बदलाव किया जा सकता है। इसके बाद कोई बदलाव लागू नहीं किया जाएगा।

फंड्स से मिल सकता है फायदा

किसी कंपनी के शेयर के FTSE जैसे ग्लोबल इंडेक्स में शामिल होने से उसे बड़े फंड्स का फायदा मिल सकता है। इंडेक्स को ट्रैक करने वाले ग्लोबल और घरेलू ETF और पैसिव फंड अपने पोर्टफोलियो को नए इंडेक्स के हिसाब से री-बैलेंस करते हैं। ऐसे में Urban Company के शेयर में इन फंड्स की ओर से खरीदारी बढ़ सकती है। इसी उम्मीद के चलते निवेशकों का ध्यान कंपनी के शेयर पर गया है।

पहली तिमाही में कंपनी को नुकसान

Urban Company ने जुलाई के अंत में वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कंपनी को जून तिमाही में 92.12 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का नुकसान 6.94 करोड़ रुपये था।

हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का नुकसान कम हुआ है। वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी को 161.16 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ था। वहीं, पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 44% बढ़कर 528.34 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 367.27 करोड़ रुपये था।

कंपनी के India Consumer Services सेगमेंट का रेवेन्यू, InstaHelp को छोड़कर, सालाना आधार पर 31% बढ़कर 356 करोड़ रुपये रहा। वहीं, InstaHelp ने 2 अगस्त 2026 को एक ही दिन में 1 लाख ऑर्डर पूरे किए थे। हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि InstaHelp कारोबार का कंपनी के मार्जिन पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा प्रतिस्पर्धा, भारत में गिग वर्कर्स से जुड़े नियम और अलग-अलग क्षेत्रों में सर्विस पार्टनर्स की उपलब्धता भी कंपनी के लिए प्रमुख चुनौतियां हैं।

कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन

Urban Company के शेयरों ने पिछले कुछ समय में शानदार रिटर्न दिया है। पिछले 1 महीने में इसके शेयरों में 30 फीसदी की तेजी आ चुकी है। वहीं, पिछले 6 महीने में भी इसके शेयरों में 55 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। बता दें कि इस कंपनी का आईपीओ सितंबर 2025 में आया था। इसके शेयर 103 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 57 फीसदी प्रीमियम के साथ 162.25 रुपये के भाव पर लिस्ट हुए थे। कंपनी ने पब्लिक इश्यू के जरिए 1900 करोड़ रुपये जुटाया था।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख