return to news
  1. आज विशाल मेगा मार्ट के शेयर में इतनी तेजी क्यों आ गई? प्रमोटर के एक फैसले में छिपी है पूरी बात

मार्केट न्यूज़

आज विशाल मेगा मार्ट के शेयर में इतनी तेजी क्यों आ गई? प्रमोटर के एक फैसले में छिपी है पूरी बात

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड August 24, 2026, 13:56 IST

सारांश

विशाल मेगा मार्ट के शेयरों में सोमवार को 10% से ज्यादा की जोरदार तेजी देखने को मिली। कंपनी के शेयर ने 113.95 रुपये का अपर सर्किट छुआ और 115.40 रुपये तक पहुंच गया। गुनेन्द्र कपूर को अगले 5 साल के लिए दोबारा एमडी और सीईओ नियुक्त करने के फैसले से निवेशकों में भारी उत्साह है।

शेयर सूची

vishal-mega-mart-share-price-jumps-10-percent

विशाल मेगा मार्ट के शेयर में 10% से ज्यादा की तेजी के बाद कारोबारी हलचल।

कमजोर बाजार के बीच विशाल मेगा मार्ट के शेयरों में सोमवार यानी 24 अगस्त के दिन जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। BSE पर कंपनी का शेयर 10% का अपर सर्किट छूते हुए 113.95 रुपये पर पहुंच गया। अपर सर्किट लगने के बाद शेयर में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा और यह पिछले बंद भाव 103.60 रुपये के मुकाबले 11.40% चढ़कर 115.40 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। सुबह करीब 10:40 बजे शेयर 9.94% की तेजी के साथ 113.90 रुपये पर ट्रेड कर रहा था, जबकि उस समय सेंसेक्स 0.12% की मामूली बढ़त के साथ 77,636 पर था।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

गुनेन्द्र कपूर फिर बने कंपनी के MD और सीईओ

शेयर में आई इस बड़ी तेजी के पीछे कंपनी का एक महत्वपूर्ण फैसला है। 21 अगस्त को बाजार बंद होने के बाद विशाल मेगा मार्ट ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी थी कि कंपनी बोर्ड ने गुनेन्द्र कपूर को दोबारा मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर यानी सीईओ बनाने की मंजूरी दी है। नॉमिनेशन और रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश के आधार पर उनका यह नया कार्यकाल 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2031 तक यानी 5 सालों के लिए होगा। अब उनका पद फाउंडर, मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर रहेगा।

रिटेल और कंज्यूमर सेक्टर का लंबा अनुभव

एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार गुनेन्द्र कपूर के पास कंज्यूमर और रिटेल सेक्टर में मैनेजमेंट और इन्वेस्टमेंट का 42 साल से अधिक का लंबा अनुभव है। इससे पहले वह हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड, यूनिलीवर नाइजीरिया पीएलसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और टीपीजी कैपिटल जैसी बड़ी कंपनियों से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा कंपनी के बोर्ड ने कर्मचारियों के लिए विशाल मेगा मार्ट एम्प्लॉइज स्टॉक ऑप्शन प्लान 2019 के तहत 102.60 रुपये के एक्सरसाइज प्राइस पर पात्र कर्मचारियों को 4.68 करोड़ स्टॉक ऑप्शन देने की मंजूरी भी दी है।

शेयर का पिछला प्रदर्शन और 52 हफ्ते का रिकॉर्ड

अगर शेयर के पिछले प्रदर्शन की बात करें तो बीएसई पर विशाल मेगा मार्ट का शेयर बीते एक साल में लगभग 25% नीचे आया है, जबकि इस दौरान सेंसेक्स में 4.5% की गिरावट देखने को मिली है। इस साल 23 मार्च को शेयर ने 98.70 रुपये का 52 हफ्ते का निचला स्तर छुआ था, जबकि पिछले साल 26 अगस्त को यह 157.75 रुपये के 52 हफ्ते के उच्चतम स्तर पर था। हालांकि अगस्त महीने में अब तक शेयर लगभग 7% चढ़ चुका है और पिछले तीन महीनों से जारी गिरावट के सिलसिले को तोड़ने के लिए तैयार दिख रहा है।

ग्लोबल फाइनेंशियल फर्म मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि एमडी और सीईओ की 5 साल के लिए दोबारा नियुक्ति एक बड़ा पॉजिटिव ट्रिगर है, क्योंकि लीडरशिप को लेकर बना संशय अब खत्म हो गया है। मॉर्गन स्टेनली का कहना है कि मैनेजमेंट में स्थिरता आने से निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। कंपनी के लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद इसका वैल्यूएशन अन्य प्रतिस्पर्धी रिटेल कंपनियों के मुकाबले काफी आकर्षक और सस्ता नजर आ रहा है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख