return to news
  1. Maruti Suzuki से Eternal, Bandhan Bank और CEAT तक, Q4 नतीजों के बाद रॉकेट बने शेयर

मार्केट न्यूज़

Maruti Suzuki से Eternal, Bandhan Bank और CEAT तक, Q4 नतीजों के बाद रॉकेट बने शेयर

Shubham Singh Thakur

4 min read | अपडेटेड April 29, 2026, 11:51 IST

सारांश

Eternal ने मंगलवार को चौथी तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की। यह बढ़कर ₹174 करोड़ हो गया, जिसमें ज्यादा रेवेन्यू ग्रोथ का अहम योगदान रहा। कंपनी ने एक साल पहले ₹39 करोड़ का नेट प्रॉफ़िट दर्ज किया था।

Q4 results

Maruti Suzuki India का सालाना कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹14679.5 करोड़ रहा।

आज शेयर बाजार में शानदार तेजी नजर आ रही है। इसके पीछे एक अहम वजह कुछ बड़ी कंपनियों के बेहतर Q4 नतीजे हैं। आज के कारोबार में Maruti Suzuki India का शेयर 4.56 फीसदी उछलकर 13,476 रुपये प्रति शेयर के भाव पर पहुंच गया है। जोमैटो की पैरेंट कंपनी Eternal के शेयरों में भी करीब 5 फीसदी की बढ़त रही और यह 265.40 रुपये के भाव पर पहुंच गया।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

इसके अलावा Bandhan Bank के शेयर तो 12.05 फीसदी तक उछलकर 200.89 रुपये तक पहुंच गए। टायर बनाने वाली कंपनी CEAT के शेयरों में भी करीब 12 फीसदी की तेजी रही और यह 3,949.90 रुपये के भाव पर पहुंच गया। ये सभी वो शेयर हैं जिन्होंने कल यानी 28 अप्रैल को FY26 की जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। यहां हम समझेंगे कि इन शेयरों में तेजी की वजह क्या है।

Maruti Suzuki India

मारुति सुजुकी इंडिया ने FY26 में शानदार प्रदर्शन किया। कंपनी का सालाना कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹14679.5 करोड़ रहा, जो पिछले साल के ₹14500.2 करोड़ से करीब 1.24% ज्यादा है। इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह कंपनी की रिकॉर्ड बिक्री रही, जो 24.22 लाख यूनिट से ज्यादा पहुंच गई। GST रेट कम होने से गाड़ियों की मांग बढ़ी और इसका सीधा फायदा कंपनी को मिला।

कुल रेवेन्यू भी बढ़कर ₹1,83,316 करोड़ हो गया, जो पिछले साल ₹1,52,913 करोड़ था। घरेलू बाजार में कंपनी ने 19.74 लाख यूनिट बेचीं, जो अब तक की सबसे ज्यादा हैं। वहीं एक्सपोर्ट भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचकर 4.47 लाख यूनिट हो गया। इन सभी वजहों से शेयर में आज तेजी नजर आ रही है।

Eternal

Eternal ने मंगलवार को चौथी तिमाही में अपने कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की। यह बढ़कर ₹174 करोड़ हो गया, जिसमें ज्यादा रेवेन्यू ग्रोथ का अहम योगदान रहा। कंपनी ने एक साल पहले ₹39 करोड़ का नेट प्रॉफ़िट दर्ज किया था। रेवेन्यू में सालाना आधार पर 196% की बढ़ोतरी हुई। यह बढ़कर ₹17,292 करोड़ हो गया, जबकि एक साल पहले इसी दौरान यह ₹5,833 करोड़ था।

Blinkit ने इस तिमाही में बड़ा सुधार दिखाया है। इसने 37 करोड़ रुपये का EBITDA मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी समय 178 करोड़ रुपये का घाटा था। फूड डिलीवरी बिजनेस में भी सुधार दिखा है। इसकी कमाई 30% बढ़कर 3,125 करोड़ रुपये हो गई और ज्यादा ग्राहक प्लेटफॉर्म से जुड़े।

Bandhan Bank

बंधन बैंक के मुनाफे में मार्च तिमाही में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई और एसेट क्वालिटी में लगातार सुधार देखने को मिला। बैंक ने Q4FY26 के लिए 68 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी के साथ 534 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। इसकी मुख्य वजह कम क्रेडिट लागत और ज्यादा फीस से होने वाली आय थी, जबकि मुख्य आय में बढ़ोतरी मामूली रही। नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 1.4 फीसदी बढ़कर 2,795.4 करोड़ रुपये हो गई।

एसेट क्वालिटी में और सुधार हुआ है। दिसंबर तिमाही के 3.33 फीसदी के मुकाबले ग्रॉस NPA घटकर 3.27 फीसदी रह गया, जबकि नेट NPA तिमाही आधार पर 0.99 फीसदी से घटकर 0.97 फीसदी हो गया। कलेक्शन एफिशिएंसी बढ़कर 98.9 प्रतिशत हो गई, जो बेहतर रिकवरी को दिखाता है।

CEAT

CEAT ने मंगलवार को बताया कि मार्च तिमाही में मजबूत ग्रोथ के चलते उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दो गुना से ज्यादा बढ़कर ₹243.8 करोड़ हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹98.71 करोड़ था। कंपनी ने आगे बताया कि चौथी तिमाही में ऑपरेशन से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू ₹4,218.89 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी समय यह ₹3,420.62 करोड़ था। CEAT के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹35 प्रति शेयर के डिविडेंड को भी मंजूरी दी है।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख