return to news
  1. 22.19 गुना बोलियां, कुल डिमांड ₹7.4 लाख करोड़ के पार, Jio Platforms IPO ने तोड़े कई रिकॉर्ड्स

मार्केट न्यूज़

22.19 गुना बोलियां, कुल डिमांड ₹7.4 लाख करोड़ के पार, Jio Platforms IPO ने तोड़े कई रिकॉर्ड्स

Upstox

3 min read | अपडेटेड October 24, 2026, 13:48 IST

सारांश

Jio Platforms IPO: आईपीओ से जुटाई जाने वाली राशि में से 27,500 करोड़ रुपये तक का इस्तेमाल कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी रिलायंस जियो इन्फोकॉम के कर्ज चुकाने के लिए करेगी।

जियो प्लैटफॉर्म्स आईपीओ

जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को 22.19 गुना बोलियां मिलीं

रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलिकम्युनिकेशन एंड डिजिटल सर्विस कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को कुल 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। पब्लिक इश्यू और एंकर इन्वेस्टरों से कुल मांग 7.4 लाख करोड़ रुपये से अधिक रही, जबकि आवेदन करने वालों की संख्या रिकॉर्ड 1.39 करोड़ पर पहुंच गई। शेयर मार्केट के आंकड़ों के मुताबिक, इन्वेस्टरों ने इश्यू में रखे गए 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 438.3 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाईं। यह आंकड़ा शुक्रवार शाम 7 बजे तक का है। इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टरों की ओर से सबसे मजबूत मांग रही। पात्र संस्थागत खरीदारों (Qualified Institutional Buyer, QIB) की कैटेगरी में आरक्षित शेयरों के मुकाबले 70.55 गुना बोलियां मिलीं। नॉन-इंस्टीट्यूनल इन्वेस्टरों की कैटेगरी को 14 गुना और रिटेल कैटेगरी को 2.72 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। शेयरहोल्डरों के लिए रिजर्व्ड हिस्से को 7.60 गुना और कर्मचारियों के हिस्से को 2.93 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

पब्लिक इश्यू में एंकर निवेशकों को अलॉटेड शेयरों को शामिल किए बगैर 4.9 लाख करोड़ रुपये से अधिक की बोलियां मिलीं। रिटेल इन्वेस्टरों की ओर से 25,867 करोड़ रुपये से अधिक की मांग रही। आपको यहां बता दें कि कुल मांग इन्वेस्टरों द्वारा खरीदे जाने के लिए मांगे गए शेयरों के मूल्य को दर्शाती है, न कि कंपनी द्वारा जुटाई जाने वाली रकम को। बुधवार को खुले इस आईपीओ में आए 1.39 करोड़ आवेदनों की संख्या अक्टूबर, 2024 में वारी एनर्जीज के आईपीओ में दर्ज 97.34 करोड़ आवेदनों के पिछले भारतीय रिकॉर्ड को पार कर जाएगी।

पूरी तरह से फ्रेश इश्यू

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ पूरी तरह नए शेयरों का इश्यू है। कंपनी ने 1,065 से 1,119 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे में 27 करोड़ नए शेयर जारी किए हैं। ऊपरी मूल्य स्तर पर कंपनी करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाएगी और उसकी वैल्यूएशन लगभग 108 अरब डॉलर होगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज या कंपनी के अन्य मौजूदा शेयरहोल्डर्स इस इश्यू में अपने शेयर नहीं बेच रहे हैं। कंपनी ने आईपीओ खुलने के एक दिन पहले 19 अक्टूबर को 212 एंकर इन्वेस्टरों से करीब 8,110 करोड़ रुपये जुटाए थे। उन्हें 1,119 रुपये प्रति शेयर की दर से शेयर अलॉट किए गए थे।

IPO से जुटाए फंड का क्या करेगी कंपनी?

आईपीओ से जुटाई जाने वाली राशि में से 27,500 करोड़ रुपये तक का इस्तेमाल कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी रिलायंस जियो इन्फोकॉम के कर्ज चुकाने के लिए करेगी। बाकी फंड का इस्तेमाल टेक और डिजिटल सर्विसेज में निवेश सहित पूंजीगत खर्च और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज की 66.4% हिस्सेदारी है। कंपनी टेलिकम्युनिकेशन बिजनेस से आगे बढ़कर डिजिटल सर्विसेज, क्लाउड और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सेक्टर में विस्तार की योजना बना रही है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख