return to news
  1. M&M Q1 Results: जून तिमाही में मुनाफा 7% बढ़कर ₹3684.97 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू में भी 23% का उछाल

मार्केट न्यूज़

M&M Q1 Results: जून तिमाही में मुनाफा 7% बढ़कर ₹3684.97 करोड़ पर पहुंचा, रेवेन्यू में भी 23% का उछाल

Shubham Singh Thakur

3 min read | अपडेटेड July 30, 2026, 13:44 IST

सारांश

M&M Q1 Results: वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (Q1 FY27) में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 23% बढ़कर ₹41919.74 करोड़ हो गया। पिछले साल की इसी अवधि में यह ₹34,083 करोड़ था। नतीजों के बीच कंपनी के शेयरों में 0.62 फीसदी की तेजी देखी गई।

शेयर सूची

Mahindra & Mahindra

Mahindra & Mahindra ने अप्रैल-जून तिमाही में रेवेन्यू में 23 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है।

M&M Q1 Results: ऑटो सेक्टर की दिग्गज कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने FY27 की पहली तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 6.82 फीसदी बढ़कर 3684.97 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 3,449.84 करोड़ रुपये था। नतीजों के बीच कंपनी के शेयरों में 0.62 फीसदी की तेजी देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 3243.20 रुपये प्रति शेयर के भाव पर ट्रेड कर रहा था।
Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कैसे रहे नतीजे?

वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (Q1 FY27) में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 23% बढ़कर ₹41919.74 करोड़ हो गया। पिछले साल की इसी अवधि में यह ₹34,083 करोड़ था। कंसोलिडेटेड आधार पर महिंद्रा एंड महिंद्रा का नेट प्रॉफिट लगभग 34% बढ़कर ₹5,454.54 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹4,083.32 करोड़ था। वहीं कंसोलिडेटेड आधार पर ही रेवेन्यू 27% बढ़कर ₹57,533.44 करोड़ हो गया जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹45,435.88 करोड़ था।

ऑटोमोटिव और फार्म इक्विपमेंट (ट्रैक्टर और कृषि उपकरण) सेगमेंट ने कंपनी के इस बेहतरीन प्रदर्शन और रेवेन्यू ग्रोथ में सबसे अहम भूमिका निभाई है। तिमाही नतीजों के अलावा ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी 'महिंद्रा इन्वेस्टमेंट्स कंपनी (मॉरीशस) लिमिटेड' का महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड में विलय (Merger) करने की योजना को भी मंजूरी दी है।

अलग-अलग सेगमेंट का कैसा रहा प्रदर्शन

अप्रैल-जून 2026 तिमाही में महिंद्रा एंड महिंद्रा के अलग-अलग कारोबारों ने अच्छा प्रदर्शन किया। ऑटोमोबाइल कारोबार से कंपनी को 34,387.25 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि इस सेगमेंट का मुनाफा 2,644.72 करोड़ रुपये रहा। फार्म इक्विपमेंट (ट्रैक्टर) कारोबार से कंपनी ने 12,500.77 करोड़ रुपये की आय दर्ज की और इस सेगमेंट का मुनाफा 1,781.11 करोड़ रुपये रहा।

वहीं, फाइनेंशियल सर्विसेज कारोबार से 5,697.83 करोड़ रुपये की आय हुई, जबकि इस सेगमेंट का मुनाफा 1,223.60 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा इंडस्ट्रियल बिजनेस और कंज्यूमर सर्विसेज से कंपनी ने 7,200.72 करोड़ रुपये की आय हासिल की और इस सेगमेंट का मुनाफा 1,346.26 करोड़ रुपये रहा। कुल मिलाकर कंपनी के सभी प्रमुख कारोबारों ने पहली तिमाही में मजबूत प्रदर्शन किया।

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने बताया कि उसकी एसयूवी (SUV) गाड़ियों की मजबूत मांग ने पश्चिम एशिया (Middle East) युद्ध के कारण बढ़ी लागत के असर को काफी हद तक संभाल लिया। अप्रैल में महिंद्रा ने अपनी SUV और कमर्शियल व्हीकल्स की कीमतें भी बढ़ाई थीं, जिससे बढ़ती इनपुट लागत का दबाव कम करने में मदद मिली। कीमतें बढ़ाने के बावजूद ग्राहकों की मांग पर कोई खास असर नहीं पड़ा। कंपनी की तिमाही आय (Revenue) सालाना आधार पर 23% बढ़कर 41,920 करोड़ रुपये हो गई। महिंद्रा की बिक्री का बड़ा हिस्सा प्रीमियम SUV से आता है, जिससे उसे बेहतर मुनाफा मिलता है।

M&M ने नतीजों पर क्या कहा?

महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के ग्रुप CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अनीश शाह ने कहा कि चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल के बावजूद कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि कंपनी के विविध कारोबार और सही रणनीति की बदौलत अच्छे नतीजे मिले। ऑटो और फार्म बिजनेस ने अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखी, जबकि Tech Mahindra और Mahindra & Mahindra Financial Services (MMFSL) ने भी अपनी रणनीतिक योजनाओं पर अच्छी प्रगति की। वहीं, कंपनी के नए ग्रोथ बिजनेस ने भी तेज रफ्तार से विकास किया।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

अगला लेख