return to news
  1. जोमैटो की मूल कंपनी इटरनल का रेवेन्यू ₹20,000 करोड़ के पार, पहली तिमाही में हुई बंपर कमाई

मार्केट न्यूज़

जोमैटो की मूल कंपनी इटरनल का रेवेन्यू ₹20,000 करोड़ के पार, पहली तिमाही में हुई बंपर कमाई

विकास तिवारी

3 min read | अपडेटेड July 22, 2026, 15:50 IST

सारांश

जोमैटो नाम से जानी जाने वाली कंपनी इटरनल लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जून 2026 को समाप्त इस तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 92 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

शेयर सूची

Eternal-q1-2027-result

Eternal ने तिमाही नतीजे जारी कर दिए हैं। Image: Shutterstock

जोमैटो नाम से जानी जाने वाली कंपनी इटरनल लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून 2026 के अपने कंसोलिडेटेड नतीजे घोषित कर दिए हैं। 22 जुलाई 2026 को हुई बोर्ड मीटिंग में इन वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी गई। कंपनी ने पहली तिमाही के दौरान अपने नेट प्रॉफिट और ऑपरेशन से रेवेन्यू दोनों में बहुत बड़ी बढ़त दर्ज की है। कंपनी के इस शानदार प्रदर्शन में क्विक कॉमर्स सेगमेंट का सबसे बड़ा योगदान रहा है, जिससे कंपनी की कुल कमाई में भारी उछाल आया है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

नेट प्रॉफिट और रेवेन्यू में बड़ा उछाल

इटरनल लिमिटेड द्वारा जारी किए गए कंसोलिडेटेड आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 92 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बीते वित्त वर्ष की इसी पहली तिमाही में कंपनी को 25 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। इस तरह कंपनी के नेट प्रॉफिट में करीब 268% का बड़ा उछाल देखने को मिला है।

कंपनी के रेवेन्यू के मोर्चे पर भी बहुत बड़ा सुधार हुआ है। पहली तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 182% से ज्यादा बढ़कर 20,211 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को केवल 7,167 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला था। कंपनी की कुल इनकम भी पिछले साल के 7,521 करोड़ रुपये से उछलकर इस बार 20,586 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गई है। टैक्स भुगतान से पहले कंपनी का प्रॉफिट यानी PBT 272 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।

अलग अलग बिजनेस से कितनी हुई कमाई

कंपनी के अलग अलग सेगमेंट के प्रदर्शन पर नजर डालें तो ब्लिंकिट वाले क्विक कॉमर्स बिजनेस का जलवा सबसे ज्यादा देखने को मिला है। क्विक कॉमर्स सेगमेंट से कंपनी का रेवेन्यू इस तिमाही में बढ़कर 15,664 करोड़ रुपये हो गया है, जो पिछले साल इसी दौरान केवल 2,400 करोड़ रुपये था।

इसके अलावा इंडिया फूड ऑर्डरिंग एंड डिलीवरी बिजनेस से कंपनी को 3,100 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ है, जबकि पिछले साल की पहली तिमाही में यह आंकड़ा 2,261 करोड़ रुपये था। हाइपरप्योर सप्लाइज यानी B2B बिजनेस से कंपनी को 1,034 करोड़ रुपये का रेवेन्यू मिला है। वहीं गोइंग आउट सेगमेंट से रेवेन्यू बढ़कर 318 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो बीते साल इसी अवधि में 207 करोड़ रुपये रहा था।

35 करोड़ रुपये की बिजनेस डील का ऐलान

तिमाही नतीजों के साथ ही कंपनी के बोर्ड ने एक बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट को भी हरी झंडी दी है। कंपनी अपने 'नगेट बाय जोमैटो' बिजनेस को अपनी शत प्रतिशत मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी कारथेरो टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को ट्रांसफर करने जा रही है। यह ट्रांसफर 35 करोड़ रुपये के नकद कंसीडरेशन पर किया जाएगा। कंपनी ने बताया कि यह फैसला अपने कॉर्पोरेट स्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए इंटरनल रीस्ट्रक्चरिंग के तहत लिया गया है। कंपनी ने अपनी 16वीं एनुअल जनरल मीटिंग यानी AGM की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। यह बैठक 26 अगस्त 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

विकास तिवारी
Vikash Tiwary is a finance journalist with 6+ years of newsroom experience. He is currently growing Upstox Hindi, crafting data-driven stories on stocks, personal finance, mutual funds, and global markets, while exploring how AI can simplify finance. His work spans Zee Business, TV9 Bharatvarsh, ABP News, India TV, and Inshorts. He also holds NISM certification.

अगला लेख