return to news
  1. NSE के IPO को आखिरकार मंजूरी, SEBI ने जारी किया ऑब्जर्वेशन लेटर

मार्केट न्यूज़

NSE के IPO को आखिरकार मंजूरी, SEBI ने जारी किया ऑब्जर्वेशन लेटर

Upstox

3 min read | अपडेटेड September 04, 2026, 17:55 IST

सारांश

बता दें कि आज 4 सितंबर को जारी ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट्स की प्रोसेसिंग स्टेटस के अनुसार NSE के अलावा मार्केट रेगुलेटर ने RKB ग्लोबल, मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) और कॉस्मिक PV पावर के IPO प्लान को भी मंजूरी दी है।

NSE IPO

SEBI ने आज 4 सितंबर को NSE को अपना ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। दरअसल, मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने इस आईपीओ को हरी झंडी दिखा दी है। रेगुलेटर ने आज 4 सितंबर को एक्सचेंज को अपना ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया। इस मंजूरी से NSE के लिए एक बड़ी बाधा दूर हो गई है। NSE ने 17 जून 2026 को SEBI के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया था। इससे पहले रेगुलेटरी दिक्कतों के कारण NSE की लिस्टिंग लगभग एक दशक तक रुकी हुई थीं।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

कब हो सकती है लिस्टिंग?

प्रमुख बिजनेस वेबसाइट CNBC-TV18 ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार तक RHP फाइलिंग हो सकती है, 11 सितंबर को प्राइस बैंड की घोषणा हो सकती है। लिस्टिंग के लिए 25 सितंबर की तारीख पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इन तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बता दें कि आज 4 सितंबर को जारी ड्राफ्ट ऑफर डॉक्यूमेंट्स की प्रोसेसिंग स्टेटस के अनुसार NSE के अलावा मार्केट रेगुलेटर ने RKB ग्लोबल, मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) और कॉस्मिक PV पावर के IPO प्लान को भी मंजूरी दी है।

पूरी तरह OFS होगा इश्यू

NSE के IPO में कुल 14.89 करोड़ शेयर OFS के जरिए बेचे जाएंगे। इसमें कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं करेगी। यानी IPO से मिलने वाला पैसा सीधे NSE के पास नहीं जाएगा, बल्कि मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचकर पैसा जुटाएंगे। IPO के बाद NSE के शेयर BSE पर लिस्ट होंगे।

इस OFS में SBI, SBI Capital Markets, MS Strategic (Mauritius), Canada Pension Plan Investment Board, Aranda Investments, Stock Holding Corporation of India, Bank of Baroda, The New India Assurance Company, United India Insurance Company, General Insurance Corporation of India और National Insurance Company जैसे मौजूदा शेयरधारक शामिल हैं।

₹30,000 करोड़ का हो सकता है IPO

मार्केट में चल रहे अनुमानों के मुताबिक NSE IPO का साइज करीब ₹30,000 करोड़ हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय कैपिटल मार्केट के सबसे बड़े पब्लिक इश्यू में से एक बन सकता है।

कंपनी के मुताबिक, NSE की शेयर बाजार में लिस्टिंग से उसकी विजिबिलिटी और ब्रांड इमेज बेहतर हो सकती है। इसके अलावा मौजूदा शेयरधारकों को अपने शेयर बेचने के लिए एक सार्वजनिक बाजार मिलेगा और शेयरों में लिक्विडिटी बढ़ सकती है।

SEBI को किया ₹714.74 करोड़ का भुगतान

NSE ने जुलाई में SEBI को ₹714.74 करोड़ की आखिरी किस्त का भुगतान किया था। इससे पहले NSE को को-लोकेशन और डार्क फाइबर मामलों को निपटाने के लिए SEBI की सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी। इन मामलों के सेटलमेंट की कुल राशि ₹1,491.21 करोड़ थी।

NSE IPO के लिए कई बड़े निवेश बैंक और वित्तीय संस्थान बुक-रनिंग लीड मैनेजर के तौर पर काम कर रहे हैं। इनमें Kotak Mahindra Capital Company, Citigroup Global Markets India, Morgan Stanley India Company, JM Financial, HSBC Securities and Capital Markets India, JP Morgan India, Axis Capital, Avendus Capital, SBI Capital Markets, ICICI Securities, IIFL Capital Services, HDFC Bank और Motilal Oswal Investment Advisors समेत कई नाम शामिल हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख