बिजनेस न्यूज़
.png)
4 min read | अपडेटेड November 25, 2026, 15:57 IST
सारांश
FSSAI के CEO रजित पुनहानी ने बुधवार को बताया कि देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल इकट्ठा करने का काम शुरू हो चुका है। इनकी लैब में जांच पूरी होने में करीब एक से दो महीने का समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि भारत बहुत बड़ा देश है और अलग-अलग जगहों से सैंपल जुटाकर उनकी जांच करने में समय लगेगा।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) देशभर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल इकट्ठा कर रहा है।
अगर आप भी रोजाना बोतलबंद पानी यानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर खरीदकर पीते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। देश में बिकने वाले पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता की अब बड़े स्तर पर जांच होने जा रही है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) देशभर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल इकट्ठा कर रहा है। इन सभी सैंपल की लैब में जांच की जाएगी। यह कदम तब उठाया गया है, जब देश की बड़ी पैकेज्ड वॉटर कंपनियों में शामिल Bisleri के पानी का एक सैंपल लैब टेस्ट में फेल हो गया।
FSSAI के CEO रजित पुनहानी ने बुधवार को बताया कि देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल इकट्ठा करने का काम शुरू हो चुका है। इनकी लैब में जांच पूरी होने में करीब एक से दो महीने का समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि भारत बहुत बड़ा देश है और अलग-अलग जगहों से सैंपल जुटाकर उनकी जांच करने में समय लगेगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पानी की जांच किसी एक कंपनी को निशाना बनाकर नहीं की जा रही है। यह खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों की सेहत सुरक्षित रखने के लिए FSSAI की नियमित जांच प्रक्रिया का हिस्सा है।
इस पूरे मामले की शुरुआत Bisleri International के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के एक सैंपल से हुई। FSSAI ने कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल लिया था। जांच में यह सैंपल तय मानकों के मुताबिक नहीं पाया गया। इसमें ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया।
कंपनी ने इस जांच के नतीजे पर अपील की थी। इसके बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां भी पानी को असुरक्षित पाया गया। दूसरी जांच में इसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। ये ऐसे रासायनिक पदार्थ हैं, जिनकी मौजूदगी खाद्य सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय हो सकती है। इन जांच नतीजों के आधार पर FSSAI ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत Bisleri International के खिलाफ अभियोजन यानी कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है।
FSSAI की कार्रवाई के बाद Bisleri International ने सोमवार को कहा कि उसका पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी। वहीं, FSSAI के सीईओ ने कहा कि कंपनी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया सामान्य प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ेगी।
FSSAI सिर्फ पानी की ही नहीं, बल्कि खाने-पीने की चीजों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री की भी जांच शुरू करने वाला है। नियामक यह देखेगा कि खाने की चीजों को पैक करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मटेरियल फूड ग्रेड है या नहीं। यानी वह सामग्री खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने के लिए सुरक्षित है या नहीं।
पुनहानी ने बताया कि FSSAI पिछले एक साल में दूध, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक और मीठे पेय पदार्थों की भी जांच कर चुका है। इसके अलावा भ्रामक विज्ञापनों और खाद्य उत्पादों के लेबल पर किए जाने वाले गलत दावों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अब पानी और पैकेजिंग सामग्री की जांच इसी अभियान का हिस्सा है। इस जांच में अगर किसी कंपनी के सैंपल फेल होते हैं और नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख