return to news
  1. दिवाली पर खरीदना है सपनों का घर? जान लें किस बैंक में मिल रहा है सबसे सस्ता होम लोन

पर्सनल फाइनेंस

दिवाली पर खरीदना है सपनों का घर? जान लें किस बैंक में मिल रहा है सबसे सस्ता होम लोन

Upstox

3 min read | अपडेटेड November 05, 2026, 16:58 IST

सारांश

दिवाली से पहले घर खरीदारों के लिए बैंकों ने होम लोन की आकर्षक दरें पेश की हैं। सरकारी बैंकों में बैंक ऑफ महाराष्ट्र और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 7.25% की सबसे कम शुरुआती दर दे रहे हैं। प्राइवेट में HSBC 7.45% और हाउसिंग कंपनियों में LIC 7.40% से लोन दे रही है।

home-loan-interest-rates

दिवाली से पहले होम लोन की ब्याज दरों में भारी अंतर, 7.25% से शुरू हो रही हैं दरें।

आगामी 8 नवंबर को आने वाले दिवाली के त्योहार को देखते हुए घर खरीदने की सोच रहे लोगों के लिए यह अच्छा अवसर हो सकता है। त्योहारी सीजन में लोग अपने सपनों का घर खरीदने के लिए फाइनेंस के विभिन्न विकल्पों का आकलन कर रहे हैं। इस समय प्रॉपर्टी डेवलपर्स कई फेस्टिव ऑफर्स दे रहे हैं, लेकिन किसी भी लंबे वित्तीय फैसले से पहले होम लोन की ब्याज दरों को समझना जरूरी है। वर्तमान में कुछ सरकारी बैंकों में होम लोन की ब्याज दरें 7.25% सालाना से शुरू हो रही हैं। हालांकि अलग-अलग बैंकों, लोन राशि और ग्राहक के प्रोफाइल के आधार पर ब्याज दरों में बड़ा अंतर देखने को मिलता है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

सरकारी बैंकों में 7.25% से शुरू हो रहा होम लोन

सरकारी बैंकों में बैंक ऑफ महाराष्ट्र और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया सबसे कम ब्याज दर की पेशकश कर रहे हैं। दोनों बैंकों में शुरुआती दर 7.25% सालाना है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र की दरें 7.25 से 9.90% और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की दरें 7.25 से 9.40% के बीच हैं। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन बैंक 7.35% की शुरुआती दर दे रहे हैं, जहां बैंक ऑफ इंडिया की दरें 10.50% तक जाती हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा, यूको बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में दरें 7.40% से शुरू होती हैं, जिसमें बैंक ऑफ बड़ौदा की दरें 9.40% तक हैं। वहीं देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई में शुरुआती दर 7.50% है, जो 8.80% तक जाती है।

प्राइवेट बैंकों में एचएसबीसी और कोटक आगे

निजी क्षेत्र के बैंकों में एचएसबीसी सबसे कम दरों की पेशकश कर रहा है, जहां होम लोन की शुरुआती दर 7.45% सालाना है। इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक 7.60% की शुरुआती दर पर लोन दे रहा है। फेडरल बैंक में ब्याज दरें 7.50 से 9.25% के दायरे में हैं। वहीं दिग्गज प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक में होम लोन की दरें 8% से शुरू होती हैं। एक्सिस बैंक में भी दरें 8% से शुरू होकर 9.10% तक जाती हैं। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक 8.75% की शुरुआती दर पर लोन दे रहा है। वहीं बंधन बैंक में लोन की दरें 8.80% से 13.77% तक हैं, जो ग्राहक प्रोफाइल पर निर्भर करती हैं।

हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों के क्या हैं ताजा रेट?

बैंकों के अलावा घर खरीदार हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों के विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं। लिस्टेड हाउसिंग फाइनेंस कंपनियों में एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस सबसे कम 7.40% सालाना की दर से होम लोन दे रही है। इसके बाद बजाज हाउसिंग फाइनेंस और आईसीआईसीआई होम फाइनेंस 7.50% की शुरुआती ब्याज दर पर लोन दे रहे हैं। वहीं गोदरेज हाउसिंग फाइनेंस में शुरुआती दरें 7.65% हैं, जबकि आदित्य बिड़ला कैपिटल में होम लोन की दरें 7.87% से शुरू होती हैं। इन कंपनियों की दरें भी बैंकों की तरह ही काफी प्रतिस्पर्धी बनी हुई हैं।

लोन लेने से पहले क्रेडिट स्कोर

त्योहारी सीजन में डेवलपर्स के आकर्षक ऑफर्स भले ही अच्छे लगें, लेकिन लोन एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने से पहले पूरी लागत का हिसाब लगाना चाहिए। बैंक और वित्तीय संस्थान ब्याज दर तय करते समय ग्राहक के क्रेडिट स्कोर, आय, मौजूदा देनदारियों और पुराने रीपेमेंट रिकॉर्ड को देखते हैं।

(डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें।)

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख

End of additional stories