return to news
  1. VB–G RAM G के तहत अब 375 तरह के काम, गांवों में रोजगार के साथ विकास को मिलेगी नई रफ्तार

पर्सनल फाइनेंस

VB–G RAM G के तहत अब 375 तरह के काम, गांवों में रोजगार के साथ विकास को मिलेगी नई रफ्तार

Upstox

4 min read | अपडेटेड October 06, 2026, 12:31 IST

सारांश

नई सूची में Water Security यानी जल सुरक्षा को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है। इसके तहत कुल 128 तरह के काम शामिल हैं। इनमें चेक डैम, गली प्लग, अंडरग्राउंड डाइक, रिचार्ज शाफ्ट, इंजेक्शन वेल, नदियों और नालों का पुनर्जीवन तथा जलभराव वाली जमीन को उपयोगी बनाने जैसे काम शामिल हैं।

VB–G RAM G

नई व्यवस्था में Livelihood-related Infrastructure के तहत 98 काम रखे गए हैं।

ग्रामीण विकास मंत्रालय ने विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G Act, 2025 के तहत किए जा सकने वाले कामों की नई सूची जारी की है। इसमें कुल 375 तरह के काम शामिल किए गए हैं। यह संख्या पिछली व्यवस्था के 266 कामों के मुकाबले करीब 41% ज्यादा है। नई व्यवस्था का मकसद सिर्फ ग्रामीण लोगों को रोजगार देना नहीं, बल्कि ऐसे स्थायी ग्रामीण परिसंपत्तियां तैयार करना है, जिनसे गांवों में लंबे समय तक विकास और आजीविका के अवसर बढ़ सकें।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

पानी से जुड़े कामों को सबसे ज्यादा जगह

नई सूची में Water Security यानी जल सुरक्षा को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है। इसके तहत कुल 128 तरह के काम शामिल हैं। इनमें चेक डैम, गली प्लग, अंडरग्राउंड डाइक, रिचार्ज शाफ्ट, इंजेक्शन वेल, नदियों और नालों का पुनर्जीवन तथा जलभराव वाली जमीन को उपयोगी बनाने जैसे काम शामिल हैं। खेतों में पानी पहुंचाने वाली नहरों की मरम्मत के साथ ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई, छत से बारिश का पानी जमा करने की व्यवस्था और टांका भी इसमें शामिल हैं। इसके अलावा पानी संरक्षण के लिए आइस स्तूप और आर्टिफिशियल ग्लेशियर जैसे नए उपाय भी सूची में रखे गए हैं।

गांवों के बुनियादी ढांचे पर भी जोर

Core Rural Infrastructure के तहत 111 काम शामिल हैं। इनमें सोलर स्ट्रीट लाइट, कचरे से उपयोगी चीजें बनाने वाले प्लांट, ग्रे-वॉटर ट्रीटमेंट यूनिट, कचरा अलग करने वाले शेड, ग्रामीण पुस्तकालय, पशु चिकित्सा और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर तथा युवाओं के लिए मल्टीपर्पज सेंटर शामिल हैं। सरकारी स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का निर्माण भी इस सूची में है। जल जीवन मिशन के तहत बनी ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था की मरम्मत और रखरखाव को भी इसमें जगह दी गई है।

खेती और ग्रामीण रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

नई व्यवस्था में Livelihood-related Infrastructure के तहत 98 काम रखे गए हैं। इनमें कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन, सफाई, ग्रेडिंग और पैकेजिंग यूनिट, कोल्ड स्टोरेज, मिनी फ्लोर मिल, मंडी, डेयरी इंफ्रास्ट्रक्चर, मशरूम शेड, रेशम उत्पादन शेड, पॉलीहाउस और एक्वाकल्चर से जुड़ी संरचनाएं शामिल हैं। स्वयं सहायता समूहों के लिए वर्कशेड, SHE Marts, फेडरेशन बिल्डिंग और स्किल डेवलपमेंट सेंटर भी बनाए जा सकेंगे। आजीविका से जुड़े कामों का हिस्सा अब कुल सूची का 26% है, जबकि पुराने ढांचे में यह सिर्फ 1.1% था।

आपदा और मौसम से बचाव के लिए 38 काम

पहली बार Disaster Preparedness और Extreme Weather Events के लिए अलग श्रेणी बनाई गई है। इसमें 38 काम शामिल हैं। बाढ़ राहत केंद्र, रिटेनिंग वॉल, तटबंध मजबूत करना, बाढ़ से बचाव के काम, आपदा के बाद ग्रामीण सड़कों और सामुदायिक संपत्तियों की मरम्मत तथा जंगलों में आग से बचाव के उपाय इसमें शामिल हैं। इसका उद्देश्य बाढ़, चक्रवात, तूफान, सूखा, भूस्खलन और जंगल की आग जैसी घटनाओं से गांवों को अधिक सुरक्षित बनाना है।

किसान, महिलाएं और कमजोर परिवारों पर फोकस

नई सूची में 181 काम कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों के हैं। इनमें 52 ऐसे काम हैं जिनका सीधा लाभ व्यक्तिगत लाभार्थियों को मिल सकता है। वहीं 107 काम Antyodaya और कमजोर परिवारों के लिए हैं। इनमें घर, स्वच्छता, ऊर्जा, सिंचाई, पौधरोपण और पशु शेड जैसी सुविधाएं शामिल हैं। महिलाओं और युवाओं के लिए भी 36-36 काम रखे गए हैं।

ग्राम सभा तय करेगी काम

VB-G RAM G के तहत काम स्थानीय जरूरतों के आधार पर Viksit Gram Panchayat Plans के जरिए तय होंगे और ग्राम सभा से मंजूरी ली जाएगी। डिजिटल सिस्टम के जरिए इन कामों की निगरानी भी होगी। कुल मिलाकर नई व्यवस्था रोजगार को सिर्फ मजदूरी तक सीमित रखने के बजाय जल सुरक्षा, खेती, ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, आजीविका, आपदा से सुरक्षा और समावेशी विकास से जोड़ने की कोशिश है।

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख