पर्सनल फाइनेंस
.png)
4 min read | अपडेटेड November 20, 2026, 14:10 IST
सारांश
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने वाहनों के PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत छह साल तक पुराने BS-6 प्राइवेट वाहनों को तीन साल की वैलिडिटी मिलेगी, जबकि BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों को हर तीन महीने में सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।

सरकार ने वाहनों के प्रदूषण स्तर की जांच वाले PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी के नियमों में बदलाव कर दिया है।
देश में गाड़ी चलाने वालों के लिए पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल यानी PUC सर्टिफिकेट से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को एक नोटिफिकेशन जारी कर सेंट्रल मोटर व्हीकल्स रूल्स 1989 के नियम 115 में संशोधन किया है। इसके तहत सेंट्रल मोटर व्हीकल्स सिक्स्थींथ अमेंडमेंट रूल्स 2026 को लागू किया गया है। PUC सर्टिफिकेट एक आधिकारिक दस्तावेज है, जो पुष्टि करता है कि वाहन से निकलने वाला प्रदूषण तय सीमा के भीतर है। इस बदलाव से नई BS-6 प्राइवेट गाड़ियों के मालिकों को लंबी वैलिडिटी का फायदा मिलेगा, जबकि पुराने एमिशन स्टैंडर्ड वाले वाहनों को अब ज्यादा बार सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
पहले के नियमों के मुताबिक BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट छह महीने तक वैलिड रहता था, जबकि BS-4 और BS-6 वाहनों के लिए यह अवधि 12 महीने थी। अब संशोधित नियमों में सर्टिफिकेट की वैलिडिटी को वाहन के भारत स्टेज एमिशन स्टैंडर्ड, उसकी उम्र और वाहन के प्राइवेट या ट्रांसपोर्ट कैटेगरी में होने से जोड़ दिया गया है। वाहन की उम्र उसके पहले रजिस्ट्रेशन की तारीख से गिनी जाएगी। नए शेड्यूल के अनुसार BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों को अब हर तीन महीने में PUC रिन्यू कराना होगा, वहीं BS-4 वाहनों के लिए यह अवधि छह महीने तय की गई है।
नए नियमों में BS-6 वाहनों को उम्र के हिसाब से तीन हिस्सों में बांटा गया है। छह साल तक पुराने BS-6 प्राइवेट वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट अब तीन साल तक वैलिड रहेगा। छह साल से अधिक और दस साल तक पुराने BS-6 प्राइवेट वाहनों को एक साल की वैलिडिटी मिलेगी, जबकि दस साल से ज्यादा पुराने प्राइवेट वाहनों को हर छह महीने में सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। दूसरी तरफ छह साल तक पुराने BS-6 ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए सर्टिफिकेट दो साल, छह से दस साल पुराने वाहनों के लिए एक साल और दस साल से अधिक पुराने ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए छह महीने तक मान्य रहेगा।
मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की वैलिडिटी अपने आप नहीं बढ़ेगी और पुराने सर्टिफिकेट पर छपी एक्सपायरी डेट ही मान्य रहेगी। 13 नवंबर के बाद जब वाहन मालिक पहली बार सर्टिफिकेट रिन्यू कराएंगे, तब से उन पर नया शेड्यूल लागू होगा। वैलिडिटी में किसी गैप से बचने के लिए रिन्यूअल के समय का ध्यान रखना भी जरूरी है। अगर आप मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी डेट से दस दिन पहले के भीतर इसे रिन्यू कराते हैं, तो नया सर्टिफिकेट पुरानी एक्सपायरी डेट से प्रभावी होगा। वहीं एक्सपायरी के बाद रिन्यू कराने पर यह रिन्यूअल की तारीख से ही लागू माना जाएगा।
हर वाहन के लिए राज्य सरकार द्वारा अधिकृत एजेंसी से जारी वैलिड PUC सर्टिफिकेट साथ रखना अनिवार्य है। सर्टिफिकेट बनवाने की फीस राज्य, ईंधन के प्रकार जैसे पेट्रोल, डीजल या सीएनजी और वाहन की कैटेगरी यानी दोपहिया या कार के हिसाब से अलग होती है। मोटर व्हीकल्स एक्ट 1988 की धारा 190 सब-सेक्शन 2 के तहत प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने पर कड़े दंड का प्रावधान है। पहली बार नियम तोड़ने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना और तीन महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस अयोग्य घोषित किया जा सकता है। दूसरी या उसके बाद की गलती पर छह महीने तक की जेल, 10,000 रुपये तक जुर्माना या दोनों सजा हो सकती है।
संबंधित समाचार
लेखकों के बारे में
.png)
अगला लेख